scriptविश्व सिकल सेल दिवस : ढाई माह में डेढ़ लाख से ज्यादा की स्क्रीनिंग, 845 में सिकल सेल की पुष्टि | Patrika News
खास खबर

विश्व सिकल सेल दिवस : ढाई माह में डेढ़ लाख से ज्यादा की स्क्रीनिंग, 845 में सिकल सेल की पुष्टि

जांच में 3234 वाहक मिले, 57565 लोगों को मिला जेनेटिक काउंसलिंग कार्ड

शाहडोलJun 19, 2024 / 12:33 pm

Ramashankar mishra

शहडोल. आदिवासी बाहुल्य क्षेत्र में सिकल सेल एनीमिया जैसी बीमारियों ने घर कर रखा है। यह बीमारी अनुवांशिक होती है जो कि माता पिता से बच्चों में पहुंचती है। इसके लिए सावधानी ही सबसे बड़ा उपाय है। जागरुकता की कमी की वजह से यह बीमारी ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों में ज्यादा सामने आ रही है। इसे जड़ से समाप्त करने शासन स्तर पर विशेष अभियान चलाया जा रहा है। साथ ही समाजसेवी व विभिन्न संगठनों की मदद से ज्यादा से ज्यादा लोगों को जागरुक किया जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग की टीम गांव-गांव पहुंच लोगों की स्क्रीनिंग कर जांच कर रही है। साथ ही उन्हे अपने बच्चों को इस बीमारी से बचाने कौन-कौन सी सावधानी बरतनी है इसके लिए भी जागरुक कर रही है।

जिला चिकित्सालय में बनाया विशेष वार्ड
सिकल सेल मरीजों के लिए जिला चिकित्सालय में विशेष वार्ड बनाया गया है। यहां सिकल सेल से ग्रसित बच्चों के इलाज के साथ ही उन्हे ब्लड चढ़ाने की समुचित व्यवस्था बनाई गई है। ब्लड बैंक से सिकलसेल व थैलेसीमिया से ग्रसित बच्चों को नि:शुल्क ब्लड के साथ ही जिला चिकित्सालय से इन्हे नियमित दवा भी उपलब्ध कराई जा रही है। इसके अलावा लोगों को जागरुक भी किया जा रहा है।
1267 लोगों की चल रही है जांच प्रक्रिया
वर्ष 2024-25 में जिले के 4 लाख 29 हजार 177 लोगों की स्क्रीनिंग का लक्ष्य स्वास्थ्य विभाग को मिला है। अप्रेल 2024 से अब तक स्वास्थ्य विभाग ने 1 लाख 62 हजार 263 लोगों का पंजीयन कर 1 लाख 60 हजार 484 लोगों की स्क्रीनिंग कर चुका है। स्क्रीनिंग के बाद अब तक जिले में 845 लोगों में सिकलसेल की पुष्टि हुई है। वहीं 3234 लोग वाहक मिले हैं, इनमें सिकलसेल के जींस तो पाए गए हैं लेकिन लक्षण नहीं मिले हैं, वहीं 1267 लोगों की जांच प्रक्रिया चल रही है।

अब तक 60441 लोगों के बने कार्ड
स्वास्थ्य विभाग द्वारा स्क्रीनिंग व जांच के बाद जेनेटिक काउंसलिंग कार्ड बना रहा है। अब तक 60 हजार 441 लोगों के कार्ड तैयार किए जा चुके हैं, इनमें से 57 हजार 565 लोगों को कार्ड वितरित भी किए जा चुके हैं। यह कार्ड सिकल सेल मरीजों की पहचान में काफी कारगर है। इससे मरीजों को चिन्हित करने के साथ ही सिकल सेल से बचाव में भी काफी मददगार है।

इनका कहना है
सिकलसेल जैसी बीमारी से बचाव के लिए जागरुकता अभियान चलाया जा रहा है। लोगों की स्क्रीनिंग की जा रही है व उनके जेनेटिक काउंसलिंग कार्ड भी बनाए जा रहे हैं।
डॉ. एके लाल, सीएमएचओ शहडोल
……………….
सकलसेल व थैलेसीमिया के मरीजों के लिए सिकलसेल वार्ड तैयार कराया गया है। आवश्यकतानुसार इन्हे नि:शुल्क ब्लड उपलब्ध कराया जा रहा है। साथ ही आवश्यक दवाएं भी नि:शुल्क दी जा रही है।
डॉ. सुधा नामदेव, ब्लड बैंक प्रभारी जिला चिकित्सालय शहडोल

Hindi News / Special / विश्व सिकल सेल दिवस : ढाई माह में डेढ़ लाख से ज्यादा की स्क्रीनिंग, 845 में सिकल सेल की पुष्टि

ट्रेंडिंग वीडियो