13 जनवरी 2026,

मंगलवार

Patrika LogoSwitch to English
home_icon

होम

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

सतना

sidhi: सप्ताह भर में एक और तेंदुआ पिंजरे में हुआ कैद

संजय टाइगर रिजर्व क्षेत्र में अब तक कैद किये जा चुके हैं चार तेंदुए-पूर्व में कैद किये गए तीन तेंदुए रेस्क्यू सेंटर में भेजे गए-गिजोहर गांव में रखे पिंजरे में फिर कैद हुआ तेंदुआ

Google source verification

सीधी। संजय टाइगर रिजर्व की टीम को एक और तेंदुए को पिंजरे में कैद करने में सफलता हाथ लगी है। इसके साथ ही पखवाड़े भर में तीसरा तेंदुआ गिजोहर गांव में पिंजरे में कैद किया गया है। इसके दो माह पहले भी एक तेंदुआ पिंजरे में कैद किया जा चुका है। संजय टाइगर रिजर्व क्षेत्र में विचरण करने वाले ये वो तेंदुआ हैं जो आबादी बस्ती की ओर रूख कर रहे हैं, इन्हें पिंजरें में कैद करने के बाद रेस्क्यू सेंटर भेजा जा रहा है, पूर्व में कैद किये गए तीन तेंदुए रेस्क्यू सेंटर भेजे जा चुके हैं, इस तेंदुए के लिए भी वरिष्ठ कार्यालय से मार्गदर्शन मांगा गया है। विभागीय अधिकारियों की माने तो इसे भी रेस्क्यू सेंटर भेज दिया जाएगा।
गौरतलब है की बीते माह 24 दिसंबर की शाम करीब 6 बजे ग्राम पंचायत खैरी के गिजोहर गांव में 5 वर्षीय कमल बैगा को तेंदुआ द्वारा घर के आंगन से शिकार कर लिया गया था। घटना के तत्पश्चात आक्रोशित ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचे वन विभाग के कर्मचारियों पर हमला कर दिया था। घटना के बाद परिजनों को सांत्वना देने पहुंचे जिला प्रशासन एवं जनप्रतिनिधियों से ग्रामीणों द्वारा रेस्क्यू कर तेंदुआ को पकडऩे की मांग की गई थी। ग्रामीणों की मांग पर संजय टाइगर रिजर्व की टीम द्वारा गांव से लगे जंगलों में दो अलग-अलग तेंदुआ के पग मार्क पाए जाने पर अलग-अलग जगह पर दो पिंजरे रखे गए थे। जिसमें एक पिंजरा वन और राजस्व गांव गिजोहर की सीमा पीएफ 500 में रखा गया था। जिसमें एक पखवाड़े पहले शनिवार की दरमियानी रात बकरी के शिकार की लालच में आकर एक तेंदुआ पिंजरे में कैद हो गया था तथा पीएफ 500 के दूसरे छोर पर रखे गए पिंजरे में बीते सप्ताह बुधवार की सुबह एक तेंदुआ कैद हुआ। इसी जगह पर संजय टाईगर रिजर्व की टीम द्वारा फिर पिंजरा रखा गया था, जिसमें मंगलवार की सुबह बकरी की लालच में एक और तेंदुआ कैद हो गया।
————-
दो माह पहले भी कैद किया गया था एक तेंदुआ-
संजय टाइगर रिजर्व के वन परिक्षेत्र वस्तुआ अंतर्गत ग्राम पंचायत पोंड़ी के चंदवरिया टोला में बीते नवंबर माह में सात वर्षीय बच्चे संतोष सिंह गोड़ का तेंदुए द्वारा शिकार करने के बाद तेंदुए को पकडऩे के लिए गांव की सीमा पर पिंजरा रखा गया था जिसमें चार दिन के अंतराल में ही तेंदुआ कैद कर लिया गया था। इस प्रकार टाइगर रिजर्व एरिया से अब तक चार तेंदुए पिंजरे में कैद किये जा चुके हैं।
————–
डेढ़ सैकड़ा से अधिक तेंदुए कर रहे विचरण-
विभागीय अधिकारियों की माने तो संजय टाइगर रिजर्व क्षेत्र में डेढ़ सौ से दो सौ तेंदुए विचरण कर रहे हैं। इनमें से कुछ तेंदुए आबादी गांवों की ओर ज्यादा रुख कर रहें और ग्रामीणों के साथ ही पालतू मवेशियों को अपना शिकार बना रहे हैं। विभागीय निर्णय के अनुसार संजय टाइगर रिजर्व की टीम द्वारा आबादी गांवों की ओर रुख करने वाले तेंदुओं को कैद कर रेस्क्यू सेंटर भेजा जा रहा है, जहां विशेषज्ञों द्वारा उनके व्यवहार पर अध्ययन किया जाएगा इसके बाद उन्हें कहां छोडऩा है इस निर्णय लिया जाएगा।
0000000000000000000000