रायपुर

CG Election 2023 : कांग्रेस की पहले चरण की 20 सीटों के कुछ नामों पर नहीं बनी सहमति, लिस्ट 15 तक

CG Election 2023 : दिल्ली में गुरुवार को हुई कांग्रेस की केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक में 90 नामों पर चर्चा हुई, लेकिन आम सहमति नहीं बन पाई।

रायपुरOct 14, 2023 / 07:27 am

Kanakdurga jha

CG Election 2023 : कांग्रेस की पहले चरण की 20 सीटों के कुछ नामों पर नहीं बनी सहमति, लिस्ट 15 तक

रायपुर. CG Election 2023 : दिल्ली में गुरुवार को हुई कांग्रेस की केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक में 90 नामों पर चर्चा हुई, लेकिन आम सहमति नहीं बन पाई। इसके लिए फिर नए सिरे से बैठक होगी। इस बात के संकेत कांग्रेस प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा ने दिए हैं। वहीं पहले चरण की 20 विधानसभा सीटों में भी कुछ नामों पर सहमति नहीं बन सकी थी। हालांकि 20 नामों की सूची 15 अक्टूबर तक आ जाएगी। कांग्रेस की दूसरी सूची 17 अक्टूबर को आने की उम्मीद जताई जा रही है। बताया जाता है कि भाजपा की सूची आने के बाद कांग्रेस ने अपनी रणनीति बदली है। जिसके बाद करीब 8 विधायकों का टिकट कट सकता है।
यह भी पढ़ें : शहर से 3 किमी दूर ग्राम जरिया तक पहुंचा दो हाथियों का दल

बताया जाता है कि बैठक के बाद कांग्रेस अपने एक मंत्री की टिकट काट सकती है। हालांकि इसके नाम का खुलासा नहीं हुआ है, लेकिन इनका नाम दूसरे चरण की सूची में आ सकता है। वहीं पहली सूची में अधिकांश नामों पर सहमति बनाने के बाद दूसरे चरण की टिकटों पर पेच फंसा हुआ है। इनकी संख्या करीब 50 बताई जाती है। सूत्रों का कहना है कि इन नामों को शॉर्ट लिस्ट करने के लिए एक कमेटी अलग से बनाई गई है। दिल्ली में हुई बैठक के बाद सैलजा ने पत्रकारों से चर्चा करते हुए कहा, बैठक में 90 विधानसभा सीटों पर चर्चा हुई। हमें एक-दो इनपुट और लेने हैं।
यह भी पढ़ें : भागवन की मूर्ति खंडित करने पर बवाल, आरोपी गिरफ्तार

इसके बाद एक-दो दिन में नामों की घोषणा कर दी जाएगी। उन्होंने कहा, किसी भी विधानसभा सीट में विवाद की स्थिति नहीं है। सभी की सहमति से काम हो रहा है। बताया जाता है कि भाजपा उम्मीदवारों की सूची को देखते हुए कांग्रेस ने भी अपने समीकरण में थोड़ा बदलाव किया है। इसके लिए पार्टी ने नए सिरे से एक्सरसाइज की है।
पहली सूची में बदलेंगे कई चेहरे

भाजपा के टिकट वितरण के बाद कांग्रेस भी फूूंक-फूंककर कदम रख रही है। यही वजह है कि कांग्रेस ने पहले चरण की 20 विधानसभा सीटों में से कई चेहरे को बदलने की तैयारी कर ली है। सूत्रों की मानें तो पहले चरण में करीब 8 विधायकों की टिकट कट सकती है। इनकी जगह कांग्रेस महिलाओं और युवाओं को प्राथमिकता देने की तैयारी में है।
यह भी पढ़ें : पानी में डूबने वाले को बचाया जा सकता है, प्याली में डूबने वालों को नहीं, नशे से परिवार तबाह : पं. प्रदीप मिश्रा

40 उम्मीदवारों की सूची फिर हो रही वायरल
टिकट वितरण के इंतजार को सोशल मीडिया के जरिए आसानी से समझा जा सकता है। अभी सोशल मीडिया में कांग्रेस के 40 प्रत्याशियों की सूची तेजी से वायरल हो रही है। इसके साथ ही जिन विधायकों की टिकट कट सकती है, उसे भी वायरल किया जा रहा है। बता दें कि इससे पहले भाजपा उम्मीदवारों की दूसरी सूची सोशल मीडिया में वायरल हुई थीं। भाजपा ने जब टिकट की घोषणा की थी, तो वायरल सूची के पूरे नाम उसमें शामिल थे।
6 सीटों पर पहले दिन एक भी नामांकन दाखिल नहीं

विधानसभा चुनाव के पहले चरण के लिए शुक्रवार को अधिसूचना जारी कर दी गई। इसके साथ ही नामांकन प्रक्रिया की शुरूआत हो गई। पहले दिन राजनांदगांव विधानसभा से 8, डोंगरगढ़ के लिए 2, डोंगरगांव के लिए 3 फॉर्म लिए गए। वहीं खुज्जी विधानसभा से एक भी फॉर्म नहीं लिया गया हैं।
यह भी पढ़ें : बालिका से बलात्कार के मामले में 20 साल की सजा

खैरागढ़ विधानसभा से एक फॉर्म लिया गया। वहीं मोहला-मानपुर विधानसभा के लिए तीन फॉर्म क्रय किए गए हैं। 6 विधानसभा सीटों से एक भी नामांकन पत्र जमा नहीं हुए हैं। उप जिला निर्वाचन अधिकारी ऋतुराज बिसेन ने बताया कि नामांकन के पहले दिन कुल 11 फार्म की बिक्री हुई। इसमें पंडरिया विधानसभा के लिए 6 और कवर्धा विधानसभा के लिए 5 फार्म खरीदे गए। नामांकन फार्म एक भी जमा नहीं हुए हैं।

Hindi News / Raipur / CG Election 2023 : कांग्रेस की पहले चरण की 20 सीटों के कुछ नामों पर नहीं बनी सहमति, लिस्ट 15 तक

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.