टोंक

Deoli Uniara by-elections : राजेंद्र गुर्जर ने देवली उनियारा से भरा नामांकन, कहा-रिकॉर्ड मतों से चुनाव जीतेगी भाजपा

Rajasthan by-elections : देवली उनियारा विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए भाजपा प्रत्याशी राजेंद्र गुर्जर ने आज नामांकन भर दिया है। इस मौके पर राजेंद्र गुर्जर ने ​कहा कि भाजपा उपचुनाव रिकॉर्ड मतों से चुनाव जीतेगी।

टोंकOct 24, 2024 / 03:10 pm

Sanjay Kumar Srivastava

Rajasthan by-elections : देवली उनियारा विधानसभा सीट पर उपचुनाव जीतने के लिए भाजपा-कांग्रेस ने कमर कस ली है। राजस्थान में इस गुलाबी ठंड में राजनीतिक मौसम गरम हो गया है। भाजपा ने अपना चुनाव अभियान शुरू कर दिया है। नामांकन के लिए कल 25 अक्टूबर का ही दिन और बाकी है। वैसे भाजपा-कांग्रेस पार्टी के प्रत्याशी नामांकन दाखिल कर रहे हैं। देवली उनियारा विधानसभा उपचुनाव के लिए आज गुरुवार को भाजपा प्रत्याशी राजेंद्र गुर्जर ने अपना नामांकन दाखिल किया है। नामांकन दाखिल करने के बाद भाजपा प्रत्याशी राजेंद्र गुर्जर ने कहा, जनता 13 नवंबर का इंतजार कर रही है, वह मुझे चुनकर विधानसभा भेजेगी। भाजपा रिकॉर्ड मतों से चुनाव जीतने जा रही है। मैं यह जनता की सोच के आधार पर कह रहा हूं, जनता का मेरे प्रति स्नेह है।

राजेंद्र गुर्जर चुनौती देंगे कस्तूर चंद मीना

उधर राजेंद्र गुर्जर को चुनौती देने के लिए कांग्रेस ने देवली-उनियारा सीट पर कस्तूर चंद मीना को प्रत्याशी के रूप में उतारा है। इससे पूर्व वे हिन्दूस्तान जिंक लिमिटेड में अधिकारी पद पर थे। वे पहली बार विधायक प्रत्याशी बनाए गए हैं। राजेन्द्र गुर्जर देवली-उनियारा सीट पर 2013 से 2018 तक विधायक थे। इसके बाद 2018 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के हरीश मीना से हार गए थे। गत विधानसभा चुनाव में भाजपा ने राजेन्द्र को टिकट नहीं दिया था और विजय बैंसला को प्रत्याशी बनाया था। लेकिन हरीश मीना ने बैंसला को भी हरा दिया था।
यह भी पढ़ें

Rajasthan by-elections : कांग्रेस की दो टूक, उपचुनाव में रिजल्ट लाओ, नहीं तो संगठन से छुट्टी

हरीश मीना के सांसद बनने से यह सीट हुई रिक्त

लोकसभा चुनाव 2024 में हरीश मीना जीतकर सांसद बन गए। ऐसे में देवली-उनियारा सीट रिक्त हो गई थी। इसके बाद अब उपचुनाव हो रहे हैं। कस्तूर चंद मीना टोंक-सवाईमाधोपुर से सांसद हरीश मीना के करीबी माने जाते हैं।

देवली-उनियारा सीट पर अब तक रहे विधायक

उनियारा विधानसभा क्षेत्र से 1952 व 1957 में राव राजा सरदार सिंह, 1962 व 1967 में दिग्विजय सिंह, 1972 में राव राजा राजेंद्र सिंह, 1977 में दिग्विजय सिंह, 1980 में रामलाल, 1985 में दिग्विजय सिंह, 1990 में दिग्विजय सिंह, 1993 में जगदीश प्रसाद मीणा, 1998 में दिग्विजय सिंह, 2003 में प्रभुलाल सैनी, 2008 में रामनारायण मीणा, 2013 में राजेंद्र गुर्जर, 2018 व 2023 में कांग्रेस से हरीश मीना विधायक बने हैं।

देवली-उनियारा : यह हैं कुल मतदाता

देवली-उनियारा में कुल मतदाता तीन लाख 2 हजार 295 मतदाता है। इसमें महिला एक लाख 46 हजार 552 तथा पुरुष एक लाख 55 हजार 742 है। इनके अलावा एक ट्रांसजेंडर है। देवली-उनियारा में कुल 307 मतदान केन्द्र है।
यह भी पढ़ें

Dausa by-elections : हॉट सीट दौसा पर कांग्रेस का उम्मीदवार घोषित, बैरवा का दावा – सौ फीसद जीत निश्चित

Hindi News / Tonk / Deoli Uniara by-elections : राजेंद्र गुर्जर ने देवली उनियारा से भरा नामांकन, कहा-रिकॉर्ड मतों से चुनाव जीतेगी भाजपा

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.