bell-icon-header
खास खबर

राजस्थान में शादी में मचा कोहराम, लोगों के अचानक होने लगे उल्टी—दस्त..

एक शादी समारोह में खाना खाने के बाद 150 लोग फूड प्वाइजनिंग की वजह से बीमार हो गए।

जयपुरMay 31, 2024 / 11:21 am

Manish Chaturvedi

जयपुर। प्रदेश में बहरहाल गर्मी में फूड प्वाइजनिंग के मामले लगातार बढ़ रहे है। एक बार फिर फूड प्वाइजनिंग का मामला सामने आया है। टोंक जिले के केकड़़ी में एक शादी समारोह में खाना खाने के बाद 150 लोग फूड प्वाइजनिंग की वजह से बीमार हो गए। स्थानीय ग्रामीणों द्वारा हालत खराब होने पर सभी बीमार लोगों को केकड़ी जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां 6 से अधिक लोगों का इलाज चल रहा है। वहीं दो लोगो को गंभीर हालात में अजमेर रेफर कर दिया है। बाकी अन्य को प्राथमिक उपचार के बाद वापस घर भेज दिया गया है। घटना बीजवाड़ गांव में गुरुवार शाम 8 बजे की है।
जानकारी के अनुसार बीजवाड़ गांव में एक शादी समरोह में स्नेह भोज का आयोजन किया गया था। करीब एक हजार से अधिक लोगों ने शादी में खाना खाया था। खाना खाने के कुछ घंटों बाद ही लोगों को उल्टी होने के साथ ही पेट में गड़बड़ी और दस्त की शिकायत होने लगी। जिससे 150 लोग फूड प्वाइजनिंग के कारण बीमार हो गए। जिसके बाद ग्रामीणों ने घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शादी स्नेह भोज स्थल पर भोजन शाला में रखे खाद्य सामग्री की जांच की।
पुलिस ने बताया कि शादी समारोह में खाना खाने के बाद 150 लोग फूड प्वाइजनिंग की वजह से बीमार हो गए। मामले में जांच की तो सामने आया कि भोजन बनाने के लिए उपयोग में लाए गए मावे में खटाई की बदबू आ रही थी। जो पूरी तरह खराब था।
पिछले 4 दिन में फूड प्वाइजनिंग के मामले…

केस 1 —

झालावाड़ स्थित अकलेरा के जामुनिया कला गांव में बुधवार देर रात को फूड पॉइजन के कारण एक ही परिवार के 18 जने बीमार हो गए। उनको अस्पताल ले जाया गया। सभी लोगों ने तरबूज खाया था। जिसके बाद सभी लोगों के उल्टी-दस्त और जी घबराने से तबीयत बिगड़ने लगी। इसके बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
केस 2 —

उदयपुर के कोटड़ा में 28 मई को फूड प्वाइजनिंग के कारण चार लोगों की मौत हो गई थी। इसके अलावा तीन दर्जन से ज्यादा लोग अस्पताल में भर्ती हो गए थे। एक शादी समारोह में खाना खाने के बाद देर रात इन लोगों की तबीयत बिगड़ी थी। देर रात लोगों के उल्टी—दस्त शुरू हुए। इस दौरान चार लोगों ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। अन्य 30—35 लोगों को अस्पताल ले जाया गया। इनमें से 12 जनों को गुजरात रैफर किया गया था।

संबंधित विषय:

Hindi News / Special / राजस्थान में शादी में मचा कोहराम, लोगों के अचानक होने लगे उल्टी—दस्त..

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.