विदेश

भारत पर भड़का यूक्रेन, कहा – हम तिल-तिलकर मर रहे हैं और भारत फायदा उठाने में जुटा

भारत का रूस से तेल खरीदना एक तरफ जहां अमेरिका और यूरोपीय देशों को रास नहीं आ रहा। वहीं दूसरी तरफ अब यूक्रेन ने भी रूस से तेल खरीदने पर भारत पर तंज कसा है। यूक्रेन का कहना है कि रूस से तेल खरीदना नैतिक रूप से गलत है।

Dec 06, 2022 / 05:25 pm

Archana Keshri

“India Can Buy Cheap Russian Oil Because We are Suffering”: Ukraine Minister’s Message

रूस के साथ युद्ध में उलझा यूक्रेन अब भारत के खिलाफ ही बयानबाजी पर उतर आया है। यूक्रेन ने रूस से तेल आयात करने को लेकर भारत पर उंगली उठाई है। यूक्रेन के विदेश मंत्री दिमित्रो कुलेबा ने भारत पर तीखा तंज कसते हुए कहा है कि वह रूस से सस्ता तेल खरीद पा रहे हैं क्योंकि हम भुगत रहे हैं। रूस से तेल खरीदने को उन्होंने नैतिक रूप से गलत करार दिया है। इसके साथ ही यूक्रेन ने भारत से मदद की भी मांग की है।
 


यूक्रेन के विदेश मंत्री दिमित्री ने कहा, “भारत के पास रूस से सस्ता तेल खरीदने का अवसर इसलिए आया क्योंकि यूक्रेन के लोग रूस के हमलों का शिकार हो रहे हैं और हर दिन मर रहे हैं।” दरअसल, दिमित्री ने भारत के विदेश मंत्री एस जयशंकर के उस बयान पर प्रतिक्रिया दी है, जिसमें उन्होंने रूस से कच्चे तेल के आयात का बचाव करते हुए कहा कि पिछले नौ महीने में यूरोपीय देशों ने इसकी जितनी खरीद की है, उसका छठा हिस्सा ही भारत ने खरीदा है।
 


दिमित्री ने कहा कि रूस से सस्ते तेल के आयात के भारत के फैसले को मानवीय दृष्टिकोण से देखा जाना चाहिए। उन्होंने कहा, “यह ठीक नहीं है कि यूरोपियन यूनियन पर टिप्पणी करके अपना बचाव किया जाए और कहा जाए कि वे भी तो यही कर रहे हैं।” इसके अलावा उन्होंने यह भी उम्मीद जताई कि भारत और खासतौर पर पीएम नरेंद्र मोदी इस जंग को खत्म कराने में अहम योगदान दे सकते हैं।
 


दिमित्रो कुलेबा ने कहा, “श्विक परिदृश्य में भारत की अहम भूमिका है। खासतौर पर पीएम नरेंद्र मोदी की आवाज एक बदलाव ला सकती है। हम उस दिन का इंतजार कर रहे हैं, जब भारत यह कहेगा कि रूस ने यूक्रेन पर हमला किया है।” फिलहाल वह यही कह रहा है कि यूक्रेन में जंग चल रही है। लेकिन भारत दोनों देशों के बीच युद्ध पर कोई भी एकतरफा टिप्पणी करने से बचता आया है। भारत लगातार दोनों देशों से शांति से मुद्दे को सुलझाने की अपील कर रहा है।
 


बता दें, भारत सस्ते दामों पर रूस से तेल खरीद रहा है और कई देश इसे लेकर सवाल उठा रहे हैं। अमेरिका और यूरोपीय देशों की आपत्ति के बाद भी भारत ने रूस से तेल की खरीद जारी रखी है। भारत का कहना है कि यह हमारे देशवासियों के हित में है क्योंकि हम कम दाम पर तेल खरीद रहे हैं। देशवासियों के हित के साथ-साथ देश को बड़े पैमाने पर भी आर्थिक लाभ मिल रहा है।

यह भी पढ़ें

‘रूस ने क्रूड पर लगाए गए $60 प्राइस कैप को किया खारिज, जानिए भारत पर क्या होगा असर?’

Hindi News / world / भारत पर भड़का यूक्रेन, कहा – हम तिल-तिलकर मर रहे हैं और भारत फायदा उठाने में जुटा

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.