सागर

विवि के साथ भापेल, बिलहरा में तेंदुओं का मूवमेंट, अब दहशत में आए लोग- क्योंकि इनकी संख्या तीन-चार

नए वीडियो से विश्वविद्यालय के कर्मचारियों में खौफ, घर की छत पर दिखा तेंदुआ सागर. डॉ. हरिसिंह गौर विश्वविद्यालय के साथ भापेल और बिलहरा में भी तेंदुओं का मूवमेंट होने की जानकारी सामने आई है। विवि के एक शिक्षक के घर की छत पर तेंदुआ का नया वीडियो सामने आने के बाद कर्मचारियों में दहशत […]

सागरOct 21, 2024 / 06:08 pm

अभिलाष तिवारी

नए वीडियो से विश्वविद्यालय के कर्मचारियों में खौफ, घर की छत पर दिखा तेंदुआ
सागर. डॉ. हरिसिंह गौर विश्वविद्यालय के साथ भापेल और बिलहरा में भी तेंदुओं का मूवमेंट होने की जानकारी सामने आई है। विवि के एक शिक्षक के घर की छत पर तेंदुआ का नया वीडियो सामने आने के बाद कर्मचारियों में दहशत का माहौल है। विवि सहित आसपास के क्षेत्रों में भी लोगों में खौफ देखने को मिल रहा है। वीरांगना दुर्गावती टाइगर रिजर्व सहित वन विभाग की टीमें सर्चिंग कर रहीं हैं। वन अमला वीडियो की जांच कर रहा है। भापेल में तेंदुआ द्वारा मवेशियों का शिकार किए जाने से ग्रामीण भयभीत हैं और वन अमले से मदद की गुहार लगा रहे हैं। बिलहरा में भी तेंदुआ के मूवमेंट की जानकारी दी गई है। खास बात यह है कि शहर के चारों ओर तेंदुआ का मूवमेंट होने से विभाग की परेशानियां बढ़ गईं हैं।

इन क्षेत्रों में तेंदुओं का मूवमेंट

डॉ. हरिसिंह गौर विवि- विवि परिसर में शिक्षक रंजीत रजक के मकान के ऊपर शेड पर एक लेपर्ड देखा गया है, जिसका वीडियो भी बनाया गया है। वीडियो सामने आने के बाद से परिसर में दहशत का माहौल है। पिछले एक सप्ताह से विवि की पहाड़ी और आसपास के क्षेत्रों में तेंदुआ का मूवमेंट होने से लोग भी अब सतर्कता बरत रहे हैं। विवि के घाट रोड समेत अन्य सैर-सपाटे वाले स्थानों पर जाने से परहेज कर रहे हैं। टाइगर रिजर्व समेत वन विभाग की टीमें विवि पहाड़ी पर तेंदुआ की सर्चिंग में लगी हैं।
भापेल- भोपाल रोड पर रतौना क्षेत्र से लगे भापेल गांव में भी पिछले कुछ दिनों से तेंदुआ का आतंक बना हुआ है। गांव के सरपंच ने वन विभाग को सूचित किया है कि तेंदुआ ने गांव के 3-4 मवेशियों का शिकार किया है। यहां वन विभाग भी मान रहा है कि रतौना के जंगल में एक गुफा में तेंदुआ रहता है, वहीं तेंदुआ नीचे उतर कर आ गया है। ग्रामीण तेंदुआ की चहल-कदमी से खौफजदा हैं और मवेशियों को जंगल की ओर ले जाने से बच रहे हैं।
बिलहरा- राजघाट से लगे बिलहरा गांव में भी तेंदुआ का मूवमेंट बना हुआ है। गांव के लोगों ने तेंदुआ देखा है। इसकी सूचना वन अमले तक पहुंची है। वन विभाग की टीम बिलहरा में भी तेंदुआ की गतिविधि पर नजर बनाए हुए है। हालांकि अभी बिलहरा में तेंदुआ द्वारा जानवरों पर हमला की कोई खबर सामने नहीं आई है।सागर के चारों तरफ मूवमेंट-वन विभाग के अधिकारियों की मानें तो विवि की पहाड़ी के जंगल का कनेक्शन मेनपानी होते हुए राजघाट तक है, लिहाजा जंगली जानवरों का इस क्षेत्र में दिखना चौकाने वाली बात नहीं है। वहीं रतौना में भी जंगली क्षेत्र है। सागर के आसपास घने जंगल तो नहीं हैं, लेकिन बीच-बीच में पहाड़ी क्षेत्र है, जिससे एक से दूसरी तरफ जाते समय जंगली जानवर दिख रहे हैं।

जिम्मेदार बोले

– सुबह-सुबह शिक्षक रंजीत रजक के मकान के ऊपर तेंदुआ देखा गया था, उसके बाद वह भाग गया। वन विभाग की टीम को जानकारी दी गई थी। टीम वीडियो के आधार पर तलाशी कर रही है। – विवेक जयसवाल, मीडिया अधिकारी।
– सागर रेंज में 3-4 तेंदुओं का मूवमेंट देखा गया है। घर के ऊपर का जो वीडियो सोशल मीडिया में चल रहा है, वह तेंदुआ ही है लेकिन वीडियो विवि परिसर का है या नहीं, इसकी जांच कर रहे हैं। भापेल गांव में जिन मवेशियों का शिकार हुआ है, उनके केस में पीएम रिपोर्ट मांगी गई है ताकि मुआवजा का केस बनाया जा सके। बिलहरा में भी एक तेंदुआ देखा गया है। टीमें लगातार सर्चिंग में लगीं हैं। – रवि सिंह, रेंजर दक्षिण वन मंडल सागर।

Hindi News / Sagar / विवि के साथ भापेल, बिलहरा में तेंदुओं का मूवमेंट, अब दहशत में आए लोग- क्योंकि इनकी संख्या तीन-चार

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.