bell-icon-header
शाजापुर

‘भाजपा के सदस्य बनों वरना छाती पर गोली खाओ’, आखिर दिग्विजय सिंह ने क्यों कही ऐसी बात

Maksi News : उपद्रव के तीसरे दिन दिग्विजय सिंह मक्सी पहुंचे। उन्होंने फायरिंग में जान गवाने वाले अमजद के घर पहुंचकर शोकाकुल परिजन से मुलाकात कर ढांढस बंधाया। यहां से पैदल रेस्ट हाउस पहुंचे। यहां आयोजित प्रेस कान्फ्रेंस में उन्होंने भाजपा और पुलिस प्रशासन को जमकर आड़े हाथ लिया।

शाजापुरSep 28, 2024 / 09:17 am

Faiz

Maksi News : मध्य प्रदेश के शाजापुर जिले के अंतर्गत आने वाले मक्सी शहर में उपद्रव के तीसरे दिन शुक्रवार को एमपी के पूर्व सीएम और राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह मक्सी पहुंचे। यहां वो फायरिंग के दौरान जान गवाने वाले अमजद के घर पहुंचे। मृतक के परिजन के साथ मिलकर उन्होंने ढांढस बंधाया। इसके बाद पैदल ही रेस्ट हाउस पहुंचे। यहां आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान उन्होंने भाजपा और पुलिस प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए।
दिग्विजय सिंह ने कहा कि अमजद की जान शाजापुर एसपी और मक्सी थाना प्रभारी के निकम्मेपन से गई है। मैंने एसपी से पूछा कि, किसी को गिरफ्तार किया तो कहते हैं… ‘प्रोसेस में हैं।’ ये लड़ाई हिंदू-मुस्लिम की नहीं है। ये लड़ाई भाजपा की दादागिरी के खिलाफ है। कांग्रेस से जब आवाज उठाई कि, मैं आपका सदस्य नहीं बनूंगा तो उन्होंने कहा- गोली खाओ और अमजद को गोली मार दी। हमारी लड़ाई शासन, प्रशासन, मध्य प्रदेश पुलिस और भाजपा से हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री से मांग की है कि मक्सी थाना प्रभारी और एसपी को यहां से हटाकर मामले की न्यायिक जांच की जाए।
यह भी पढ़ें- मक्सी में दो पक्षों के विवाद के बाद पूरा शहर बंद, धारा 163 लागू, चप्पे-चप्पे पर भारी पुलिस तैनात

मिस्ड कॉल सर्टिफिकेट लो, बेखौफ हो जाओ

दिग्विजय सिंह ने कहा कि भाजपा का सदस्यता अभियान ऐसा है कि मिस्ड कॉल दो और भाजपा का सदस्य बनो। फिर चाहे वो कितना ही बड़ा गुंडा हो, अपराधी हो, तस्कर हो, पुलिस उसे हाथ नहीं लगा सकती। क्योंकि उसके पास भाजपा का मिस्ड कॉल सर्टिफिकेट है। उन्होंने आरोप लगाया कि फसाद की जड़ भाजपा का सदस्यता अभियान है। भाजपा के सदस्य बनो, नहीं तो छाती पर गोली खाओ। दिग्विजय सिंह ने कहा कि, पुलिस भाजपा के गुलाम की तरह काम कर रही है। उनके लिए कोई नियम नहीं है, कानून नहीं है, संविधान नहीं हैं। पूरे प्रदेश को बर्बाद कर दिया भाजपा ने।
यह भी पढ़ें- एमपी में दुर्गा पंडालों को लेकर खास गाइडलाइन जारी, आदेश नहीं माना तो आयोजक पर होगी FIR

मुझे आतंकी बताया, पर मुझपर कोई मुकदमा तक नहीं

इस दौरान दिग्विजय सिंह ने आरोप लगाया कि पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा दोनों ने मेरे खिलाफ बयान दिया था कि दिग्विजय सिंह आतंकी हैं। मैं थाने पहुंचा तो टीआई ने कहा कि आप पर कोई मुकदमा नहीं है। मैंने कहा कि, फिर ये झूठ क्यों बोलते हैं मुख्यमंत्री ? दूसरी तरफ आईएसआई के लिए पैसा लेकर जासूसी कर रहे थे ध्रुव सक्सेना और बजरंग दल के लोग, लेकिन उनके खिलाफ राष्ट्रद्रोह का कानून नहीं बना। उनकी जमानत नीचे से ही हो गई। हमारी सरकार रह जाती तो एक-एक मुकदमा लड़ते। उस पर भी मैं मुकदमा हाथ में लूंगा। जो लोग खुलेआम आईएसआई से पैसा ले रहे हैं, उसके मैं 15 नाम गिना सकता हूं कि बजरंग दल के कौन-कौन थे। उन्होंने कहा कि भाजपाई कहते हैं कि दिग्विजयसिंह पाकिस्तान चले जाओ। हम तो कभी नहीं गए, लेकिन मोदीजी गए थे बिरयानी खाने के लिए। उनसे किसी ने क्यों नहीं पूछा?

Hindi News / Shajapur / ‘भाजपा के सदस्य बनों वरना छाती पर गोली खाओ’, आखिर दिग्विजय सिंह ने क्यों कही ऐसी बात

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.