
शुक्र ग्रह को शुभ ग्रह माना गया
वैदिक ज्योतिष में शुक्र ग्रह को शुभ ग्रह माना गया है। शुक्र ग्रह प्रेम, शादी, सुंदरता और सभी भौतिक सुख-सुविधाओं के कारक हैं। कुंडली में शुक्र के शुभ प्रभाव से जातक प्रेमल, दयालु, उदार बनता है। शुक्र के मज़बूत होने पर लक्ष्मीजी हमेशा मेहरबान रहती हैं।
30 नवंबर 2023 को शुक्र का राशि परिवर्तन हो रहा है। रात 12 बजकर 05 मिनट पर वे स्वराशि तुला में प्रवेश करेंगे। तुला राशि में शुक्र अपना सर्वश्रेष्ठ परिणाम प्रदान करते हैं लेकिन आपकी कुंडली में शुक्र की कैसी स्थिति है, इस बात पर भी परिणाम निर्भर करते हैं। आइए जानते हैं शुक्र के गोचर का विभिन्न राशियों पर क्या प्रभाव होगा।
मेष राशि
30 नवंबर 2023 को शुक्र आपके विवाह, जीवनसाथी और व्यापार के सातवें भाव में गोचर करेंगे। ऐसे में शुक्र का तुला में गोचर आपके वैवाहिक जीवन के लिए अच्छा रहेगा। प्रेम जीवन में भी मधुरता में बढ़ोतरी होगी। अविवाहितों को योग्य जीवनसाथी मिल सकते हैं। बिजनेस पार्टनरशिप में भी अच्छा प्रभाव मिलेगा। सातवें भाव में बैठे शुक्र की दृष्टि लग्न भाव पर पड़ेगी जिसके कारण आप ख़ुश बने रहेंगे।
वृषभ राशि
शुक्र देव आपके शत्रु, स्वास्थ्य आदि के छठे भाव में गोचर करेंगे। शुक्र का अपनी ही राशि में गोचर का वृषभ राशिवालों पर सकारात्मक असर होगा हालांकि आपको सेहत संबंधी समस्याओं का सामना करना पड़ेगा।
लव अफेयर्स या एक्स्ट्रा मैरिटल अफेयर्स में पड़ सकते हैं। ब्यूटीपार्लर और लक्ज़री सर्विस से का व्यापार फलेगा-फूलेगा। छठे भाव के शुक्र की दृष्टि बारहवें भाव पर होगी। ऐसे में सोच-समझकर ही धन खर्च करें।
मिथुन राशि
मिथुन राशि के लिए शुक्र 30 नवंबर 2023 को पांचवें भाव में गोचर करेंगे। शिक्षा, संतान और प्रेम संबंध के भाव में गोचर के परिणामस्वरूप मिले-जुले परिणाम मिलेंगे। डिजाइनिंग, आर्ट्स आदि के क्षेत्र से जुड़े लोग रचनात्मकता से भरे रहेंगे। कोई विदेशी कला सीखने का मौका मिलेगा। पार्टनर के साथ रोमांटिक लम्हों बिता सकेंगे लेकिन जीवनसाथी के साथ कुछ समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है। बच्चों की सेहत को परेशान होना पड़ सकता है।
सट्टेबाजी या शेयर बाजार से लाभ प्राप्त कर सकते हैं।
कर्क राशि
शुक्र ग्रह माता, घर, वाहन, संपत्ति आदि के चौथे भाव में गोचर करने जा रहे हैं। शुक्र का यह गोचर आपके लिए सबसे शानदार गोचर साबित हो सकता है। यह आपको खुशियों से भर देगा। माता से और प्यार होगा, पारिवारिक जीवन अच्छा रहेगा। घर खरीदने या प्रॉपर्टी में निवेश के लिए अनुकूल समय रहेगा। बड़े भाई—बहन घर पर आ सकते हैं। शुक्र की दृष्टि दसवें भाव पर होगी जिसके फलस्वरूप विलासिता से जुड़े व्यापार फलदायी रहेंगे।
सिंह राशि
30 नवंबर को शुक्र ग्रह सिंह राशि वालों के छोटे भाई-बहन, छोटी दूरी की यात्रा आदि के तीसरे भाव में गोचर करेंगे। इस दौरान छोटे भाई-बहनों के साथ रिश्ता मधुर बना रहेगा। पेशेवर जीवन अनुकूल होगा, करियर में कोई बेहतरीन अवसर प्राप्त हो सकता है। शौक को पूरा करने के लिए आप काफ़ी धन ख़र्च करेंगे। हालांकि आपके शत्रु नुकसान पहुंचाने की कोशिश कर सकते हैं। शुक्र की दृष्टि नौवें भाव पर पड़ने से धर्म के प्रति लगाव रहेगा। किसी तीर्थस्थल की यात्रा कर सकते हैं।
कन्या राशि
