scriptElection Result 2024 : भरतपुर लोकसभा सीट से भाजपा की हार का हुआ खुलासा, जानें पूरा मामला | Election Result 2024: BJP's defeat from Bharatpur Lok Sabha seat revealed, know the whole matter | Patrika News
भरतपुर

Election Result 2024 : भरतपुर लोकसभा सीट से भाजपा की हार का हुआ खुलासा, जानें पूरा मामला

कामां विधायक नौक्षम चौधरी की लाज लोकसभा चुनाव में कतई नहीं बच सकी है। संजना ने 51 हजार 983 मतों से जीत हासिल की है। इनमें से संजना को 46 हजार 168 वोट की लीड तो सिर्फ कामां विधानसभा क्षेत्र से ही मिली है।

भरतपुरJun 06, 2024 / 02:18 pm

जमील खान

एक्सक्लूसिव

Bharatpur Lok Sabha Chunav Result 2024 : भरतपुर. पूर्वी राजस्थान में विधानसभा चुनाव के दौरान भाजपा ने जो किला मजबूती से खड़ा किया था, वह लोकसभा चुनाव आते-आते ढह गया। भाजपा के दिग्गज अपना किला बचाने में कामयाब नहीं हो सके। कामां विधायक नौक्षम चौधरी की लाज लोकसभा चुनाव में कतई नहीं बच सकी है। संजना ने 51 हजार 983 मतों से जीत हासिल की है। इनमें से संजना को 46 हजार 168 वोट की लीड तो सिर्फ कामां विधानसभा क्षेत्र से ही मिली है। ऐसे में माना जा रहा है कि भाजपा विधायक एवं राज्यमंत्री की पकड़ कुछ ही दिनों में क्षेत्र में ढीली पड़ गई है। हालांकि अपने बूथ से विधायक कई जगह अपने प्रत्याशी को वोट दिलाने में कामयाब रहे हैं, लेकिन यह वोट भी उमीद के मुताबिक नहीं हैं। इसकी वजह यह है कि प्रदेश में अच्छे बहुमत से भाजपा की सरकार है। इसके बाद भी लोग जिले में असंतुष्ट ही नजर आए हैं।
भाजपा की हार के यह रहे प्रमुख कारण
1. जाट आंदोलन : जाट आरक्षण आंदोलन में भाजपा का साथ मांगा गया, लेकिन सरकार इसकी लगातार अनदेखी करती रही और अंदरखाने विरोध पनपता चला गया। यही वजह रही जाट मतदाता मतदान के समय तक असंतुष्ट नजर आया। ऐसे में शुरुआत में भारी माना जा रहा भाजपा का पलड़ा बेहद कमजोर स्थिति में पहुंच गया और भाजपा इसे साध नहीं सकी। नतीजा यह रहा कि ज्यादातर स्थानों पर नाराजगी की वजह से भाजपा चुनाव हार गई।
2. हर बार कोली कार्ड पर ही दांव : भाजपा पिछली दो बार से भाजपा कोली कार्ड ही चल रही है। दो बार यह कार्ड लगातार जनता के बीच चल चुका है, लेकिन हर बार एक ही कार्ड रिपीट होना जनता को नहीं सुहाया, जबकि कांग्रेस ने चेहरा बदलकर उसका लाभ ले लिया। शुरुआती दौर में टिकट वितरण के समय ही भाजपा में अंदरखाने इसका विरोध हुआ था, लेकिन पार्टी इसे समझ नहीं सकी। रंजीता कोली का टिकट कटा और ऋतु बनावत को उस समय तवज्जो नहीं मिल सकी। फिर से रामस्वरूप कोली ही टिकट देना भाजपा को भारी पड़ गया।
3. कार्यकर्ताओं में खासी नाराजगी : भाजपा की हार के प्रमुख कारण के रूप में कार्यकर्ताओं की नाराजगी सामने आ रही है। यही वजह है कि हार की समीक्षा करने तक में पदाधिकारी कतराते नजर आ रहे हैं। इसकी वजह यह है कि समीक्षा बैठक में कार्यकर्ता तल्ख अंदाज में अपनी बात रख सकते हैं। सूत्रों का दावा है कि जिला संगठन को दरकिनार करके कुछ बाहरी व्यक्तियों का चुनाव में हस्तक्षेप रहा। ऐसे में मूल कार्यकर्ता हांशिये पर चला गया। इसका नतीजा यह रहा कि भाजपा को बुरी तरह मुंह की खानी पड़ी है।
