श्री गंगानगर

‘मेरी जिंदगी में कोई गम नहीं होता…गर मां को तकदीर लिखने का हक होता’

श्रीकरणपुर में हैल्पिंग हैंड वुमन वेलफेयर सोसायटी का आयोजन, महिला प्रतिभाओं का किया सम्मान

श्री गंगानगरMay 16, 2024 / 09:05 pm

Ajay bhahdur

श्रीकरणपुर. कार्यक्रम के दौरान नृत्य पेश करते बालिका वैष्णवी। -पत्रिका

श्रीकरणपुर. मदर्स-डे व 11वें स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में हैल्पिंग हैंड वुमन वेलफेयर सोसायटी की ओर से गुरुवार शाम आयोजन हुआ। अरोड़वंश भवन में शाम करीब साढ़े सात बजे तक चले कार्यक्रम में प्रतिभाशाली महिलाओं का सम्मान किया गया। वहीं सांस्कृतिक कार्यक्रम भी पेश किए गए।
कार्यक्रम का आगाज अतिथियों ने मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर मुख्य अतिथियों कृष्णा सुखीजा, कुसुम अग्रवाल, आशा वाट्स, डिम्पी अग्रवाल, मंजु बंसल, संतोष मुटनेजा, कुलवीरकौर सैनी व प्रियंका बंसल आदि ने मां विषयक विचार व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि मां का रिश्ता अलौकिक है। मां से ऊंचा इस दुनिया में कोई दर्जा नहीं है और मां की महिमा का बखान शब्दों में नहीं किया जा सकता। संगठन की वरिष्ठ सदस्य सुषमा शारदा ने मेरी जिंदगी में कोई गम नहीं होता…गर मां को तकदीर लिखने का हक होता काव्य रचना सुनाकर श्रोताओं को भावुक कर दिया। बालिका वैष्णवी काठपाल, उमा व ईश्मीत कौर ने क्लासिकल नृत्य पेश कर मन मोह लिया। अमन एंड ग्रुप ने समूह नृत्य पेश किया। इस दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रमों व प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता के माध्यम से मनोरंजन भी किया गया और प्रतिभागियों को पुरस्कृत भी किया गया।

सृष्टि की जननी है नारी

संगठन की अध्यक्ष अनु तनेजा ने कहा कि नारी सृष्टि की जननी है। उन्होंने परिवार, समाज व देश के विकास में नारी की महत्ती भूमिका पर विचार व्यक्त किए। संयोजक तेजेंद्रपाल कौर बराड़ ने समाज सेवा को मानवता का सबसे बड़ा धर्म बताया। उन्होंने पिछले 11 वर्ष के दौरान संगठन की ओर से महिला सशक्तिकरण व बालिका उत्थान के क्षेत्र में किए गए सामाजिक सरोकारों का प्रतिवेदन पेश करते हुए पूरी टीम का आभार जताया। उन्होंने बताया कि जल्द ही संगठन की ग्रामीण शाखा का गठन भी किया जाएगा। सचिव डॉ.जयश्री बवेजा ने संगठन के क्रियाकलापों व उद्देश्यों की जानकारी दी। संगठन निदेशक गुरमीतकौर गिल, अध्यक्ष अनु तनेजा, उपाध्यक्ष अनीता मुंजाल, सचिव डॉ.जयश्री बवेजा, कोषाध्यक्ष किरण गिल, परविंद्र सोनी, रितु तनेजा, प्राची वाट्स, उमेश शर्मा नोनी, सुनीता अग्रवाल, संगम मनी व रितु शर्मा आदि ने व्यवस्था में सहयोग किया। साक्षी अरोड़ा व सेजल मुंजाल ने मंच संचालन किया। अध्यक्ष तनेजा ने बताया कि विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली 28 महिलाओं का सम्मान किया गया।

Hindi News / Sri Ganganagar / ‘मेरी जिंदगी में कोई गम नहीं होता…गर मां को तकदीर लिखने का हक होता’

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.