bell-icon-header
धर्म

Ganesh Chaturthi 2022: गणेश चतुर्थी पर गणपति को इस चीज का जरूर लगाएं भोग

Ganesh Chaturthi Bhog: गणेश चतुर्थी पर भगवान गणेश को उनकी मनपसंद कई चीजों का भोग लगाया जाता है। लेकिन शास्त्रों के अनुसार मान्यता है कि जो भक्त भगवान गणेश को मोदक का भोग लगाता है गणेश जी उसकी प्रार्थना जल्दी सुन लेते हैं। आइए जानते हैं घर पर इसे बनाने की सबसे आसान विधि…

Aug 30, 2022 / 03:56 pm

Tanya Paliwal

Ganesh Chaturthi 2022: गणेश चतुर्थी पर गणपति को इस चीज का जरूर लगाएं भोग

Ganesh Chaturthi 2022: गणेश चतुर्थी से लेकर 10 दिनों के गणेशोत्सव के दौरान गणपति बप्पा की खूब सेवा-पूजा की जाती है। खासतौर पर गणपति जी के भोग का विशेष ख्याल रखा जाता है। उन्हें उनकी मनपसंद कई तरह की चीजें सुबह-शाम पूजा के दौरान अर्पित की जाती हैं। वहीं शास्त्रों के अनुसार माना जाता है कि भगवान गणेश को अन्य चीजों के साथ ही मोदक का भोग जरूर लगाना चाहिए इससे वे जल्दी प्रसन्न होकर भक्तों की हर इच्छा पूरी करते हैं। इसके पीछे भी एक कहानी है।

एक पौराणिक कथा के अनुसार, भगवान गणेश और परशुराम जी के बीच हुए युद्ध में परशुराम जी के वार से गणेश जी का एक दांत टूट गया था जिससे उन्हें बहुत पीड़ा हुई। दांत दर्द के कारण गणेश जी को कुछ खाया पिया भी नहीं जा रहा था। इसके बाद भगवान गणेश के लिए मोदक बनाए गए जिसे उन्होंने बड़े आराम से खाया और उसके स्वाद में वह अपना दर्द भी भूल गए। तब से ही गणेश जी को मोदक बहुत पसंद हैं।

गणेश चतुर्थी पर इस आसान तरीके से मोदक बनाकर करें बप्पा को प्रसन्न…

मोदक बनाने के लिए सामग्री:
मावा (खोवा), शक्कर, हरी इलायची पाउडर और एक चुटकी केसर।

विधि: मोदक बनाने के लिए सर्वप्रथम एक नॉनस्टिक पैन को धीमी आंच पर गर्म करें। इसके बाद इसमें मावा और शक्कर डालकर अच्छे तरह दोनों को मिलाएं। जब मावा और चीनी पिघलने लगे तो इसमें केसर मिला दें। अब इस मिश्रण को तब तक चलाते रहें जब तक कि यह गाढ़ा न हो जाए। फिर मिश्रण में हरी इलायची का पाउडर मिलाकर थोड़ी देर तक सभी सामग्री को लगातार चलाते रहें। इसके बाद गैस बंद कर दें। मिश्रण को ठंडा होने के लिए थोड़ी देर खुला ही छोड़ दें। अब इस मिश्रण को हाथों से मोदक का आकार देते हुए मोदक बना लें। लीजिए तैयार है आसानी से बनने वाले स्वादिष्ट मोदक। अब इनका भोग भगवान गणेश को लगाकर उन्हें प्रसन्न करें।

यह भी पढ़ें: ganesh chaturthi 2022: क्यों मनाया जाता है गणेश उत्सव? जानिए कैसे हुई इसकी शुरुआत

Hindi News / Astrology and Spirituality / Religion News / Ganesh Chaturthi 2022: गणेश चतुर्थी पर गणपति को इस चीज का जरूर लगाएं भोग

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.