सिरोही

आबूरोड-माउंट में वीरेन्द्र देव दीक्षित के आश्रम में सीबीआई का छापा

बाबा वीरेन्द्र देव दीक्षित की गिरफ्तारी को लेकर सीबीआई टीम ने बुधवार को आबूरोड व माउंट आबू स्थित आश्रमों में छापेमारी की।

सिरोहीJan 18, 2018 / 08:33 am

Santosh Trivedi

आबूरोड (सिरोही)। दिल्ली के आध्यात्मिक विश्वविद्यालय के बाबा वीरेन्द्र देव दीक्षित की गिरफ्तारी को लेकर सीबीआई टीम ने बुधवार को आबूरोड व माउंट आबू स्थित आश्रमों में छापेमारी की। लेकिन दीक्षित का कोई सुराग नहीं लग पाया।
 

वीरेन्द्र देव दीक्षित की तलाश में सीबीआई दिल्ली से तीन सदस्यों की टीम आबूरोड व माउंट आबू के केन्द्रों पर जांच के लिए पहुंची। शहर पुलिस की मौजूदगी में केन्द्र की जांच कर टीम रवाना हो गई। इस दौरान टीम ने मीडिया से दूरी बनाए रखी।
 

इस सम्बंध में स्थानीय पुलिस से भी जानकारी जुटाने का प्रयास किया गया। लेकिन पुलिस की ओर से भी कार्रवाई को लेकर गोपनीयता बरती गई। बाद में टीम सदर थाने पहुंची, जहां से आवश्यक जानकारी के बाद माउंट आबू स्थित केन्द्र पर भी पड़ताल की। सीबीआई ने रोहिणी आश्रम में कई लड़कियों को बंधक बनाकर रखने के आरोपी बाबा वीरेंद्र देव दीक्षित के खिलाफ 3 केस दर्ज किए है।।
 

गौरतलब है कि पूर्व में भी राज्य बाल संरक्षण आयोग के सदस्य संस्थान में जांच कर चुके हैं। गत वर्ष भी दिल्ली पुलिस केन्द्र पर एक गुमशुदा लड़की तलाश में जांच करने पहुंची थी।
 

राजस्थान में बाबा वीरेन्द्र देव दीक्षित के दाे आश्रम हैं, जहां बाबा दीक्षित साल में कई बार आता था। यहां रह रही युवतियों और किशोरियों का कहना है कि यहां कुछ भी गलत नहीं है। हालांकि दीवारों पर लिखी बातें और वहां से मिला साहित्य बाबा के रंगीले मिजाज की ओर इशारा करता है।
 

यहां पर बाबा के आश्रम में करीब सत्तर किशोरियां, युवतियां और महिलाएं मिलीं, जो राजस्थान के अलावा देश के कई राज्यों से आई थीं। ये तीन से पांच साल से यहां पर रह रही थीं। बाबा के इस आश्रम से करीब सत्तर युवतियों और किशोरियों को निकाला गया।
 

कुछ को नारी निकेतन भेजा गया और कुछ को उनके परिजनों के पास भेजा गया। हालांकि अधिकतर किशोरियों और युवतियों का यही कहना था कि वे अपनी मर्जी से यहां रह रही हैं और धार्मिक गतिविधियों में शामिल हैं। बाबा के जयपुर स्थित आश्रम में भी करीब दो दर्जन युवतियों और किशोरियों ने डेरा डाले रखा है।
 

बाबा वीरेन्द्र के खिलाफ दिल्ली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की थी। बाबा के आश्रम पर रेड डालने से कुछ समय पहले ही बाबा फरार हो गया था। तब से लेकर अब तक देश के कई राज्यों में कार्रवाई जारी है। बाबा के कुछ आश्रमों में से अब तक दर्जनाें युवतियों, महिलाओं और किशोरियों को छुड़ाया जा चुका है।
 

बाबा के क्रिया कलापों को देखते हुए दिल्ली हाईकोर्ट भी बेहद गंभीर है। इस मामले में दिल्ली की एक एनजीओ ने कोर्ट में रिट फाइल की थी और उसके बाद कोर्ट ने इस पर एक्शन लिया था। एनजीओ के कार्यकर्ताओं का आरोप था कि युवतियों और किशोरियों के साथ बाबा गलत काम करता है और उनको अपने आश्रम पर रखता है।

Hindi News / Sirohi / आबूरोड-माउंट में वीरेन्द्र देव दीक्षित के आश्रम में सीबीआई का छापा

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.