Rajasthan Lok Sabha Election Results 2024 : किस बूथ पर किस दिग्गज की बची लाज
विधानसभा भरतपुर : भरतपुर विधानसभा की बात करें तो यहां पूर्व राज परिवार के सदस्य एवं पूर्व केबिनेट मंत्री विश्वेन्द्र सिंह मतदान करते हैं। सिंह बूथ संख्या 68 पर पक्काबाग के राजकीय स्कूल में मतदान करते हैैं। यहां भाजपा के रामस्वरूप कोली को 380 एवं कांग्रेस की संजना जाटव को 448 मत मिले हैं। वहीं पूर्व राज्यमंत्री डॉ. सुभाष गर्ग रंजीत नगर स्थित स्कूल में बूथ संया 47 पर मतदान करते हैं। यहां भाजपा को 585 एवं संजना को 113 मत मिले हैं। यहां भाजपा खासी बढ़त बनाने में कामयाब रही है। वहीं पूर्व विधायक विजय बंसल के बूथ संया 79 पर भाजपा को 521 एवं कांग्रेस को 165 मत मिले हैं। पूर्व सांसद पंडित रामकिशन के बूथ संया पर 149 पर भाजपा को 434 एवं कांग्रेस को 150 वोट मिले हैं। वहीं भाजपा जिलाध्यक्ष मनोज भारद्वाज शहर के बूथ संया 131 पर मतदान करते हैं। यहां भाजपा को 292 एवं कांग्रेस को 208 मत मिले हैं।
विधानसभा नगर : जवाहर सिंह बेढम सरकार में गृह राज्यमंत्री है। लोकसभा चुनाव में पार्टी इस विधानसभा से हारी है। जवाहर सिंह के बूथ संख्या 202 पर मतदान करते हैं। यहां से भाजपा को 281 मत मिले हैं, जबकि कांग्रेस यहां से 118 मत लेने में कामयाब रही है। बेढम के गांव की बात करें तो तीन बूथों पर भाजपा ने कुल 626 मत लिए हैं। गुर्जर वोटों पर नजर डालें तो नगर विस के गुर्जर बूथों पर एक-दो बूथों को छोड़कर ज्यादातर बूथों पर भाजपा को बढ़त मिली है। खोह क्षेत्र में गुर्जरों का रुख भाजपा की ओर रहा। वहीं कांग्रेस ने यहां से 683 मत हासिल किए हैं। वहीं कांग्रेस की बात करें तो पूर्व विधायक वाजिब अली बूथ संख्या 30 पर मतदान करते हैं। यहां से भाजपा को 616, जबकि कांग्रेस को 235 मत मिले हैं। यहां वाजिब पार्टी को मजबूती से खड़ा नहीं कर सके। वहीं वाजिब अली के बूथ कस्बा सीकरी में 10 बूथों पर भाजपा ने 5087 एवं कांग्रेस ने 2872 मत हासिल किए हैं। यहां वाजिब का असर कम नजर आया।
विधानसभा बयाना : लोकसभा चुनाव में कांग्रेस ने बयाना विधानसभा क्षेत्र से भी ज्यादा मत लिए हैं। यहां कांग्रेस की संजना को 5634 मत भाजपा से ज्यादा मिले हैं। यहां से भाजपा की टिकट पर बच्चू सिंह बंशीवाल चुनाव लड़े थे, लेकिन वह चुनाव हार गए। निर्दलीय के रूप में ऋतु बनावत यहां से विजयी रही हैं। बाद में ऋतु ने भी भाजपा का दामन थाम लिया है, लेकिन इसके बाद भी पार्टी यहां उदा प्रदर्शन नहीं कर सकी। बूथ संख्या 188 पर भाजपा के बंशीवाल एवं कांग्रेस के पूर्व विधायक अमर सिंह जाटव मतदान करते हैं। यहां से भाजपा को 255 तथा