-अहमदाबाद शहर क्राइम ब्रांच ने जारी किया वॉट्सएप नंबर
अहमदाबाद. शहर के वस्त्राल इलाके में होली के त्योहार के समय असामाजिक तत्वों की ओर से मचाए आतंक के बाद शहर पुलिस जागी है।
शहर में किसी भी जगह ऐसे असामाजिक तत्वों की ओर से लोगों को परेशान किए जाने की घटना होती है तो लोग बिना किसी संकोच के इसकी जानकारी शहर पुलिस को अब वॉट्सएप पर भी दे सकेंगे। इसके लिए अहमदाबाद शहर पुलिस ने वॉट्सएप नंबर -6359625365 भी जारी किया है। लोगों से अपील की है कि वे असामाजिक तत्वों के बारे में जानकारी इस नंबर पर दें। ऐसी जानकारी देने वाले व्यक्ति के नाम और पते व अन्य जानकारी को गुप्त रखा जाएगा। उनकी ओर से दी गई जानकारी की पुष्टि करते हुए असामाजिक तत्वों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
वस्त्राल की घटना के बाद डीजीपी विकास सहाय ने 100 घंटे में असामाजिक तत्वों की सूची बनाने और उसके आधार पर ऐसे तत्वों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करने का निर्देश दिया था। इस पर क्राइम ब्रांच ने 1100 असामाजिक तत्वों की सूची बनाई है। इन में से दो दिनों में 150 असामाजिक तत्वों को हिरासत में लेकर उन पर कार्रवाई भी की गई है। उनसे उनके मौजूदा कामकाज, उपस्थिति के संदर्भ में पूछताछ भी की गई है।