scriptतीन माह में शुरू हो जाएगा देवास-उज्जैन फोरलेन, यह है अपडेट | dewas ujjain four lane highway project updates | Patrika News
उज्जैन

तीन माह में शुरू हो जाएगा देवास-उज्जैन फोरलेन, यह है अपडेट

716 करोड़ से बन रहे देवास-उज्जैन फोरलेन का 76 फीसदी काम पूरा, मई में फोरलेन पर दौड़ने लगेंगे वाहन…।

उज्जैनJan 19, 2023 / 05:19 pm

Manish Gite

dewas-ujjain_1.png

उज्जैन। देवास के शिप्रा से उज्जैन तक 716 करोड़ की लगात से बन रहे फोरलेन पर अगले तीन महीने बाद ही वाहन दौड़ने लगेंगे। ऐसा फोरलेन का निर्माण जुलाई की बजाय मई माह में पूर्ण होने से होगा। फोरलेन का 76 फीसदी का काम पूरा हो गया। फोरलेन में आने वाले भी ब्रिजों का निर्माण पूरा हो गया है और सिर्फ रेलवे ओवर ब्रिज का काम अधूरा है। इसके अप्रैल तक पूर्ण होने की संभावना है।

 

 

नेशनल हाइवे द्वारा देवास के शिप्रा से उज्जैन होते हुए व्हाया बदनावर तक 98 किमी लंबा फोरलेन का दो चरणों में निर्माण किया जा रहा है। इसमें पहले चरण में शिप्रा से देवास होते हुए उज्जैन तक करीब तक 41.42 किमी लंबा फोरलेन बन रहा है। यह फोरलेन उज्जैन के पहले ग्राम दताना से चंदेसरा बायपास होते हुए इंदौर रोड की तरफ तपोभूमि से चिंतामण होते हुए बड़नगर रोड पर निकलेगा।

 

वर्ष 2021 में शुरू हुए फोरलेन का 76 फीसदी काम पूरा हो गया है। फोरलेन की 35 किमी की सड़कें तकरीबन तैयार हो गई है। इसके अलावा फोरलेन एक रेलवे ओवर फ्लाईओवर, दो ब्रिज, 6 कलवर्ट बाक्स बनकर तैयार हो गए। इसमें देवास के पास उज्जैन-इंदौर रेलवे लाइन पर बनने वाले रेलवे ओवर ब्रिज का नेशनल हाइवे की तरफ से निर्माण पूरा हो गया है और रेलवे पार्ट का निर्माण बाकी है। नेशनल हाइवे ने हरियाणा के गुड़गांव की गॉवर कंपनी को 716 करोड़ में ठेका दिया था, जिसे जुलाई 2023 तक पूर्ण होना है। कंपनी की ओर से फोरलेन मई तक पूर्ण होने की संभावना है।

देवास-उज्जैन- इंदौर का बना ट्राइएंगल

देवास के शिप्रा से उज्जैन तक बनने वाले फोरलेन के पूर्ण होने से उज्जैन, देवास व इंदौर के बीच एक ट्राइएंगल बन जाएगा। इंदौर का यात्री बगैर उज्जैन आए सीधे देवास के लिए जा सकेंगे और देवास का यात्री उज्जैन शहर में आए बगैर बाहर ही इंदौर रोड जा सकेंगे। तपोभूमि का यहां फोरलेन पर एक जंक्शन बन जाएगा। यहां से यात्री तीनों तरफ जा सकेगा।

 

बदनावर फोरलेन का काम शुरू

देवास-उज्जैन फोरलेन के साथ ही अब नेशनल हाइवे ने उज्जैन से बदनावर तक बनने वाले फोरलेन का काम भी शुरू कर दिया गया है। 56 किमी लंबे इस मार्ग के लिए जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया पूरी हो गई है। यह फोरलेन भी वर्ष 2024 तक पूर्ण करने का लक्ष्य रखा गया है।

 

देवास के शिप्रा से उज्जैन तक के फोरलेन का 76 फीसदी का काम पूरा हो गया है। रेलवे ओवर ब्रिज का काम अधूरा है। जुलाई तक फोरलेन बनना है लेकिन मई तक इसे पूर्ण कर देंगे।

– एमएल पुरबिया, परियोजना अधिकारी, नेशनल हाइवे

https://youtu.be/c6fn3hW8Cpw

Hindi News / Ujjain / तीन माह में शुरू हो जाएगा देवास-उज्जैन फोरलेन, यह है अपडेट

ट्रेंडिंग वीडियो