सागर

अमेरिकन मक्का की खेती कर रही किसानों को मालामाल, कम लागत में हो रहा अच्छा मुनाफा

पहले क्षेत्र में सिर्फ देशी मक्का की बोवनी होती थी, जिसमें मुनाफा ज्यादा न होने से किसानों का रुझान इस तरफ कम था, लेकिन अब किसानों ने नवाचार करते हुए बदलाव किया है।

सागरJul 19, 2024 / 12:35 pm

sachendra tiwari

अमेरिकन मक्का की खेती करने वाला किसान

बीना. किसान धीरे-धीरे खेती में नवाचार कर रहे हैं, जिससे आय भी बढ़ रही है। ऐसा ही कुछ नवाचार मक्के की खेती में किसानों ने शुरू किया है, जिसमें देशी मक्का की जगह अमेरिकन मक्का (स्वीट कॉर्न) की खेती शुरू की है। गर्मी के मौसम में इसकी बोवनी करते हैं और बारिश में इसकी बिक्री शुरू हो जाती है।
गर्मी के मौसम में पहले कुछ किसान देशी मक्का की बोवनी करते थे, लेकिन इसमें लाभ ज्यादा नहीं होता था। पिछले कुछ वर्षों से बाजार में अमेरिकन मक्का आने के बाद किसानों ने इसकी बोवनी शुरू की है और वह कम लागत में ज्यादा मुनाफा कमा रहे हैं। किसान उमेश पटेल ने बताया कि मई माह में आठ एकड़ में अमेरिकन मक्का की बोवनी की थी और इसका बीज 2500 रुपए किलो में खरीदा था। एक एकड़ में तीन किलो बीज की बोवनी की थी। करीब 75 दिनों में यह फसल तैयार हो जाती है और जुलाई में जब भुट्टे की मांग ज्यादा होती है, इसकी बिक्री शुरू हो जाती है। किसान ने बताया कि देशी भुट्टा छोटे होते हैं, जिससे ज्यादा लाभ नहीं हो पाता है, लेकिन अमेरिकन भुट्टा बड़ा होता और एक पेड़ में दो भुट्टे होते हैं, थोक में एक भुट्टा 10 से 12 रुपए में बिकता है। एक एकड़ में चालीस हजार रुपए की आय होती है। यदि किसान के पास गर्मी में पानी की व्यवस्था है, तो वह मक्का की खेती कर लाभ कमा सकते हैं। वह पिछले दो वर्षों से यह खेती कर रहे हैं। क्षेत्र में अन्य किसान भी मक्का की बोवनी करने लगे हैं, इसमें खाद, दवाओं का उपयोग कम मात्रा में होता है।
लोगों को पसंद आता है स्वीट कॉर्न
स्वीट कॉर्न बहुत मीठे होते हैं, जिससे लोगों को यह पसंद आते हैं। जबसे बाजार में इसकी आवक शुरू हुई है, तब से मक्का की अन्य किस्म लोगों को पसंद नहीं आ रही हैं।
खरीफ की फसल भी ले लेते हैं किसान
गर्मी में मक्का की बोवनी करने के बाद किसान खरीफ की दूसरी फसल की बोवनी भी कर लेते हैं। मक्का के बाद किसान धान, सोयाबीन की बोवनी करते हैं या फिर से मक्का की बोवनी भी कर सकते हैं।
800 हेक्टेयर में हुई थी बोवनी
वरिष्ठ कृषि विस्तार अधिकारी धनपाल सिंह तोमर ने बताया कि अमेरिकन मक्का आने के बाद गर्मियों में इसकी बोवनी का रकबा बढ़ा है और इस वर्ष 800 हेक्टेयर में बोवनी हुई थी। इसका उत्पादन अच्छा होने से किसानों को लाभ हो रहा है।

Hindi News / Sagar / अमेरिकन मक्का की खेती कर रही किसानों को मालामाल, कम लागत में हो रहा अच्छा मुनाफा

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.