सिवनी

Police ; सिपाही से एसआई बने 179 पुलिसकर्मी अब बन गए इंस्पेक्टर

– सूची में नाम होने के बाद भी नहीं मिली थी पदोन्नति- ‘पत्रिका’ की खबर के बाद शासन ने लिया संज्ञान

सिवनीFeb 02, 2024 / 10:05 pm

akhilesh thakur

Police ; सिपाही से एसआई बने 179 पुलिसकर्मी अब बन गए इंस्पेक्टर

सिवनी. सिपाही से पदोन्नत होकर एसआई (उप निरीक्षक) बनने वाले 179 पुलिसकर्मी अब इंस्पेक्टर (निरीक्षक) बन गए हैं। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के आदेश पर बीते माह तैयार की गई सूची में उनके नाम थे, लेकिन डीजीपी ने अंतिम समय सीधे एसआई बनने वालों को पदोन्नत दी और उनकी सूची पर रोक लगा दिया। 16 जनवरी को ‘पत्रिका’ ने ‘सिपाही से एसआई बनने वाले नहीं बन पाए इंस्पेक्टर, अरमानों पर फिरा पानी’ शीर्षक से खबर प्रकाशित किया। शासन ने उक्त खबर को संज्ञान में लिया। इसके बाद आदेश जारी कर ऐसे 179 एसआई को इंस्पेक्टर बनाया है, जिसमें जिले के पांच एसआई शामिल है।

पुलिस मुख्यालय से आदेश के बाद पदोन्नति पाने वाले सभी पुलिसकर्मियों के चेहरें खिल गए हैं। पुलिसकर्मियों ने ‘पत्रिका’ के प्रति आभार प्रकट किया है। उनका कहना है कि पहली सूची में नाम आने की जानकारी के बाद हमलोगों ने नई वर्दी सिलवाने सहित सारी तैयारी कर ली थी। इसकी जानकारी रिश्तेदार व दोस्तों को दे दी थी। इसबीच जारी सूची में जब हमलोगों के नाम नहीं आए तो आंखो से आंसू निकल गए।
बताया जा रहा है कि इनमें कई ऐसे भी एसआई है, जो कुछ माह या एक से दो वर्ष में सेवानिवृत्त होने वाले हैं। उनका एक ही सपना था कि उनके कंधे पर भी तीन स्टार लग जाए। लेकिन पहली सूची में नाम नहीं होने से उनके अरमानों पर पानी फिर गया था। इसकी जानकारी के बाद ‘पत्रिका’ ने इस खबर को प्रमुखता से उठाया। सिवनी विस के भाजपा विधायक दिनेश राय मुनमुन से बात की। उन्होंने अपने स्तर से इस मामले को शासन के संज्ञान में लाने की बात कही थी। इसके बाद 29 को नई सूची जारी हुई, जिसमें सिपाही से एसआई बने पुलिसकर्मियों के चेहरे खिल गए और वे भी इंस्पेक्टर बन गए हैं।
जिले से इंस्पेक्टर बनने वाले एसआई
जिले के पांच एसआई इंस्पेक्टर बने हैं। सभी को नई पोस्टिंग मिल गई है। इसमें ईश्वरी पटले पुलिस लाइन से अजाक्स पुलिस मुख्यालय भोपाल, सूर्यकांत पटले कान्हीवाड़ा थाना से अजाक्स पुलिस मुख्यालय भोपाल, नर्मदा प्रसाद चौधरी छपारा थाना से पुलिस मुख्यालय भोपाल, डुल्लीचंद मेश्राम पुलिस अधीक्षक कार्यालय से पीटीएस पंचमढ़ी व संपत्ति मरावी कोतवाली थाना से पीटीएस पंचमढ़ी में पदोन्नत के बाद अपनी सेवाएं देंगे।

Hindi News / Seoni / Police ; सिपाही से एसआई बने 179 पुलिसकर्मी अब बन गए इंस्पेक्टर

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.