निवाड़ी नगर में आज दीपावली जैसा जश्न मनाया गया और पूरा नगर मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर दुल्हन की तरह सजाया गया है। हेलीपैड स्थल शासकीय महाविद्यालय से लेकर टैक्सी स्टैंड, मुख्य बाजार, बाईपास, न्यू कलेक्ट्रेट भवन एवं आम सभा स्थल तक भव्यता के साथ कट आउट, बैनर, फ्लेक्स व लाइटिंग की विशेष व्यवस्था की गई है।
पूरा नगर रंगीन रोशनियों से जगमगा रहा है। इस अवसर पर क्षेत्रीय विधायक अनिल जैन ने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने जो वादा किया था वह पूरा किया और निवाड़ी की जनता को एक बहुत बड़ा तोहफा दिया है। विधायक ने निवाड़ी को जिला बनाए जाने पर सभी क्षेत्रवासियों, विधानसभावासियों, प्रदेश के मुख्यमंत्री एवं संगठन के प्रति आभार जताया है। इस अवसर पर किसान मोर्चा के प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य प्रवेंद्र खरे, जनपद अध्यक्ष प्रतिनिधि रमेश खंगार, मंडल अध्यक्ष डॉ. सुरेश तिवारी, संजय श्रीवास्तव, नरेन्द्र खरे, मुकेश दांगी, वेद प्रकाश तिवारी, पवन चतुर्वेदी, आशु गुप्ता, अमित गुप्ता, लकी खटीक, रामरतन खटीक, कमलेश चौरसिया, विजय सिजरिया, अशोक मोदी, राजाराम बडौनिया, अजय गुप्ता, संगम जैन सहित कई लोग मौजूद रहे।
आज आएंगे प्रदेश के मुख्यमंत्री: मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान जनआर्शीवाद यात्रा लेकर 30 सितम्बर को निवाड़ी पहुंचेंगे और वहां निवाड़ी को जिले की सौगात देंगे। कार्यक्रम का मुख्य आतिथ्य केन्द्रीय मंत्री उमा भारती, अध्यक्षता प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, विशिष्ट आतिथ्य केन्द्रीय राज्यमंत्री वीरेन्द्र कुमार एवं प्रभारी मंत्री रूस्तम ङ्क्षसह करेंगे। यह समारोह सुबह 11.30 बजे निवाड़ी के मॉडल स्कूल भवन में आयोजित किया जाएगा।
सोशल मीडिया पर दिन भर छाया रहा मुद्दा: निवाड़ी को जिला बनाए जाने को लेकर दिन भर उहापोह की स्थिति बनी रही। केबिनेट में प्रस्ताव आने या न आने, विधानसभा में प्रस्ताव लाने, एक नए जिले के बजट की व्यवस्था एवं चुनाव के ऐन पहले ुमतदाता सूची जारी होने के बाद आननफानन में यह फैसला लिया जाना लोगों की समझ से परे रहा। परंतु शाम होते-होते तक प्रमुख सचिव राजस्व मनीष रस्तोगी का एक पत्र सोशल मीडिया पर दौडऩे लगा। जिसमें निवाड़ी को प्रदेश का 52 वां जिला बनाए जाने की पुष्टि हो रही थी।
लम्बे समय से चली आ रही थी मांग, पांच वर्ष पूर्व हुई थी घोषणा: निवाड़ी को जिला बनाए जाने की मांग लम्बे समय से की जा रही थी। वर्ष 2013 में जनआशीर्वाद यात्रा लेकर निवाड़ी पहुंचे मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने निवाड़ी को जिला बनाए जाने की घोषणा की थी। तभी से यहां के लोगों को उम्मीद लगी थी।
चुनावी हितों को साधते हुए स्थानीय नेता भी जिला बनाए जाने को लेकर एडी चोटी का जोर लगाए हुए थे और आनन फानन में आचार संहिता लगने के पहले यह घोषणा की गई है। निवाड़ी, पृथ्वीपुर एवं ओरछा तहसीलों को मिलाकर यह जिला बनाया जा रहा है। निवाड़ी को जिला बनाए जाने को लेकर टीकमगढ़ सहित कई क्षेत्रों में भारी विरोध व्याप्त है और इसके विरोध में अभियान भी चलाया गया था।