bell-icon-header
राजसमंद

स्थानीय नगर निकाय : बैसाखियों के सहारे चल रही नगर पालिकाएं!

जिले की चार नगर पालिकाओं में सिर्फ में एक में स्थायी ईओ कार्यरत है, जबकि तीन के पास अतिरिक्त चार्ज से काम चलाया जा रहा है। राजसमंद नगर परिषद के आयुक्त के पास नाथद्वारा नगर पालिका ईओ का चार्ज है। अतिरिक्त चार्ज के कारण आमजन के काम अटर रहे हैं। इससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है।

राजसमंदSep 21, 2024 / 11:33 am

himanshu dhawal

हिमांशु धवल
राजसमंद. जिले की स्थानीय नगर निकायों की हालत खस्ता है। स्थिति यह है कि जिले में एक नगर परिषद और चार नगर पालिकाएं है। इसमें से सिर्फ एक नगर पालिका में स्थायी ईओ कार्यरत है। इसके अलावा सभी नगर पालिकाएं कार्यवाहकों के भरोसे संचालित हो रही है। ऐसे में काम किस तरह से होता होगा इसका स्वत: अंदाजा लगाया जा सकता है। जिला मुख्यालय पर राजसमंद नगर परिषद संचालित है। यहां पर आयुक्त पद पर बृजेश रॉय कार्यरत है। इनके पास नाथद्वारा नगर पालिका का अतिरिक्त चार्ज है। विधानसभा चुनाव से पहले नाथद्वारा ईओ का जयपुर स्थानान्तरण होने के बाद से अब तक इसका चार्ज नगर परिषद आयुक्त के पास ही है। ऐसे मेें आयुक्त को आधे समय राजसमंद और आधे समय नाथद्वारा जाना पड़ता है। इसके कारण दोनों स्थानों का कार्य प्रभावित होता है। आम जनता के काम नहीं होने के कारण कई बार नाथद्वारा में विरोध प्रदर्शन हो चुके हैं। इसके बावजूद यहां पर स्थाई ईओ नहीं लगाए जा रहे हैं। जिले की भीम और आमेट में अतिरिक्त चार्ज से काम चलाया जा रहा है।

इन कामों में होती है परेशानी

: वित्त संबंधी प्रत्रावलियों का समय पर निस्तारण नहीं हो जाता है।
: विकास से जुड़े कार्य, टेण्डर आदि काम समय पर नहीं होता पाता है।
: आमजनता से जुड़े काम और जनसुनवाई आदि नहीं हो पाती है।
: सडक़, नाली, रोडलाइट सहित अन्य कार्यो की मोनिटरिंग नहीं होती
: पट्टे से संबंधित कार्य, नए प्रोजेक्ट के काम अटके रहते हैं
नाथद्वारा नगर पालिका : नगर पालिका में 40 वार्ड है। यहां पर 2011 की जनगणना के अनुसार 42 हजार से अधिक की आबादी है। विधानसभा चुनाव से पहले नगर पालिका ईओ का स्थानान्तरण हो गया था। इसके बाद से नगर परिषद राजसमंद के आयुक्त के पास यहां का अतिरिक्त चार्ज है। आधे दिन यहां और आधे दिन वहां बैठते हैं।
भीम नगर पालिका : राज्य सरकार ने 2023 के बजट में भीम को नगर पालिका घोषित किया गया था। ग्राम पंचायत भीम को नगर पालिका घोषित कर दिया गया। यहां पर 25 वार्ड है आबादी 3 हजार से अधिक है। अभी तक वार्डो का परिसीमन तक नहीं हुआ है। भीम नगर पालिका ईओ का चार्ज देवगढ़ ईओ विजेश मंत्री के पास है।
आमेट नगर पालिका : नगर पालिका में 25 वार्ड है। उपखण्ड अधिकारी के पास अतिरिक्त चार्ज था, गत दिनों इनका स्थानान्तरण होने के बाद नगर पारिषद राजसमंद के एईएन शंकरलाल को अतिरिक्त चार्ज दिया गया। तीन दिन राजसमंद और दिन आमेट बैठते हैं। 2011 की जनगणना के अनुसार यहां की 17 हजार से अधिक आबादी है।
देवगढ़ नगर पालिका : देवगढ़ नगर पालिका सबसे पुरानी नगर पालिकाओं में शुमार है। इसकी आबादी 2011 के अनुसार 16 हजार से अधिक है। यहां पर 25 वार्ड है। नगर पालिका में ईओ के पद पर विजेश मंत्री कार्यरत है। इनके पास ही भीम नगर पालिका का चार्ज होने के कारण वहां भी आवाजाही बनी रहती है।

काम पूरा करने का रहता प्रयास, नहीं कोई परेशानी

नाथद्वारा का अतिरिक्त चार्ज है। राजसमंद और नाथद्वारा दोनों जगह का काम पूरा करने का प्रयास किया जाता है। आधे-दिन यहां और आधे दिन वहां बैठकर आमजनता के कार्य निष्पादित किए जाते हैं। इसमें किसी तरह की परेशानी नहीं होती है।
  • बृजेश रॉय, आयुक्त नगर परिषद राजसमंद

काम के हिसाब से करते हैं मैनेज

भीम नगर पालिका का चार्ज है। दोनों जगह काम को मैनेज करते हैं। कहीं भी काम अटकने नहीं दिया जाता है। काम में कोई परेशानी नहीं है। देवगढ़ के स्टॉफ से भीम में काम करवाया जा रहा है। भीम में अभी परिसीमन नहीं हुआ है।
  • विजेश मंत्री, ईओ नगर पालिका देवगढ़
राजस्थान के इस शहर के लोगों के लिए अच्छी खबर, 2056 तक मिलेगा रहेगा साफ पानी

Hindi News / Rajsamand / स्थानीय नगर निकाय : बैसाखियों के सहारे चल रही नगर पालिकाएं!

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.