सागर

सुबह टहलने निकले समिति प्रबंधक का अपहरण, शाम को 30 किमी दूर जंगल में शव मिला

गौरझामर थाना क्षेत्र के नया नगर सेवा सहकारी समिति के सहायक समिति प्रबंधक प्रहलाद लोधी का अपहरण कर पत्थरों से कुचलकर हत्या कर दी। वे सुबह 5 बजे घर से मॉर्निंग वॉक पर निकले थे, लेकिन वापस घर नहीं पहुंचे। शाम 4 बजे उनका शव चोराडोंगरी के नेगुवा गांव के घुघरी मोजा के जंगल में पड़ा मिला।

सागरOct 18, 2024 / 05:02 pm

Rizwan ansari

घटनास्थल के पास पड़े खून से रंगे पत्थर

पत्थरों से कुचलकर की हत्या, गांव के ही दो लोग शक के दायरे में
सागर/देवरी कलां. गौरझामर थाना क्षेत्र के नया नगर सेवा सहकारी समिति के सहायक समिति प्रबंधक प्रहलाद लोधी का अपहरण कर पत्थरों से कुचलकर हत्या कर दी। वे सुबह 5 बजे घर से मॉर्निंग वॉक पर निकले थे, लेकिन वापस घर नहीं पहुंचे। शाम 4 बजे उनका शव चोराडोंगरी के नेगुवा गांव के घुघरी मोजा के जंगल में पड़ा मिला। ग्रामीणों की सूचना पर महाराजपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची, जहां सड़क किनारे जंगल में उनका लहूलुहान शव पड़ा मिला। पुलिस ने मौके से खून से रंगे पत्थर, एक चाकू भी बरामद किया है। पंचनामा कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए देवरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की मर्चुरी में रखवाया है।
मृतक के भतीजे महेंद्र लोधी ने बताया की मेरे बड़े पिताजी का अपहरण कर बाद हत्या की गई है। वारदात के पीछे गांव के ही दो लोगों पर आशंका व्यक्त की है। जिन लोगों पर शक है, उनसे चुनावी रंजिश थी। महेंद्र ने बताया कि वह सुबह करीब 5 बजे घूमने निकलते थे, गांव के बाहर बनी नर्सरी में योग करते थे और लगभग 7 बजे तक घर वापस आ जाते थे, लेकिन गुरुवार को जब वे वापस नहीं आए तो हम लोगों ने उनको आसपास तलाश किया। जब उनका कुछ पता नहीं चला तो गौरझामर थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई।
सीसीटीवी में दिखी एक संदिग्ध कार
मृतक के गांव नया नगर की स्कूल में सीसीटीवी कैमरे लगे हुए हैं। जिसमें बुधवार-गुरुवार की रात 3.17 बजे एक कार नजर आई और 5.20 पर वह कार वापस जाते कैमरे में कैद हुई। सुबह वहां जाकर देखा तो कुछ डंडे पड़े थे और ऐसे निशान मिले, जिससे अनुमान लगाया जा रहा है कि मृतक व आरोपियों के बीच विवाद हुआ है। पुलिस की पड़ताल में यह बात सामने आई है कि आरोपी, प्रहलाद पटेल का अपहरण कर पहले देवरी पहुंचे थे। इसके बाद वे सहजपुर होते हुए तेंदुखेड़ा मार्ग पर चोराडोंगरी के जंगल में गए। वहां पर सुनसान क्षेत्र देखकर उन्होंने पत्थर से कुचलकर प्रहलाद की हत्या कर दी।
संदेहियों की तलाश कर रहे हैं
प्रथम दृष्टया यह हत्या का ही मामला है। गौरझामर पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर लगातार जांच की जा रही थी। परिजनों ने जिन लोगों पर वारदात को अंजाम देने की आशंका व्यक्त की है वह फिलहाल गायब हैं, पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।
शशिकांत सरयाम, एसडीओपी, देवरी

संबंधित विषय:

Hindi News / Sagar / सुबह टहलने निकले समिति प्रबंधक का अपहरण, शाम को 30 किमी दूर जंगल में शव मिला

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.