सागर

विश्वविद्यालय में 26 नवंबर को गौर जयंती से शुरू होगा मध्य क्षेत्र युवा उत्सव, देशभर के 70 विश्वविद्यालय लेंगे हिस्सा

डॉ. हरिसिंह गौर विश्वविद्यालय एवं भारतीय विश्वविद्यालय संघ नई दिल्ली के संयुक्त तत्वावधान में मध्य क्षेत्र अंतर विश्व विद्यालयीन युवा उत्सव डॉ. हरिसिंह गौर विवि में होगा। गौर-गौरव उत्सव का आयोजन 26 से 30 नवम्बर तक किया जाएगा।

सागरOct 18, 2024 / 12:29 pm

रेशु जैन

dr gour

पहली बार मिली विवि को मेजबानी, 1500 से अधिक कलाकार करेंगे प्रतिभागिता
सागर. डॉ. हरिसिंह गौर विश्वविद्यालय एवं भारतीय विश्वविद्यालय संघ नई दिल्ली के संयुक्त तत्वावधान में मध्य क्षेत्र अंतर विश्व विद्यालयीन युवा उत्सव डॉ. हरिसिंह गौर विवि में होगा। गौर-गौरव उत्सव का आयोजन 26 से 30 नवम्बर तक किया जाएगा। आयोजन में देश के लगभग 70 से अधिक विश्वविद्यालयों की सहभागिता होगी और 1500 से अधिक प्रतिभागी शामिल होंगे। गौरतलब है कि भारतीय विश्वविद्यालय संघ, नई दिल्ली के निर्देशन एवं संयोजन में प्रत्येक वर्ष जोनल युवा उत्सव देश के अलग-अलग विश्वविद्यालय में आयोजित किए। जिसमें विजयी प्रतिभागी और दल राष्ट्रीय युवा उत्सव में प्रतिभागिता के लिए चुने जाते हैं। डॉ. हरिसिंह गौर विश्वविद्यालय, सागर को पहली बार मध्य क्षेत्र युवा उत्सव की मेजबानी मिली है। विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. नीलिमा गुप्ता ने बताया कि हमारा विश्वविद्यालय भारतीय विश्वविद्यालय संघ के सहयोग से प्रथम राष्ट्रीय महिला संसद आयोजित करने वाला देश का पहला विश्वविद्यालय है जो मार्च 2023 में सफलतापूर्वक आयोजित किया गया था। इस बार मध्य क्षेत्र युवा उत्सव 2024 के आयोजन किया जा रहा है जो विश्वविद्यालय में पहली बार हो रहा है। विश्वविद्यालय के संस्थापक और महान दानवीर डॉक्टर सर हरिसिंह गौर के जन्म दिवस पर उन्हें नमन करते हुए पांच दिनों तक चलने वाले इस युवा उत्सव की शुरुआत होगी।
प्रतिभागी विश्वविद्यालय करेंगे ऑनलाइन आवेदन

आयोजन समन्वयक डॉ. राकेश सोनी ने बताया कि 26 से 30 नवंबर तक चलने वाले इस युवा उत्सव में प्रतिभागिता के लिए मध्य क्षेत्र के सभी विश्वविद्यालयों को आमंत्रण पत्र भेज दिया गया है। प्रतिभागी विश्वविद्यालय ऑनलाइन आवेदन करेंगे। इस युवा उत्सव में सांस्कृतिक रैली, संगीत, मिमिक्री, पोस्टर मेकिंग, क्लासिकल डांस, स्किट, वाद-विवाद, चित्रकारी, क्विज प्रतियोगिता, क्ले मॉडलिंग, फोटोग्राफी, डिबेट, समूह नृत्य, समूह गायन, कार्टूनिंग, रंगोली, कोलाज, मेहंदी, लोक वाद्य, लोक नृत्य सहित 28 विधाओं की प्रतियोगिताएं संपन्न होंगी।
विवि परिसर में होंगे कार्यक्रम

सभी प्रतिभागी विश्वविद्यालयों की टीम के आवास, भोजन की व्यवस्था विश्वविद्यालय में की जाएगी। भारतीय विश्वविद्यालय संघ के निर्धारित नियमों के तहत सभी प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएगी। जिनमें अधिकृत निर्णायक मंडल निर्णय करेंगे। समस्त प्रतियोगिताएं एवं कार्यक्रम विश्वविद्यालय परिसर में विभिन्न आयोजन स्थलों पर आयोजित होंगे।

Hindi News / Sagar / विश्वविद्यालय में 26 नवंबर को गौर जयंती से शुरू होगा मध्य क्षेत्र युवा उत्सव, देशभर के 70 विश्वविद्यालय लेंगे हिस्सा

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.