श्री गंगानगर

पालिका कर्मियों ने थाने के आगे लगाया धरना

शहर के वार्ड संख्या 26 में अतिक्रमण हटाने गए नगरपालिका अतिक्रमण रोधी दल में कनिष्ठ अभियंता व सहायक स्वच्छता निरीक्षक पर हमला करने के मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने से आक्रोशित नगरपालिका कर्मचारियों ने मंगलवार को सिटी थाना के बाहर धरना लगा दिया।

श्री गंगानगरOct 16, 2024 / 01:52 am

yogesh tiiwari

सूरतगढ़. सिटी पुलिस थाने के बाहर धरने पर बैठे कर्मचारी।

सूरतगढ़ (श्रीगंगानगर). शहर के वार्ड संख्या 26 में अतिक्रमण हटाने गए नगरपालिका अतिक्रमण रोधी दल में कनिष्ठ अभियंता व सहायक स्वच्छता निरीक्षक पर हमला करने के मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने से आक्रोशित नगरपालिका कर्मचारियों ने मंगलवार को सिटी थाना के बाहर धरना लगा दिया। वहीं मंगलवार को सफाई कर्मी भी टूल डाउन करते हुए आंदोलन में शामिल हो गए। इस दौरान नगरपालिका कर्मचारियों ने बीकानेर रोड को भी जाम कर दिया।
जिसके बाद डीएसपी ने आंदोलनरत नगरपालिका कर्मचारियों से वार्ता करते हुए दो आरोपियों की गिरफ्तारी की जानकारी दी। इसके बाद पालिका के मंत्रालयिक व सफाई कर्मचारियों ने आंदोलन समाप्ति की घोषणा करते हुए कार्य पर वापिस लौट आए। जानकारी के अनुसार गत 6 अक्टूबर को वार्ड संख्या 26 में अतिक्रमण हटाने गए पालिका अतिक्रमण रोधी दल में शामिल कार्यवाहक सहायक स्वच्छता निरीक्षक मनोज धोल व कनिष्ठ अभियंता सुरेन्द्रप्रताप ङ्क्षसह पर निर्माणकर्ताओं ने हमला कर दिया था। इस संबंध में सिटी पुलिस थाना में 7 अक्टूबर को एफआईआर दर्ज करवाने के साथ ही आक्रोशित नगरपालिका कर्मचारी पैन डाउन एवं झाडू डाउन आंदोलन पर चले गए। तीसरे दिन 9 अक्टूबर को पुलिस उपाधीक्षक प्रतीक मील ने तीनों जिलों के नगर निकाय पदाधिकारियों के साथ वार्ता करते हुए 14 अक्टूबर आरोपियों की गिरफ्तारी का आश्वासन दिया था। जिसके बाद सफाई कर्मचारी वापिस काम पर लौट आए। लेकिन निर्धारित तिथि तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने पर आक्रोशित कर्मचारी मंगलवार को नगरपालिका कर्मचारी फेडरेशन एवं अखिल भारतीय सफाई मजदूर संघ के नेतृत्व में सिटी पुलिस थाना के आगे धरने पर बैठ गए। इस दौरान सफाई कर्मी कचरा पात्र गाडिय़ा भी लेकर पहुंचे। इन गाडिय़ों को डीएसपी कार्यालय के बाहर रखा।

आंदोलन समाप्त

वहीं नगरपालिका कर्मचारियों के पुलिस थाना के आगे धरने पर बैठने की सूचना मिलने पर डीएसपी प्रतीक मील ने कर्मचारी नेताओं को वार्ता के लिए बुलाया। जिस पर नगरपालिका कर्मचारी फेडरेशन अध्यक्ष अंजू सहारण, कनिष्ठ अभियंता चरणङ्क्षसह मीणा, जीतराम झोरड़, अखिल भारतीय सफाई मजदूर संघ अध्यक्ष मनोज धौल, जिला महामंत्री मनिंदर सारसर, मोनू व गगन वार्ता में शामिल हुए। पुलिस उपाधीक्षक ने पुलिस कार्यवाही की जानकारी देते हुए बताया कि मामले में मगलवार को आरोपी बिरकाली नोहर निवासी विकास उर्फ पंकज वर्मा पुत्र धर्मपाल कुम्हार व कोहला हनुमानगढ़ निवासी अमित उर्फ अनिल पुत्र भागीरथ स्वामी निवासी कोला हनुमानगढ़ को गिरफ्तार किया गया है। शेष आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं। जिसके बाद नगरपालिका कर्मचारियों ने ईओ पूजा शर्मा की मौजूदगी में आंदोलन समाप्त करने की घोषणा करते हुए कार्य पर लौट आए।

Hindi News / Sri Ganganagar / पालिका कर्मियों ने थाने के आगे लगाया धरना

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.