टीकमगढ़

9 साल से होर्डिंग की नपा ने नहीं की टेंडर प्रक्रिया

सर्किट हाउस सिविल लाइन रोड।

टीकमगढ़Oct 11, 2024 / 11:30 am

akhilesh lodhi

सर्किट हाउस सिविल लाइन रोड।

होर्डिंग लगाने ३८ स्थानों को किया था चिन्हित, १० बाई २० का एक महीने का ३ हजार रुपए किराया
टीकमगढ़. नौ साल से नगरपालिका क्षेत्र में होर्डिंग, फ्लैक्स और कटआउट लगाने का टेंडर नहीं है। इसके बावजूद शहर में होर्डिंग, फ्लैक्स और कटआउट आधा दर्जन दुकानदार विभिन्न चौक चौराहा के साथ डिवाइडर के पोलों में लटका रहे है। पिछले टेंडर में ३८ स्थान चयनित किए थे। एक स्थान का महीने भर के लिए तीन हजार रुपए किराया था। एक महीने का ११४०००, एक साल का १३६८००० और ९ साल का १ करोड २३ लाख १२००० रुपए किराया बन रहा है। इतने सालों से इतनी बड़ी राशि का किराया कहां जा रहा है। जिसका प्रयास भी नपा द्वारा नहीं किया जा रहा है।
नगर पालिका द्वारा दिए गए ठेके के बाद से अभी तक एक भी होर्डिंग, फ्लैक्स, कटआउट लगाने का प्रावधान नहीं है। इसके बावजूद शहर के चौक. चौराहे अवैध होर्डिंग से लदे हुए है। दुकानदारों की मनमानी ऐसी है कि शाहर के मुख्य प्रवेश मार्ग पर ही अवैध होर्डिंग लगा दिए है। जिम्मेवार अध्यक्ष, नेता प्रतिपक्ष पार्षद और सीएमओ का कहना है कि नगरपालिका में वर्षों से होर्डिंग लगाने का ठेका नहीं है। शहर में जितने भी होर्डिंग लोग अपनी मनमर्जी से लगा रहे है, वह सभी अवैध है। शहर में बीते कई वर्षों से चल रहे अवैध होर्डिंग के कारोबार से नपा का प्रति वर्ष १३ लाख ६८ हजार रुपए का नुकसान हो रहा है। इसके बावजूद जिम्मेदार अधिकारियों द्वारा शहर में होर्डिंग कारोबार के लिए टेंडर कार्रवाई नहीं की जा रही है।
कहां जा रहा होर्डिंग का राजस्व
नौ साल पहले नगर पालिका ने होर्डिंग का ठेका एक टीकमगढ़ की कंपनी को एक साल का ३ लाख ४५ हजार रुपए में दिया था। नपा ने होर्डिंग लगाने के लिए ३८ स्थान चयनित किए थे। सभी स्थान दस बाई बीस के थे। एक स्थान से एक महीने का किराया तीन हजार रुपए मिलना था। सभी का एक महीने में १ लाख १४ हजार रुपए, एक साल में १३ लाख ६८ हजार रुपए और जब से अब तक १ करोड २३ लाख १२ हजार रुपए का राजस्व कहां जा रहा है। शहर में होर्डिंग बनाने और लगाने वाले दुकानदार छह के करीब है। करोडों के राजस्व की चोरी का पता लगाने का प्रयास नपा द्वारा नहीं किया जा रहा है।
शहर की सभी सडक़ों पर लगे होर्डिंग
शहर से अन्य स्थानों पर जाने के लिए पांच सडक़ें है। कुण्डेश्वर, बानपुर, सागर, छतरपुर और झांसी सडक़है। नपा में २७ वार्ड है, जिनमें कई चौक और चौराहों के साथ विभिन्न गलियां और सामूहिक कार्यक्रम आयोजित करने के लिए मैदान है। जिसमें ढोंगा मैदान, नजरबाग मैदान, राजेंद्र पार्क मानस मंच और गंजी खाला। इसके साथ ही सभी सरकारी कार्यालय, रोड, डिवाइडर, बिजली पोल के साथ अन्य स्थानों पर होर्डिंग लदे दिखाई दे रहे है।
इनका कहना
इससे नपा को मिलने वाले राजस्व का नुकसान हो रहा है। होर्डिंंग, कटआउट लगाने की राशि कहां जा रही है। इसकी जानकारी नहीं है। इसका ठेका होना जरूरी है। इस मामले में परिषद के पदाधिकारियों और अधिकारियों से चर्चा कर कार्रवाई की जाएगी।
अब्दुल गफ्फार, अध्यक्ष नगरपालिका टीकमगढ़।
नगरपालिका के लिए मैं अभी नई हूं। कुछ ही दिन पहले पदभार ग्रहण किया है। होर्डिंग, कटआउट का जब से अब तक किराया करोड रुपए हो रहा है। आखिर यह कहां जा रहा है। इसकी जल्द ही जानकारी करवाती हूं। नपा क्षेत्र में जो भी होर्डिंग लगे है, उन्हें निकलवाने की कार्रवाई जल्द ही की जाएगी।
ज्योति सुनहरे, सीएमओ नगरपालिका टीकमगढ़।
होर्डिंग, कटआउट के ठेका करवाने के लिए परिषद की बैठक में अध्यक्ष के साथ अधिकारियों से मौखिक कह चुके है। नौ साल में नपा को करोड का नुकसान हुआ है। इसकी जांच की जानी चाहिए। इसका पैसा कहा जा रहा है।
अभिषेक खरे, पार्षद नेता प्रतिपक्ष नगरपालिका टीकमगढ़।
नौ साल पहले नपा ने होर्डिंग का ठेका दिया था। पहले होर्डिंग लगाने के लिए ३८ स्थान चयनित थे। एक स्थान का एक महीने भर का तीन हजार रुपए किराया था। अब कितना है, जानकारी नहीं है।
पुष्पेंद्र जैन, टीकमगढ़।

Hindi News / Tikamgarh / 9 साल से होर्डिंग की नपा ने नहीं की टेंडर प्रक्रिया

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.