विदेश

Russia-Ukraine War: जो युद्ध के दौरान झेला, UNSC में वो भयानक मंजर सुनाएंगे पीड़ित बच्चे

रूस-यूक्रेन युद्ध के दौरान वो बच्चे जिन्होंने अपनों को खो दिया है और अनाथ हो गए हैं या जिन्होंने इस युद्ध की विभिषिका झेली है, वो बच्चे अब संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद को संबोधित करेंगे। इस संबोधन में य़े बच्चे वो सब कुछ बताएंगे जो उन्होंने अपनी आंखों से देखा है और जो-जो ऐसे भीषण हालातों महसूस किया है।

Feb 23, 2024 / 03:38 pm

Jyoti Sharma

Children victims of Russia-Ukraine war

बीते 2 सालों से दुनिया रूस और यूक्रेन के युद्ध (Russia-Ukraine War) को देख रही है, विश्व के बड़े-बड़े देश इस युद्ध को खत्म कराने की कोशिश कर रहे हैं लेकिन ये लड़ाई है कि रुकती नहीं। इस युद्ध में हजारों लोगों ने अपनों को खो दिया, लाखों बेघर हो गए, पूरी दुनिया की अर्थव्यवस्था डगमगा गई लेकिन यूक्रेन या रूस, दोनों में से कोई भी देश झुकने को तैयार नहीं है। इस युद्ध के दौरान बड़ी संख्या में बच्चे भी मारे गए और तमाम बच्चे अनाथ भी हुए। ऐसे बच्चे, जिन्होंने युद्ध की विभिषिका में अपनों को खो दिया है, वो अब संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद यानी UNSC (Unites Nations Security Council) में सभा को संबोधित करेंगे।
पिता की मौत, जान बचाने के लिए शव को छोड़ना पड़ा

इस कार्यक्रम का आयोजन आज यानी 23 फरवरी को न्यूयॉर्क में किया जा रहा है। इन बच्चों में यूक्रेन (Ukraine) की 14 वर्ष की किरा और 11 साल की इल्या शामिल हैं। ये दोनों बच्चे यूक्रेन के मारियुपोल (Mariupol) के रहने वाले हैं। रिपोर्ट के मुताबिक ये बच्चे संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (UNSC) में युद्ध के दौरान झेले गए मंजर को सुनाएंगे। एक अंग्रेजी अखबार को दिए गए इंटरव्यू में इन बच्चों में से एक किरा ने बताया कि वो अपनी स्कूल बस का इंतजार कर रही थी, तभी उसने भीषण विस्फोट की आवाज सुनी, एक के बाद एक धमाकों से वो सहम गई और यहां-वहां छिपते-छिपाते वो लगभग एक महीने तक घर से दूर रही। बच्ची का कहना है कि रूस की तरफ से मारियुपोल में हुए इस हमले में उसके पिता की जान चली गई और बच्ची को उसके पिता का शव वहीं छोड़ना पड़ा।
आंखों के सामने ही उजड़ गया परिवार

दूसरी बच्ची इल्या बताती है कि वो और उसकी मां अपनी जान बचाने के लिए मारियुपोल में इधर-उधर भागते रहे। रूसी हमले में उनका घर जमींदोज़ हो गया। उनके सामने ही उनका पूरा परिवार और पूरी दुनिया उजड़ गई। बता दें कि ये बच्चे पहले संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (UNSC) में पहले अपना संबोधन देंगे और फिर वाशिंगटन का भी दौरा करेंगे।

Hindi News / world / Russia-Ukraine War: जो युद्ध के दौरान झेला, UNSC में वो भयानक मंजर सुनाएंगे पीड़ित बच्चे

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.