सिवनी

Big news: तीन की मौत से छाया मातम, देर रात हुआ मां काली प्रतिमा का विसर्जन

चल समारोह से पहले बड़ा हादसा, करंट से झुलसे लोग, तीन की मौत, पांच घायल

सिवनीOct 17, 2024 / 11:36 pm

ashish mishra

सिवनी. लखनादौन विधानसभा क्षेत्र के धूमा में गुरुवार शाम को हुए हादसे के बाद मातम छा गया। हर तरफ गम का माहौल था। चल समारोह के लिए लाए गए डीजे सहित अन्य सामान वापस कर दिए गए। देर रात शांतिपूर्ण माहौल में तालाब में मां काली प्रतिमा का विसर्जन किया गया। बता दें कि धूमा में गुरुवार शाम को मां काली के चल समारोह से पहले करंट की चपेट में आने से 8 से अधिक लोग बुरी तरह झुलस गए। इसमें से तीन लोगों की मौत हो गई। पांच की हालत गंभीर होने पर उन्हें जबलपुर रेफर किया गया है। हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी नवरात्र के पंचमी पर मां काली की स्थापना समिति ने धूमा में की थी। प्रथा के अनुसार गुरुवार रात विसर्जन से पहले धूमधाम से चल समारोह निकाला जाना था। मां की 17 फीट की प्रतिमा पंडाल में रखी हुई थी। वही प्रतिमा को जिस ट्राला में ले जाना था वो लगभग तीन सौ मीटर दूर ही एक ग्राउंड में खड़ा था। बताया जाता है कि कुछ युवक शाम 4 बजे के आसपास ट्राला को पंडाल की तरफ लाने लगे। इसी दौरान ट्राला रास्ते में बिजली के खंभे के संपर्क में आ गया। खंभे में 11 केवी का करंट दौड़ रहा था। इसकी चपेट में आने से 8 लोग झुलस गए। आनन फानन में सभी को अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां तीन लोगों ने दम तोड़ दिया। वही पांच लोगों को हालत गंभीर होने पर जबलपुर रेफर किया गया है। मौके पर पहुंचे एसपी सुनील मेहता ने परिजनों से बातचीत की। वहीं अधिनस्थ अधिकारियों को मामले की जांच कर कार्रवाई करने की बात कही।
नकी हुई मौत
मरने वालों में धूमा निवासी नीलेश कुशवाहा पिता राकेश कुशवाहा (24), रवि विश्वकर्मा पिता मुन्नालाल विश्वकर्मा(25), मुकेश यादव पिता मुन्ना यादव (28) शामिल है।

ये हैं घायल
हादसे में पांच लोग घायल हुए हैं। इसमें धूमा निवासी
निखिल पिता नेतराम शिवहरे( 25), मोनू रजक पिता निरंजन रजक(26), अजय विश्वकर्मा पिता रमेश विश्वकर्मा(35), सागर पिता संतोष(14), बलराम यादव पिता भीकम यादव(14) शामिल है।
ये है पूरा मामला
प्रतिवर्षानुसार सार्वजनिक महाकाली उत्सव समिति, धूमा द्वारा नवरात्र के पंचमी के दिन मां काली की प्रतिमा पंडाल में स्थापित की गई थी। गुरुवार को प्रतिमा के विसर्जन से पहले रात 8 बजे चल समारोह एक ट्राली में रखकर निकाला जाना था। पंडाल से लगभग 300 मीटर दूर स्टेडियम के पास ट्राली(रथ) खड़ी थी। शाम 4 बजे के आसपास कुछ युवक ट्राली को खुद ही खींचकर पंडाल की तरफ लाने लगे। रास्ते में एक बिजली का खंभा था, जिस पर 11 केवी की लाइन दौड़ रही थी। बताया जाता है कि ट्राली में लोहे के पाइप लगे थे जो बिजली के तार के संपर्क में आ गए। इससे ट्राली में करंट फैल गया और युवक उसकी चपेट में आकर झुलस गए।
देर रात हुआ रावण दहन और विसर्जन
हादसे की खबर सुनकर क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। सूचना पाकर मौके पर पहुंचे एसपी सुनील मेहता, एसडीएम रवि सिहाग, थाना प्रभारी सतीश उइके सहित अन्य पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने मोर्चा संभाला। देर रात शांतिपूर्वक तरीके से रावण दहन एवं प्रतिमा विसर्जन किया गया।
दो-दो लाख रुपए की आर्थिक सहायता
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शोकाकुल परिवारों के प्रति गहरी शोक संवेदना व्यक्त की। मुख्यमंत्री स्वेच्छानुदान से मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपए की आर्थिक सहायता राशि देने के निर्देश दिए हैं। दुर्घटना में घायलों के समुचित उपचार हेतु जिला प्रशासन को निर्देशित किया है।
इनका कहना है..
धूमा में मां काली की प्रतिमा का विसर्जन से पहले चल समारोह निकाला जाना था। जिस रथ पर प्रतिमा रखी जानी थी वह पंडाल से कुछ दूर रखी हुई थी। कुछ युवक रथ को ला रहे थे। इसी दौरान करंट की चपेट में आ गए। घायलों को जबलपुर रेफर किया गया है। तीन लोगों की मौत हो गई है। मामले की जांच कराई जा रही है जो दोषी होगा उस पर कार्रवाई की जाएगी।
सुनील मेहता, एसपी, सिवनी

संबंधित विषय:

Hindi News / Seoni / Big news: तीन की मौत से छाया मातम, देर रात हुआ मां काली प्रतिमा का विसर्जन

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.