bell-icon-header
विदेश

येवगेनी प्रिगोझिन के अंत के बाद क्या खत्म हो जाएगी वैगनर आर्मी? जानिए क्या हो सकता है इस किराए की आर्मी के साथ

Future Of Wagner Army: वैगनर आर्मी के चीफ येवगेनी प्रिगोझिन का अंत हो चुका है। ऐसे में मन में यह सवाल आना लाज़िमी है कि अब वैगनर आर्मी का क्या होगा?

Aug 24, 2023 / 12:52 pm

Tanay Mishra

Wagner Soldiers

रूस (Russia) के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन (Vladimir Putin) के खिलाफ बगावत करने वाले वैगनर आर्मी (Wagner Army) के चीफ येवगेनी प्रिगोझिन (Yevgeny Prigozhin) का अंत हो गया है। पिछली देर रात रूस में एक प्राइवेट प्लेन क्रैश में प्रिगोझिन की मौत हो गई। प्लेन में प्रिगोझिन समेत 10 लोग सवार थे और सभी की मौत हो गई है। कई लोग प्रिगोझिन की मौत को हत्या भी बता रहे हैं और इसके पीछे पुतिन का हाथ बता रहे हैं। हालांकि इसकी पुष्टि अभी नहीं हुई है। प्रिगोझिन के अंत के बाद मन में कई सवाल आते हैं, जिनमें से एक सवाल है वैगनर आर्मी के भविष्य के बारे में। मन में यह सवाल आना लाज़िमी है कि प्रिगोझिन के बाद उसकी किराये की आर्मी के साथ क्या होगा?


क्या हो सकता है वैगनर आर्मी के साथ?

प्रिगोझिन के खात्मे के बाद उसकी वैगनर आर्मी के साथ क्या हो सकता है? हालांकि क्या होगा, इस बारे में अभी कुछ भी कहना जल्दी होगा। पर आइए कुछ संभावनाओं पर नज़र डालते हैं।

1) वैगनर आर्मी का अंत

प्रिगोझिन के बाद उसकी वैगनर आर्मी का भी अंत हो सकता है। रूस के खिलाफ बगावत कर चुकी वैगनर आर्मी पर भरोसा करना पुतिन के लिए इतना आसान नहीं होगा और इस वजह से उसका अंत किया जा सकता है।

2) रुस की सेना में एंट्री

भले ही पुतिन के लिए वैगनर आर्मी पर भरोसा करना मुश्किल हो, पर पुतिन वैगनर लड़ाकों की काबिलियत से वाकिफ हैं। वैगनर आर्मी ने कई जंगों में रूस के लिए अहम भूमिका निभाई है। ऐसे में वैगनर आर्मी के इच्छुक लड़ाकों को रूस की सेना में एंट्री दी जा सकती है जिससे रूस की सेना की शक्ति बढ़े।

3) सामान्य ज़िंदगी

प्रिगोझिन के बाद वैगनर आर्मी के लड़ाके सामान्य ज़िंदगी जीने के लिए मजबूर भी हो सकते हैं। इसके लिए उन्हें हिंसा से दूर रहते हुए सामान्य ज़िंदगी से जुडी गतिविधियों में हिस्सा लेना पड़ेगा।

4) नया लीडर

नया लीडर पुतिन जानते हैं कि वैगनर आर्मी उनके लिए काफी काम की साबित हो सकती है। ऐसे में प्रिगोझिन के अंत के बाद उसकी आर्मी के लिए एक नया लीडर नियुक्त किया जा सकता है। हालांकि यह कहा नहीं जा सकता कि वह कौन होगा और वैगनर आर्मी को संभाल पाएगा या नहीं। पर पुतिन अपने वफादार को वैगनर आर्मी का लीडर बनाकर अपनी सेना की शक्ति ज़रूर बढ़ाना चाहेंगे।

5) देश छोड़कर भागना

पुतिन के खिलाफ बगावत के खत्म होने के बाद वैगनर आर्मी के कई सैनिक रूस छोड़कर बेलारूस चले गए थे। पर अब उनमें से कई सैनिक बेलारूस छोड़कर भी जा रहे हैं। ऐसे में बड़ी तादाद में वैगनर आर्मी के सैनिक सुरक्षित जीवन के लिए दूसरे देशों का रुख कर सकते हैं।


यह भी पढ़ें

चांद पर चंद्रयान-3 के कमाल से पाकिस्तान में फिर बजा पीएम नरेंद्र मोदी का डंका

Hindi News / world / येवगेनी प्रिगोझिन के अंत के बाद क्या खत्म हो जाएगी वैगनर आर्मी? जानिए क्या हो सकता है इस किराए की आर्मी के साथ

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.