कांग्रेस को 243 मत मिले हैं। ऋतु अपने बूथ पर बढ़त बनाने में कामयाब हुई हैं। ऋतु बूथ संख्या 72 पर मतदान करती हैं। यहां से भाजपा को 442 तथा कांग्रेस को 190 वोट मिले हैं। पूर्व सांसद रंजीता कोली बूथ संख्या 68 पर मतदान करती हैं। यहां से भाजपा को 464 तथा कांग्रेस को 124 मत मिले हैं। यहां भाजपा बेहतर रही है। वहीं कांग्रेस जिलाध्यक्ष दिनेश सूपा भी अपनी पार्टी को अपने बूथ पर मजबूत रखने में कामयाब हुए हैं। सूपा के बूथ संख्या 44 पर भाजपा को 204 तथा कांग्रेस को 314 मत मिले हैं।
Rajasthan Lok Sabha Election 2024 : नदबई विधानसभा : नदबई विधानसभा क्षेत्र में यूं तो भाजपा को बढ़त मिली है, लेकिन विधायक जगत सिंह के बूथ संख्या पर भाजपा खास प्रदर्शन नहीं कर सकी। विधायक जगत सिंह भाग संख्या 270 गहनौली में मतदान करते हैं। यहां भाजपा को 206 एवं कांग्र्रेस को 209 मत मिले हैं। बूथ संख्या 230 पूर्व विधायक जोगिंदर सिंह अवाना मतदान करते हैं। यहां कांग्रेस की स्थिति अच्छी नहीं रही। अवाना यहां से कांगे्रस के टिकट पर चुनाव लड़े थे। अवाना के बूथ पर भाजपा को 373 मत मिले हैं, जबकि कांगे्रस को महज 185 मत मिले हैं। अवाना का प्रदर्शन यहां कमजोर ही रहा है।
डीग-कुम्हेर विधानसभा : डीग-कुहेर विधानसभा क्षेत्र की बात करें तो यहां 2869 मत कांग्रेस को भाजपा से ज्यादा मिले हैं, जबकि यहां से विधायक डॉ. शैलेष सिंह मंत्रिमंडल विस्तार के समय मंत्री पद की दौड़ में बताए जा रहे थे। यहां भी भाजपा पिछड़ी है। हालांकि डॉ. सिंह के कुहेर के सह गांव के बूथ पर भाजपा ज्यादा मत लाने में कामयाब रही है। यहां भाजपा के कोली को 328 तथा कांग्रेस की संजना को महज 88 मत मिले हैं।
विधानसभा कामां : कामां में भाजपा को करारी शिकस्त मिली है। यहां विधायक नौक्षम चौधरी का बूथ संख्या 203 मथुरा दरवाजा है। यहां से भाजपा प्रत्याशी रामस्वरूप कोली को 138 मत मिले हैं। वहीं कांग्रेस की संजना जाटव को 260 मत मिले हैं। नौक्षम चौधरी अपने बूथ पर भी भाजपा को जिताने में कामयाब नहीं हो सकी हैं। पूर्व विधायक जाहिदा खान के बूथ संख्या 170 गढाजान में भाजपा को 12 व कांग्रेस को 425 मत मिले हैं। यहां कांग्रेस अच्छी बढ़त लेने में कामयाब हुई है। यहां जाहिदा का कद बढ़ा है।
विधानसभा वैर : कांग्रेस की संजना जाटव ने अलवर की खेरली तहसील की ग्राम पंचायत समोचि के बूथ नंबर 200 पर मतदान किया। यहां 57.39 प्रतिशत मतदान कांग्रेस के पक्ष में हुआ। इनमें से भाजपा को महज 75 एवं कांग्रेस को 629 मत मिले हैं। अपने बूथ पर संजना ने बढ़त बनाए रखी। भाजपा के रामस्वरूप कोली ने बूथ नंबर 173 पर मतदान करते हैं। यहां भाजपा को 531 तथा कांग्रेस को 258 मत मिले हैं। यहां कोली अपने पक्ष में मतदान कराने में कामयाब रहे हैं।

Hindi News / Bharatpur / Election Result 2024 : भरतपुर लोकसभा सीट से भाजपा की हार का हुआ खुलासा, जानें पूरा मामला

ट्रेंडिंग वीडियो