अलवर, सीकर, फलौदी व चूरू में अधिक गिरा पारा, देखे वीडियो
40.7 की जगह पारा 29 डिग्री पहुंचा गर्मी में बढ़ी ठिठुरन
दिन का तापमान सामान्य से 11.7 व रात का पारा 5 डिग्री कम, जिले में 24 घंटे में 5.4 मिमी बारिश दर्ज
सामान्य से पारा सर्वाधिक गिरा
जिला अधिकतम सामान्य से कम
अलवर 29.0 11.7
सीकर 26.2 13.0
फलौदी 29.0 12.5
चूरू 29.5 11.8
पांच मई तक बूंदाबांदी के आसार, 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने की संभावना, बढ़ेगी ठंडक
अलवर. मई माह के पहले और दूसरे दिन बदले मौसम के मिजाज ने गर्मी की जगह ठंडक का एहसास करा दिया। बारिश के कारण प्रदेश में अलवर, सीकर, फलौदी व चूरू जिले में सर्वाधिक तापमान में गिरावट दर्ज की गई। इन जिलों में सामान्य से 11.7 डिग्री तक तापमान कम रहा जबकि इस समय अधिकतम तापमान 40.7 डिग्री तक पहुंच जाता है। वहीं न्यूनतम तापमान में भी पांच डिग्री तक की गिरावट हुई है जो अब तक की सर्वाधिक बताई जा रही है। मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के मुताबिक अगले पांच मई तक हल्की बारिश होने की संभावना है। 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी। अनुमान है कि तापमान में और गिरावट दर्ज की जा सकती है। मौसम का बदलाव दो-तीन दिन से चल रहा है। यहां सोमवार को हल्की बारिश हुई। आसमान में धुंध जमा हो गई। यहां सामान्य से तापमान 40.7 डिग्री की बजाय अधिकतम पारा 29 डिग्री रहा। दिनभर ठंडी हवाएं चलीं तो रात के तापमान में भी गिरावट आई। यह पारा 19.5 डिग्री रहा। रविवार का तापमान अधिकतम 35.5 डिग्री व न्यूनतम 19.5 डिग्री रहा। ठंडक बढ़ने से बाजार पर भी असर पड़ रहा है।