scriptविदिशा में भक्तों से विदा हो गजानन चले…. | Vidisha Ganesh utsav | Patrika News
विदिशा

विदिशा में भक्तों से विदा हो गजानन चले….

सुबह से देर रात तक विसर्जन के लिए निकलती रहीं गणेश प्रतिमाएं

विदिशाSep 09, 2022 / 10:49 pm

govind saxena

विदिशा में भक्तों से विदा हो गजानन चले....

विदिशा में भक्तों से विदा हो गजानन चले….

विदिशा. दस दिनों से चौतफा गणपति बप्पा मोरिया की गूंज का माहौल था और शुक्रवार की सुबह 11 बजे से देर रात तक अगले बरस आना है..आना ही होगा… के स्वरों के साथ भगवान गणेश को भक्तिभाव से विदाई दी गई। रात 10 बजे तक केवल जानकीकुंड में ही 70 से ज्यादा बड़ी गणेश प्रतिमाएं विसर्जित हो चुकी थीं। इसके अलावा बेतवा के विभिन्न घाटों पर भी प्रतिमा विसर्जन का सिलसिला जारी रहा। स्वर्णकार कॉलोनी की प्रतिमा का चल समारोह शाम को ही ऊंटों के नृत्य के साथ निकाला गया। जबकि चल समारोह में तोपपुरा और सिंहवाहिनी मंदिर की झांकियां अपने विशाल आकार और भव्य स्वरूप के कारण आकर्षण का केंद्र रहीं। इस बार छोटी-छाेटी लेकिन अत्यंत भव्य प्रतिमाओं को लोग अपनी कार के ऊपर सजाकर विसर्जन के लिए ले गए। रात 9 बजे के करीब माधवगंज से चल समारोह शुरू हुआ, जो देर रात तक जारी रहा। अनंत चतुर्दशी पर हमेशा की तरह सुबह से ही गणेश विसर्जन शुरू हो गया था। घरों के साथ ही पांडालों में स्थापित गणेश प्रतिमाएं विसर्जन के लिए सुबह 11 बजे से ही निकल पड़ीं थीं। जानकी कुंड के साथ ही बेतवा के रंगई, बायपास, हनुमान घाट, पुराने पुल और चरणतीर्थ घाट पर भी बड़ी संख्या में प्रतिमाओं का विसर्जन हुआ। जानकी कुंड में बड़ी प्रतिमाओं के विसर्जन के लिए क्रेन की व्यवस्था की गई थी। यहां पुलिस और नगरपालिका के साथ ही प्रशासन की टीम भी मौजूद रही। चल समारोह को संचालित करने के लिए सनातन श्रीहिउस ने इस बार माधवगंज, पुरानी नपा के सामने और बड़े बाजार के साथ ही बजरिया में भी मंच बनाया था, जहां से गणेश प्रतिमाओं का स्वागत किया जाता रहा। प्रतिमाओं के साथ गाजे-बाजे और डीजे पर नाचतीं, ध्वज लहरातीं तथा गुलाल उड़ाती टोलियां शामिल रहीं। दोपहर में निकली प्रतिमाओं के साथ बच्चे और महिलाएं भी बड़ी संख्या में शामिल थीं। पूरे शहर में गणेश विसर्जन का माहौल था, गली, सड़क और चौराहों पर चौतरफा गणेश प्रतिमाएं विसर्जन के लिए जाती दिखाई दे रही थीं। गणपति भक्तों से विदा होकर अपने धाम जा रहे थे।

Hindi News / Vidisha / विदिशा में भक्तों से विदा हो गजानन चले….

ट्रेंडिंग वीडियो