scriptहरे बांस मंडप छाए सिया जू खो राम ब्याहन आए… | Patrika News
टीकमगढ़

हरे बांस मंडप छाए सिया जू खो राम ब्याहन आए…

टीकमगढ़/ओरछा. हरे बांस मंडप छाए सिया जू खो राम ब्याहन आए, बन्ना खो चढ़ गओ हरदी तेल, बन्ना मोरो पीरो पर गओ री जैसे बुंदेली विवाह गीतों से गुरुवार को पूरी ओरछा नगरी गूंज उठी, तो यह गीत भगवान राम और माता सीता के विवाह महोत्सव के उल्लास को कई गुना बढ़ा रहे थे। गुरुवार को भगवान के मंडप और हल्दी की रस्म का आलम यह था कि मंदिर में पैर रखने की जगह नहीं थी और श्रद्धालु थे कि अपने राजा के विवाह की हल्दी के रंग में रंग जाने को आतुर बने हुए थे।

टीकमगढ़Dec 06, 2024 / 06:44 pm

Pramod Gour

एक लाख दीपकों से जगमगाता ओरछा में राजा राम का मंदिर

एक लाख दीपकों से जगमगाता ओरछा में राजा राम का मंदिर

बुंदेली विवाह गीतों से गुरुवार को पूरी ओरछा नगरी गूंज उठी

टीकमगढ़/ओरछा. हरे बांस मंडप छाए सिया जू खो राम ब्याहन आए, बन्ना खो चढ़ गओ हरदी तेल, बन्ना मोरो पीरो पर गओ री जैसे बुंदेली विवाह गीतों से गुरुवार को पूरी ओरछा नगरी गूंज उठी, तो यह गीत भगवान राम और माता सीता के विवाह महोत्सव के उल्लास को कई गुना बढ़ा रहे थे। गुरुवार को भगवान के मंडप और हल्दी की रस्म का आलम यह था कि मंदिर में पैर रखने की जगह नहीं थी और श्रद्धालु थे कि अपने राजा के विवाह की हल्दी के रंग में रंग जाने को आतुर बने हुए थे।
राम जानकी विवाह महोत्सव में गुरुवार को भगवान के विवाह के मंडप की रस्म अदा की गई। दोपहर को राजभोग की आरती के बाद पुरोहित और पुजारियों ने यह रस्म अदा की। पुजारियों ने अष्टगंध चंदन और हल्दी से राम का उबटन किया तो यहां अपनी पत्नी के साथ पहुंचे कलेक्टर लोकेश ङ्क्षसह जांगिड ने भगवान के विवाह का मंडप डालकर खाम लगाई। उन्होंने अपनी पत्नी के साथ भगवान के मेर का पूजन भी किया। पूजन के बाद बुंदेली रीति के अनुसार कलेक्टर और उनकी पत्नी ने एक-दूसरे को भगवान के उबटन की हल्दी लगाकर इस रस्म को पूरा किया। इसके बाद यही हल्दी श्रद्धालुओं को लगाई गई। अपने राजा के विवाह की हल्दी लगाने हर कोई आतुर था। ऐसे में मंदिर का पूरा आंगन कम पड़ता दिखाई दे रहा था। यहां पर महिलाओं के साथ ही युवतियां नाच-गाकर अपने राजा के विवाह महोत्सव का आनंद मना रही थी। ओरछा में भगवान राम की पूजा राजा के रूप में होती है तो यहां आने भक्तों का भी उनसे यही रिश्ता है। ऐसे में महिलाएं भी इस पल पर दूल्हा बनने को तैयार हो रहे अपने सरकार से बुंदेली गीत गाकर जमकर विनोद कर रही थी। यह पल सभी को आनंदित करने वाला था। हल्दी लगाने से पीले पडऩे वाली भगवान राम को महिलाएं बन्ना खो चढ़ गओ हल्दी तेल बन्ना मोरो पीरो पर गओ री, गीत गाकर मजाक कर रही थीं तो मंडप के ज्यौनार में भगवान को लगने वाले प्रसाद की पत्तल पर महिलाएं मोरे राम से करो न ररिया, जनकपुर की सखियां जैसे गीत गाकर उन्हें रिझाने का प्रयास कर रहीं थीं। पहली बार पहुंचे श्रद्धालुओं के लिए यह अनूठा आयोजन था भक्त और भगवान की बीच राजा का संबंध भी तो केवल यहीं देखने को मिलता है।
लाल रंग की मखमली पोषाक पहनेंगे सरकार

लाल रंग की मखमली पोषाक पहनेंगे सरकार

आज दूल्हा सरकार को लाल रंग की मखमली पोषाक पहनाई जाएगी। इसके साथ ही वह पूरे आभूषण धारण करेंगे। भगवान की पोषाक बनाने वाले राजेश नामदेव ने बताया कि लाल रंग के मखमल के कपड़े पर गोल्डन कलर से कढ़ाई की गई है साथ ही इस पर गोल्डन कलर का गोटा लगाया गया है। इससे यह पोषाक दूर से ही खिल रही है। उनका कहना था कि दूल्हा सरकार के लिए यह खास कपड़ा मंगाया गया है। यह पोषाक 25 मीटर कपड़े से तैयार की गई।
दीपों की रोशनी से जगमगाया कंचना घाट

श्रीराम-जानकी विवाह के अवसर पर प्रशासन द्वारा कंचना घाट पर एक लाख दीपक जलाएं गए थे। कंचना घाट की सीढिय़ों से लेकर पूरे परिसर में जब यह दीपक जलाए गए तो पूरा कंचना घाट कंचन की तरह जगमगा उठा। इस अवसर पर बड़ी संख्या में अधिकारियों के साथ ही जनप्रतिनिधि एवं नगर के लोग उपस्थित रहे। सभी ने यहां पर दीप प्रज्ज्वलित कर भगवान के विवाह की खुशियां मनाई।

Hindi News / Tikamgarh / हरे बांस मंडप छाए सिया जू खो राम ब्याहन आए…

ट्रेंडिंग वीडियो