scriptMumbai Rains: मुंबई से नहीं टला संकट! मौसम विभाग ने जारी की नई चेतावनी, तीनों सेनाएं अलर्ट पर | Mumbai Nowcast heavy rain alert issue army navy air force on alert | Patrika News
राज्य

Mumbai Rains: मुंबई से नहीं टला संकट! मौसम विभाग ने जारी की नई चेतावनी, तीनों सेनाएं अलर्ट पर

Mumbai Nowcast Alert : बीएमसी ने शहरवासियों को सावधानी बरतने और जब तक जरूरी न हो अपने घर से बाहर न निकलने की सलाह दी है।

मुंबईJul 08, 2024 / 06:45 pm

Dinesh Dubey

Mumbai rains alert
Mumbai Rain Alert : मुंबई में थोड़ी राहत के बाद एक बार फिर मूसलाधार बारिश शुरू हो गई है। मुंबई उपनगर के विभिन्न हिस्सों में भारी बारिश के चलते निचले इलाकों में पानी भरने लगा है। इस बीच मौसम विभाग (IMD) ने मुंबई और उपनगर के लिए भारी बारिश की चेतावनी (Nowcast Warning) जारी की है।
यह भी पढ़ें

मुंबई में धुंआधार बारिश! 51 उड़ानें रद्द, 27 डायवर्ट, यात्रियों के लिए एडवाइजरी जारी

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने आज रात 7 बजे तक मुंबई शहर और मुंबई उपनगर में तेज हवा के साथ भीषण बारिश होने की भविष्यवाणी करते हुए ‘नाउकास्ट चेतावनी’ जारी की है। आईएमडी ने 9 जुलाई के लिए मुंबई के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। अगले 24 घंटों में शहर में बहुत भारी बारिश होने की आशंका है।
Mumbai rain alert
अगले कुछ घंटे तक मुंबई के पश्चिमी, मध्य और दक्षिणी हिस्से के साथ ही ठाणे में तेज बारिश होने की संभावना है। हालांकि मुंबई के सभी स्कूलों और कॉलेजों में पहले ही छुट्टी घोषित कर दी गई है। बीएमसी ने शहरवासियों को सावधानी बरतने और जब तक जरूरी न हो अपने घर से बाहर न निकलने की सलाह दी है।

CM ने दिया हाई-अलर्ट पर रहने का निर्देश

मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने बारिश की स्थिति की समीक्षा के लिए आज एक उच्च स्तरीय बैठक की। उन्होंने सभी आपातकालीन एजेंसियों को हाई अलर्ट पर रहने का निर्देश दिया। मुंबई में भारी बारिश पर सीएम शिंदे ने कहा, सभी सड़कों पर यातायात फिर से शुरू हो गया है। बीएमसी के वरिष्ठ अधिकारी शहर के सभी जलभराव वाले स्थानों पर मौजूद हैं। राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, एनडीआरएफ, बीएमसी अलर्ट पर हैं। पूर्वी और पश्चिमी हाईवे और सभी रेलवे लाइनों पर यातायात जारी है। राज्य के सभी तीन तटीय जिलों में NDRF पहुंच गई हैं। सेना, नौसेना और वायुसेना भी अलर्ट पर हैं और जरुरत पड़ने पर मदद ली जाएगी।
बता दें कि मुंबई में आधी रात को बारिश ने जोरदार वापसी की। भारी बारिश के कारण निचले इलाकों में पानी भर गया। लगातार बारिश के कारण मेन और हार्बर लाइन पर रेलवे ट्रैक पानी में डूब गए और मध्य रेलवे की लोकल ट्रेन सेवाएं बुरी तरह प्रभावित हुई। मुंबई में रात 1 बजे से सुबह 7 बजे तक शहर के विभिन्न हिस्सों में 300 मिमी से अधिक बारिश दर्ज की गई। पिछले 24 घंटों में कोलाबा में 83.8 मिमी और सांताक्रूज़ में 267.9 मिमी बारिश दर्ज की गई।

Hindi News/ State / Mumbai Rains: मुंबई से नहीं टला संकट! मौसम विभाग ने जारी की नई चेतावनी, तीनों सेनाएं अलर्ट पर

ट्रेंडिंग वीडियो