शनि अमावस्या के अवसर पर शनिवार को शहर के सभी शनि मंदिरों में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की भीड़ नजर आई। भक्तों ने अपने आराध्य को तेल चढ़ाया व जरूरतमंदों के लिए दान भी किया। कबूलापुल स्थित शनि मंदिर में सुबह से ही श्रद्धालु पहुंचे। वहीं भूतेश्वर मंदिर में अभिषेक, पूजन और हवन कार्यक्रम हुआ। सुबह 4 बजे से शनि भगवान का अभिषेक किया गया। भगवान को प्रसन्न करने के लिए इमरती का भोग लगाया गया। शनि अमावस्या के चलते कबूलापुल स्थित शनिदेव मंदिर, पहलवान बब्बा मंदिर में विराजमान शनिदेव मंदिर, चकराघाट स्थित शनिदेव मंदिर एवं परेड हनुमान मंदिर में विराजमान शनिदेव के दर्शनों के लिए भक्तों की भीड़ नजर आई। पं. मनोज तिवारी ने बताया कि शनिदेव को भाग्य विधाता और न्याय का देवता माना जाता हैं। शास्त्रों की माने तो अमावस्या के दिन करने वाले उपाय विशेष फल प्रदान करते हैं। परेशानियां और शनि दोष दूर करने के लिए कुछ उपाए हैं, जिसे करने से शनिदेव खुश होते हैं और भक्तों को शुभ फल मिलता है। सभी जातकों, साड़े साती वाले जातक शनिदेव को प्रसन्न करने शाम के समय उनके दर्शन कर तेल चढ़ाकर दान किया।