scriptSIROHI दो सीटें जीतने के बावजूद सिरोही में हार के कारण लुम्बाराम ने गंवाई कुर्सी, आखिर कैसे..जानने के लिए क्लिक करें… | - Narayana Purohit to be BJP's new District President | Patrika News
सिरोही

SIROHI दो सीटें जीतने के बावजूद सिरोही में हार के कारण लुम्बाराम ने गंवाई कुर्सी, आखिर कैसे..जानने के लिए क्लिक करें…

– नारायण पुरोहित होंगे भाजपा के नए जिलाध्यक्ष

सिरोहीJan 29, 2019 / 03:07 pm

Bharat kumar prajapat

sirohi

SIROHI

सिरोही. भाजपा जिलाध्यक्ष के नाते लुम्बाराम चौधरी सोमवार दोपहर कार्यकर्ताओं के साथ रैली के रूप में कलक्ट्रेट पहुंचे और पूर्व राज्यमंत्री ओटाराम देवासी की मौजूदगी में कलक्टर को ज्ञापन सौंपकर सभी किसानों के ऋण माफ करने की मांग की। शाम होते-होते भाजपा के प्रदेश मुख्यालय से 15 नए जिलाध्यक्षों की घोषणा की गई। इसमें सिरोही से नारायण पुरोहित को नया जिलाध्यक्ष बनाया गया। पुरोहित पूर्व में भी जिलाध्यक्ष रह चुके हैं। पुरोहित ने कहा कि जिम्मेदारी का निर्वहन मुस्तैदी से करेंगे। सभी को साथ लेकर पार्टी की मजबूती के लिए कार्य करेंगे।
कुछ कार्यकर्ताओं में चर्चा रही कि सिरोही जिले की तीन विधानसभा सीटों में से भाजपा को दो सीटें दिलाने के बावजूद जिलाध्यक्ष को बदल दिया गया। हालांकि कुछ पुराने कार्यकर्ता दबी जुबां से यह भी कहते नजर आए कि सिरोही विधानसभा सीट हारने का इन्हें खमियाजा भुगतना पड़ा है। पूर्व पदाधिकारी कई बार सिरोही आए प्रदेश नेताओं के समक्ष चौधरी को हटाने की मांग कर चुके हैं।
हालांकि निवर्तमान जिलाध्यक्ष लुम्बाराम चौधरी इसे सिरे से खारिज करते हैं। उनका कहना है कि विधानसभा चुनाव में उन्होंने पूरे तन-मन से काम किया और तीन में से दो सीटें भाजपा जीती। उन्होंने यह भी कहा कि जनता ने पार्टी प्रत्याशी को खूब वोट दिए, बावजूद इसके सिरोही की सीट जरूर जीतते-जीतते रह गई। इसका हमें भी दुख है। यहां निर्दलीय की जीत हुई लेकिन कांग्रेस उम्मीदवार जमानत भी नहीं बचा पाए।
उन्होंने कहा कि वे दो बार भाजपा जिलाध्यक्ष रह चुके हैं और अब पार्टी ने आगामी लोकसभा चुनाव को देखते हुए जो फैसला किया है वह सर्वोपरि है। आने वाले चुनावों में भी पार्टी के लिए तन-मन से काम करते रहेंगे। पूर्व मंत्री ओटाराम देवासी ने कहा कि यह संगठन का फैसला है और संगठन जो करेगा वह सही है। इसमें उनकी कोई भूमिका नहीं है।

Hindi News / Sirohi / SIROHI दो सीटें जीतने के बावजूद सिरोही में हार के कारण लुम्बाराम ने गंवाई कुर्सी, आखिर कैसे..जानने के लिए क्लिक करें…

ट्रेंडिंग वीडियो