विदेश

पाकिस्तानः ईशनिंदा के आरोप में चीनी इंजीनियर गिरफ्तार, बचाव में उतरी सेना

जिन चीन-पाकिस्तान आर्थिक गलियारा (सीपीईसी) और अन्य साझा विकास प्रोजेक्ट्स को दोनों देशों के रिश्तों में मजबूती की प्रतीक माना जा रहा था, वही प्रोजेक्ट्स अब दोनों देशों के संबंधों में खटास की वजह बनते जा रहे हैं।

Apr 18, 2023 / 07:52 am

Swatantra Jain

पाकिस्तानः ईशनिंदा के आरोप में चीनी इंजीनियर गिरफ्तार, बचाव में उतरी सेना

जिन चीन-पाकिस्तान आर्थिक गलियारा (सीपीईसी) और अन्य साझा विकास प्रोजेक्ट्स को दोनों देशों के रिश्तों में मजबूती की प्रतीक माना जा रहा था, वही प्रोजेक्ट्स अब दोनों देशों के संबंधों में खटास की वजह बनते जा रहे हैं। दोनों ही देश इन अरबों डॉलर के प्रोजेक्ट्स में काम की धीमी गति के लिए एक-दूसरे को जिम्मेदार ठहरा रहे हैं। इन प्रोजेक्ट्स पर काम की धीमी गति अब चीनी नागरिकों के लिए जानलेवा बनती जा रही है।
काम की धीमी गति पर मजदूरों से बहस
रविवार को पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के कोहिस्तान जिले में दसू जलविद्युत परियोजना में काम करने वाला एक चीनी इंजीनियर पाकिस्तान के सख्त ईशनिंदा कानूनों का ताजा शिकार बन गया। पाकिस्तानी मीडिया के मुताबिक, चीनी इंजीनियर को रविवार शाम को कथित तौर पर अल्लाह का अपमान करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। यह घटना उस समय हुई जब जल विद्युत परियोजना स्थल पर काम कर रहे चाइना गेझोउबा ग्रुप कंपनी के एक इंजीनियर की स्थानीय मजदूरों के साथ तीखी बहस हो गई। उपवास के इस्लामिक महीने रमजान के दौरान काम की धीमी गति को लेकर ये झगड़ा शुरू हुआ था। देखते-देखते चीनी कैंप को मजदूरों के साथ सैकड़ों स्थानीय ग्रामीणों ने भी घेर लिया, जिसके बाद पुलिस और सेना को हस्तक्षेप करना पड़ा।
लगाई गई ईशनिंदा की धारा, हो सकती है मौत की सजा
पाकिस्तानी समाचार पत्र डॉन के अनुसार, पुलिस ने चीनी इंजीनियर पर पाकिस्तान दंड संहिता की धारा 295सी लगाई है, जो कि पैगम्बर के अपमान के मामले में लगाई जाती है। दोष साबित होने पर इस जुर्म में पाकिस्तान में चीनी नागरिक को मौत की सजा भी हो सकती है। इस तरह ये मामला चीन और पाकिस्तान के रिश्तों में तनाव का नया कारण बन सकता है।

चीनी अखबार में उठा मुद्दा
चीनी अखबार साउथ चाइना पोस्ट के अनुसार संबंधित चीनी इंजीनियर का नाम मिस्टर टियान है, जो कि इस प्रोजेक्ट पर हैवी मशीनरी के प्रभारी के रूप में काम कर रहे हैं। टियान के अनुसार, पाकिस्तानी मजदूर काफी धीमी गति से काम कर रहे थे, जिसको लेकर चीनी इंजीनियर ने उन्हें काम की रफ्तार बढ़ाने के लिए कहा था, जिसको लेकर पाकिस्तानी मजदूर भड़क गये। चीनी अखबार के अनुसार आक्रोशित लोग तब शांत हुए जब घटना के विरोध में सोमवार सुबह राजमार्ग जाम कर रहे करीब 100 धार्मिक और जनजातीय समुदायों के नेताओं की मांग पर चीनी इंजीनियर के खिलाफ ईश निंदा का मामला दर्ज कर लिया गया। अब पुलिस इस मामले की जांच करेगी और अदालत में सुनवाई होगी।
हालात गंभीर, हेलीकॉप्टर से ऐबटाबाद ले जाया गया चीनी नागरिक
पाकिस्तान मीडिया के अनुसार, गंभीर स्थिति को टालने के लिए चीनी इंजीनियर को गिरफ्तारी किया गया है। पहले चीनी नागरिक को कोहिस्तान क्षेत्र में एक पुलिस स्टेशन पर रखा गया था। हालात बिगड़ते देख पाकिस्‍तानी सेना को चीनी नागरिक की मदद के लिए आगे आना पड़ा और स्थानीय लोगों के आक्रोश से बचाने के लिए उसे हेलीकॉप्टर से ऐबटाबाद ले जाया गया है।
रिपोर्ट के अनुसार मुस्लिम कट्टरपंथियों की भीड़ को हटाने के लिए पाकिस्‍तानी सेना को हवा में गोली चलानी पड़ी। रिपोर्ट में कहा गया है, कि अगर पाकस्तानी पुलिस ऐन वक्त पर मौके पर नहीं पहुंचती, तो चीनी इंजीनियर की मॉब लिचिंग होन तय थी।
प्रोजेक्ट की सुरक्षा बढ़ाई गई
दासू प्रॉजेक्‍ट पर काम कर रहे चीनी नागरिकों की सुरक्षा को बढ़ा दिया गया है। इससे पहले इसी जगह पर 9 चीनी नागरिक भीषण हमले में मारे गए थे।

महिला ने किया पैगंबर होने का दावा, मामला दर्ज
वहीं एक अन्य मामले में पाकिस्तान के पंजाब प्रांत में ईशनिंदा का एक और मामला सामने आया है, जिसमें दो महिलाओं पर मुकदमा दर्ज किया गया है। फैसलाबाद में एक महिला सनाउल्लाह ने एक वीडियो में खुद को पैगंबर के रूप में पेश किया था और उसकी बहन ने उसके इस दावे का समर्थन किया था। यह वीडियो शनिवार को इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित होने के बाद बवाल हो गया और पुलिस को बीच-बचाव में उतरना पड़ा।

Hindi News / world / पाकिस्तानः ईशनिंदा के आरोप में चीनी इंजीनियर गिरफ्तार, बचाव में उतरी सेना

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.