bell-icon-header
श्री गंगानगर

12 एमडी टोल नाका का मामला : संयुक्त मोर्चा ने जिला कलक्ट्रेट का वाहनों से किया घेराव

-जिला कलक्टर की मध्यस्तता से वार्ता के बाद बनी सहमति

श्री गंगानगरSep 19, 2024 / 06:32 pm

Ajay bhahdur

अनूपगढ़. टोल नाका की दरें कम करने की मांग को लेकर वाहनों का घेराव करते वाहन।

अनूपगढ़. नेशनल हाईवे नंबर 911 घड़साना मार्ग पर स्थित टोल की दरों में की गई अत्यधिक वृद्धि (38 प्रतिशत) के विरोध में पूर्व घोषित कार्यक्रम के अनुसार संयुक्त किसान मोर्चा की तरफ से गुरुवार को वाहनों के साथ जिला कलक्टर कार्यलय का घेराव किया गया। घेराव के दौरान अनूपगढ़ से 27 से जाने वाले मार्ग पर वाहनों की दो लाइन लगाकर आवाजाही बंद कर दी गई, वहीं परशुराम चौक पर सडक़ के दोनों तरफ वाहन खड़े कर आवाजाही को बाधित कर दिया गया, लेकिन प्रशासन के समझाइश करने पर एक तरफ का रास्ता खोल दिया गया।
संयुक्त किसान मोर्चा की तरफ से कलक्ट्रेट के सामने एक सभा का आयोजन भी किया गया। जहां वक्ताओं ने घड़साना मार्ग पर लगाए गए टोल नाका को अवैध वसूली बताते हुए जिला प्रशासन पर अनेक आरोप लगाए। लोगों का आरोप है कि एक माह से टोल नाका पर धरना चल रहा है लेकिन प्रशासन की तरफ से कोई सुध नहीं ली गई है, मजबूरन वाहनों के साथ संयुक्त मोर्चे को कलेक्ट्रेट का घेराव करना पड़ा है। लोगों ने आरोप लगाया कि जून माह में जब पूरे देश में 3 से 5 प्रतिशत तक वृद्धि की गई थी लेकिन इस टोल नाका पर 38 प्रतिशत तक की वृद्धि कर दी गई। वहीं सरकार के द्वारा ही बनाए गए 20 किलोमीटर तक टोल फ्री के नियम की भी मानना नहीं की जा रही है। इस सभा में लोगों ने प्रशासन पर अन्य भी कई आरोप लगाए। सभा के दौरान श्योपत मेघवाल ने बेमियादी समय तक वाहनों को नहीं हटाने की घोषणा कर दी। उन्होनें कहा कि यह घेराव अब कुछ समय का नहीं है, जब तक टोल की दरें कम नहीं की जाती यह घेराव जारी रहेगा।

प्रशासन से हुई वार्ता, धरना रहेगा जारी

इसके बाद प्रशासन की तरफ से ग्यारह सदस्य कमेटी को वार्ता के लिए बुलाया गया। संयुक्त किसान मोर्चा के अलावा वार्ता में प्रशासनिक अधिकारी तथा एनएचआईए के अधिकारी भी शामिल हुए। लगभग पचास मिनट चली वार्ता से मीडिया कर्मियों को दूर रखा गया। जिला कलक्टर के अनुसार एनएचआईए के अधिकारियों (प्रोजेक्ट डायरेक्टर) ने आश्वासन दिया कि 24 घंटों में इस संबंध में रिपोर्ट बनाकर उच्चाधिकारियों को भेज दी जाएगी। वहीं संयुक्त किसान मोर्चा के पदाधिकारियों ने बताया कि वार्ता में यह साफ कर दिया गया कि जब तक 38 प्रतिशत तक बढ़ाए गए टोल को वापिस नहीं लिया जाता है तो टोल टैक्स शुरू नहीं करवाया जाएगा, सभी वाहन बिना टोल दिए ही टोल नाका को पार करेंगे। उसके लिए चाहे 24 घंटे लगाए जाए या 24 दिन। वहीं 20 किलोमीटर क्षेत्र को भी टोल फ्री करने सहित अन्य मांगें भी मानी जानी होगी। संयुक्त किसान मोर्चा की तरफ से वार्ता में बात रखने के बाद के बाद वाहन हटा लिए। जब तक घेराव चला, पुलिस की तरफ से घेराव करने वाले वाहनों की वीडियोग्राफी करवाई गई। हालांकि समाचार लिखे जाने तक सडक़ रोकने के कारण किसी पर भी मामला दर्ज नहीं हुआ है।

वार्ता के बाद मीडिया कर्मियों के समक्ष पलटे

जिला कलक्टर के अनुसार भारत माला सडक़ परियोजना के पीडी ने वार्ता में यह आश्वासन दिया कि आगामी 24 घंटे में टोल कम करने का प्रस्ताव बनाकर उच्चाधिकारियों को भेज दिया जाएगा, लेकिन जब मीडिया कर्मियों ने वार्ता के बाद पीडी से इस संबंध में सवाल किया तो वह साफ मुकर गए। पहले तो पीडी मीडिया के सवालों से बचते नजर आए जब मीडिया ने वार्ता में क्या फैसला लिया इस बारे में जोर देकर पूछा तो उन्होंने कहा कि उन्हें जिला कलक्टर की तरफ से बुलाया गया था। लोगों की टोल संबंधी समस्या थी, उसे मैंने सुना है, प्रस्ताव बनाकर भिजवाना है लेकिन 24 घंटे या 25 घंटे ऐसा कुछ समय तय नहीं हुआ है। इससे पूर्व भी उपखंड अधिकारी के साथ टोल संचालक की वार्ता में 20 किलोमीटर तक टोल मुक्त करने की मांग को लेकर सहमति बनी थी, लेकिन वार्ता के अगले दिन ही टोल संचालक अपनी बात से मुकर गए।

Hindi News / Sri Ganganagar / 12 एमडी टोल नाका का मामला : संयुक्त मोर्चा ने जिला कलक्ट्रेट का वाहनों से किया घेराव

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.