कन्या राशि के लिए शुक्र दूसरे भाव में गोचर करने जा रहे हैं। परिवार, धन और वाणी के भाव में यह गोचर अनुकूल रहेगा। आपकी वाणी में मिठास आएगी और आप अच्छा बोलेंगे। परिवार से रिश्ता प्रेमपूर्ण रहेगा। बचत में भी वृद्धि होगी। नौकरी में बदलाव कर सकते हैं। किसी तीर्थस्थल पर जा सकते हैं। शुक्र की दृष्टि आठवें भाव पर पड़ने से ससुराल वालों का प्रेम मिलेगा। पार्टनर के साथ संपत्ति व प्यार में वृद्धि होगी।
तुला राशि
तुला राशि के जातकों के लिए शुक्र का गोचर लग्न भाव में होगा। इससे आपका व्यक्तित्व बेहद आकर्षक हो जाएगा। विलासितापूर्ण आरामदायक समय होगा। हालांकि जीवन में कुछ अनिश्चितता आएगी, अचानक कुछ बुरी घटनाओं का सामना करना पड़ सकता है। गूढ़ विज्ञान या रिसर्च आदि कर रहे लोगों के लिए यह समय फलदायी रहेगा। शुक्र की दृष्टि सातवें भाव पर पड़ेगी जोकि वैवाहिक जीवन के लिए बहुत ही अच्छा होगा। नए कारोबार की शुरुआत करने के लिए श्रेष्ठ समय साबित होगा।
वृश्चिक राशि
30 नवंबर 2023 को शुक्र वृश्चिक राशि के विदेश, खर्च और हानि के बारहवें भाव में गोचर करेंगे। इसके मिले-जुले परिणाम मिलेंगे। एक्सपोर्ट-इम्पोर्ट का काम करनेवाले या एमएनसी में नौकरी करनेवालों के लिए समय फलदायी होगा। लक्ज़री और मनोरंजन पर खूब खर्च कर सकते हैं। बिज़नेस पार्टनर के साथ विवाद हो सकता है। पार्टनर के साथ विदेश जा सकते हैं। शुक्र की छठे भाव पर दृष्टि के परिणामस्वरूप सेहत संबंधी समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है। किसी महिला के कारण कोई नुकसान झेलना पड़ सकता है।
धनु राशि
शुक्र 30 नवंबर को धनु राशि वालों के ग्यारहवें भाव में गोचर करने वाले हैं। धन लाभ, इच्छापूर्ति आदि के भाव में शुक्र का गोचर मिले-जुले परिणाम दे सकता है। आपकी भौतिक इच्छाएं पूरी होंगी। जीवन में सुख-सुविधाएं बढ़ेंगी। बड़े भाई-बहनों, चाचा का सहयोग मिलेगा और शत्रुओं के साथ विवाद सुलझेंगे। किसी को भी धन उधार न दें। शुक्र की दृष्टि पांचवें भाव पर पड़ने से प्रेम जीवन सुखद रहेगा और संतान सुख भी मिलेगा।
मकर राशि
मकर राशि के जातकों के लिए शुक्र गोचर पेशेवर जीवन में रचनात्मक बनाने का काम करेगा। ऑफिस में बदलाव करवा सकते हैं। आपके दसवें भाव में शुक्र का गोचर काफ़ी शुभ साबित हो सकता है। करियर की शुरुआत अच्छी होगी। पारिवारिक बिज़नेस से जुड़ सकते हैं। नौकरी में कुछ सकारात्मक बदलाव हो सकते हैं। शुक्र की चौथे भाव पर पड़ रही दृष्टि नया घर या नया वाहन दिला सकती है।
कुंभ राशि
कुंभ राशि वालों के लिए योगकारक ग्रह शुक्र नौवें भाव में गोचर करेंगे। भाग्य, पिता, लंबी दूरी की यात्रा और तीर्थ स्थल आदि के भाव में यह अनुकूल रहेगा। भाग्य आपका पूरा साथ देगा। परिवार का माहौल सुखद बना रहेगा। माता-पिता के साथ किसी तीर्थस्थल की यात्रा पर जा सकते हैं।
शुक्र की दृष्टि तीसरे भाव पर पड़ने से छोटे भाई-बहनों के साथ रिश्ता मधुर रहेगा। पास के किसी तीर्थ स्थल पर जा सकते हैं।
मीन राशि
30 नवंबर 2023 को शुक्र मीन राशिवालों के आठवें भाव में गोचर करेंगे। रहस्य और गूढ़ विद्या तथा अचानक होने वाली घटनाओं के इस भाव में शुक्र ज्यादा समस्याएं पैदा नहीं करेंगे। पार्टनर के साथ प्यार बढ़ेगी और संपत्ति भी बढ़ेगी। ससुराल से रिश्ता ज्यादा प्रेमपूर्ण बनेगा। छोटे भाई-बहनों से कोई विवाद हो सकता है। स्वास्थ्य से जुड़ी समस्याएं भी हो सकती हैं। शुक्र की दूसरे भाव पर दृष्टि बचत में वृद्धि कराएगी और आपकी वाणी मधुर होगी। घर में सुख-शांति बनी रहेगी।
Updated on:
29 Nov 2023 06:19 pm
Published on:
29 Nov 2023 06:18 pm
बड़ी खबरें
View Allधर्म और अध्यात्म
धर्म/ज्योतिष
ट्रेंडिंग
