राजसमंद

अब बीडीओ ने प्रधान के विरुद्ध खोला मोर्चा

विकास अधिकारी ने प्रधान के खिलाफ दी 2 करोड़ रुपए की मानहानि का मामला दर्ज करने की रिपोर्ट, प्रधान बनाने के लिए 27 लाख लेने का पूर्व विधायक पर आरोप जडऩे और मुकरने का मामला ठण्डा नहीं पड़ रहा

राजसमंदJul 08, 2021 / 11:24 am

jitendra paliwal

अब बीडीओ ने प्रधान के विरुद्ध खोला मोर्चा

भीम. पंचायत समिति, भीम में प्रधान और विकास अधिकारी के बीच विवाद थमता नहीं दिख रहा है। अब भीम के विकास अधिकारी डॉ. रमेशचन्द्र मीणा ने प्रधान बीरम सिंह के खिलाफ 200 करोड़ रुपए की मानहानि का मामला दर्ज करने के लिए भीम थाने में रिपोर्ट दी है।
रिपोर्ट में विकास अधिकारी मीणा ने बताया कि गत 4 जुलाई को प्रधान बीरम सिंह ने पूर्व विधायक हरि सिंह रावत पर सत्ताइस लाख रुपए लेकर प्रधान बनाने का आरोप लगाया गया था। 6 जुलाई को प्रधान बीरम सिंह ने इससे पलटते हुए यह बयान दिया कि इस कार्य के लिए बीडीओ ने उन्हें धमकाया है। बीडीओ ने कहा कि उनके विरुद्ध गलत बयानबाजी कर लगातार प्रताडि़त किया जा रहा है। रिपोर्ट में यह भी बताया कि इससे पूर्व भी कार्यालय समय में प्रधान बीरम सिंह निरंतर फोन पर धमकियां दे रहे थे। इससे उनकी मनोदशा पर गंभीर विपरीत प्रभाव पड़ा है। बीडीओ ने इन हालात में सरकारी कामकाज करने की क्षमता में कमी आने की बात भी लिखी है। बताया कि प्रधान बीरम सिंह द्वारा कार्यग्रहण करने के कुछ समय बाद से ही उन्हें प्रताडि़त किया जा रहा है। प्रधान पद की गरिमा का ध्यान रखते अब तक इस प्रताडऩा को सहा गया। बीडीओ डॉ. मीणा ने कहा कि अब स्थिति असहनीय हो चुकी है। प्रधान बीरम सिंह द्वारा खुले रूप से जो गलत बयान उनके खिलाफ दिए गए, उससे उनकी सामाजिक प्रतिष्ठा को आघात पहुंचा है। विकास अधिकारी ने 200 करोड़ रुपए की मानहानि का मामला दर्ज करने तथा प्रधान के सहयोगी कार्यकर्ताओं के खिलाफ भी कानूनी कार्यवाही करने की मांग की है।
– यह है पूरा मामला
प्रधान बीरम सिंह ने गत 3 जुलाई को एक चिट्ठी भाजपा प्रदेशाध्यक्ष के नाम जारी कर अपनी ही पार्टी के पूर्व भाजपा विधायक हरि सिंह पर 27 लाख रुपए लेने का आरोप लगाया था। उसके बाद दो दिन प्रधान भूमिगत हो गए। बाद में 6 जुलाई को मीडिया के सामने आकर भीम प्रधान अपने आरोपों से मुकर गए। यही नहीं, उन्होंने बीडीओ पर नाश्ते में नशीला पदार्थ खिला-पिलाकर यह सब करवाने और खुद के होशो-हवास में नहीं होने की बात कह दी, जिस पर किसी को यकीन नहीं हुआ। खुद पर आरोप लगने के बाद अब बीडीओ ने प्रधान के विरुद्ध मोर्चा खोल दिया है।
—-
हमारे पास विकास अधिकारी की भीम प्रधान के विरुद्ध रिपोर्ट आई है। इस मामले की हम जांच कर रहे हैं। जांच के बाद अग्रिम कार्यवाही कर प्रकरण दर्ज करेंगे।
गजेन्द्र सिंह, पुलिस वृत्त निरीक्षक, भीम
सरपंच संघ उतरा पूर्व विधायक के खिलाफ, जांच की मांग
भीम. सरपंच संघ के ब्लॉक अध्यक्ष विश्म्भरकृष्ण सिंह ने मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर प्रधान बीरम सिंह द्वारा पूर्व विधायक हरि सिंह पर प्रधान पद देने के लिए 30 लाख रुपए मांगने एवं 27 लाख रुपए देने के आरोपों की जांच कराने की मांग की है। पत्र में बताया कि राजनीति में ऐसे लेन-देन के आरोपों से क्षेत्र की छवि को आघात पहुंचा है। गरीब व कर्मठ कार्यकर्ता की उपेक्षा व रुपयों के लेन-देन से पद लेने की परिपाटी उचित नहीं है।

विकास अधिकारी ने अपने बचाव के लिए मेरे खिलाफ पुलिस में रिपोर्ट दी है। बाकी मैंने मीडिया के सामने जो कहा है, वह बिल्कुल सत्य है।
बीरम सिंह, प्रधान, पंचायत समिति, भीम

Hindi News / Rajsamand / अब बीडीओ ने प्रधान के विरुद्ध खोला मोर्चा

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.