रायपुर

CG By Election: रायपुर दक्षिण सीट से भाजपा ने दिया सुनील सोनी को टिकट, कांग्रेस में ये नाम सबसे आगे!

CG By Election 2024: रायपुर दक्षिण विधानसभा उपचुनाव में सुनील सोनी को बीजेपी ने उम्मीदवार के तौर पर दंगल में उतारा है। इस बात का ऐलान बीजेपी पार्टी आलाकमान की तरफ से शनिवार को किया गया।

रायपुरOct 20, 2024 / 08:45 am

Khyati Parihar

CG By Election 2024: रायपुर दक्षिण विधानसभा चुनाव की आचार संहिता लगने के बाद भाजपा-कांग्रेस में उम्मीदवारों के नामों को लेकर लगातार चर्चा जारी रही है। उप चुनाव के लिए उम्मीदवार के नाम की घोषणा सबसे पहले भाजपा ने की। भाजपा ने रायपुर दक्षिण विधानसभा के उपचुनाव में पूर्व सांसद सुनील सोनी के नाम का पत्ता खोला है। वहीं, अब कांग्रेस की बारी है। रायपुर दक्षिण के कांग्रेसी टकटकी लगाए बैठ हैं कि कांग्रेस किसके नाम का पत्ता खोलती है। फिलहाल कांग्रेस में दावेदारों की भी लंबी फेहरिस्त है।

नाम की घोषणा होते ही सांसद बृजमोहन से मिले सोनी

केंद्रीय भाजपा चुनाव समिति द्वारा शनिवार की शाम पूर्व सांसद सुनील सोनी के नाम की घोषणा की गई। नाम की घोषणा हाेने के बाद सुनील सोनी को बधाई देने के लिए रायपुर के भाजपा नेता पहुंचने लगे। इस बीच उनके फोन की घंटी भी लगातार बजती रहीे। सबसे बधाई स्वीकारने (CG By Election 2024) के बाद सुनील सोनी सांसद बृजमोहन के निवास मौलश्री गए। जहां उन्होंने करीब एक घंटे तक सांसद बृजमोहन अग्रवाल से चर्चा की।
यह भी पढ़ें

CG By Election 2024: उपचुनाव को लेकर बिछी बिसात, कांग्रेस कभी भी कर सकती है उम्मीदवारों का ऐलान, इन नामों पर चर्चा

CG By Election 2024: इधर, कांग्रेस में इन नामों पर चर्चा तेज

भाजपा द्वारा सुनील सोनी को प्रत्याशी बनाए जाने के बाद कांग्रेसी खेमे में भी चर्चाओं का बाजार तेज हो गया है। हर कोई सुनील सोनी के सामने अपने-अपने हिसाब से प्रत्याशी के नाम फाइनल करने में लगे हैं। फिलहाल कांग्रेसी में दावेदारों में प्रमोद दुबे, आकाश शर्मा और कन्हैया अग्रवाल के नाम की चर्चा जोरों पर है। जानकारी के अनुसार कांग्रेस आज या कल प्रत्याशी के नाम की घोषणा कर सकती है।

कांग्रेस का कार्यकर्ता सम्मेलन आज

कांग्रेस ने उप चुनाव के लिए नई रणनीति बनाकर चुनाव जीतने का प्लान बनाया है। प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज लगातार क्षेत्र के पार्षदों, पदाधिकारियों से बैठकें ले रहे हैं। इसी के तहत 20 अक्टूबर को दक्षिण विधानसभा के कार्यकर्ताओं का सम्मेलन भी आशीर्वाद भवन में आयोजित किया गया है। जिसको लेकर हर बूथ से अधिक से अधिक संख्या में लोगों को सम्मेलन में लाने के लिए वरिष्ठ नेताओं को जिम्मेदारी भी दी गई।

जानें कौन हैं सुनील सोनी

रायपुर-दक्षिण विधानसभा उपचुनाव के लिए भाजपा के प्रत्‍याशी सुनील सोनी रायपुर के सांसद व पूर्व मंत्री बृजमोहन अग्रवाल के करीबी माने जाते हैं। वह अन्य पिछड़ा वर्ग से आते हैं। साथ ही राष्ट्रीय स्वयं सेवक की पृष्ठभूमि वाले नेता हैं।
सुनील सोनी का जन्म 28 नवंबर 1961 में रायपुर के एक निम्न मध्यम वर्गीय परिवार में हुआ। उनके पिता कंवर लाल सोनी आजादी से पहले ही संघ से जुड़ गए थे। दिवंगत व पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी (CG By Election 2024) भी सोनी को उनके पिता के चलते ही करीब से जानते थे।
CG By Election 2024

Raipur City South Assembly constituency: रायपुर के दो बार महापौर रहे सुनील सोनी

सोनी ने अपने राजनीतिक कैरियर की शुरुआत अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद से की। दुर्गा कालेज रायपुर से छात्रसंघ अध्यक्ष रहे। इसके बाद पार्षद रहे। 2003 से 2010 तक दो बार रायपुर के महापौर रहे। रायपुर विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष रहे।

2019 के लोकसभा चुनाव में रायपुर से बने थे सांसद

2019 के लोकसभा चुनाव में भाजपा की टिकट से चुनाव लड़कर सोनी ने 8,37,902 वोट हासिल किए। उनके प्रतिद्वंदी रहे कांग्रेस के प्रत्याशी प्रमोद दुबे को 4,89, 664 वोट मिले थे। 13 अक्टूबर 2019 को वे संसद की स्टेंडिंग कमेटी ऑन हाउसिंग अर्बन अफेयर के मेंबर बने। नौ अक्टूबर 2019 को संसद की वेतन एवं भत्तों को लेकर बनी संयुक्त समिति के सदस्य बनें। वन एवं पर्यावरण जलवायु परिवर्तन मंत्रालय के परामर्श दात्री कमेटी के सदस्य बनें।

Raipur City South Assembly constituency: ये थे रायपुर दक्षिण से टिकट के प्रमुख दावेदार

  • – नंदन जैन- प्रदेश कोषाध्यक्ष हैं। संघ की पृष्ठभूमि से आते हैं।
    – नरेश गुप्ता- प्रदेश कार्यालय प्रभारी हैं। संघ की पृष्ठभूमि से आते हैं।
    – केदार गुप्ता- पार्टी के तेज-तर्रार प्रवक्ता है। पर्यटन मंडल के उपाध्यक्ष रह चुके हैं। पूर्व में ग्रामीण और उत्तर सीट से भी दावेदारी कर चुके हैं।
    – संजय श्रीवास्तव- प्रदेश महामंत्री हैं। निगम सभापति और आरडीए अध्यक्ष के पद पर रह चुके हैं। उत्तर सीट से भी प्रबल दावेदारी कर चुके हैं।
    – अमित साहू – प्रदेश प्रवक्ता हैं। भाजयुमो के अध्यक्ष रह चुके हैं. पश्चिम और ग्रामीण सीट से दावेदारी कर चुके हैं। ओबीसी वर्ग में साहू समाज से आते हैं।
    – अनुराग अग्रवाल- प्रदेश सह-मीडिया प्रभारी हैं।
    – मृत्युंजय दुबे, कई बार के पार्षद हैं। महापौर का चुनाव लड़ चुके हैं।
    – मीनल चौबे, निगम में नेता-प्रतिपक्ष हैं। पश्चिम सीट से दावेदारी कर चुकी हैं।
    – इसके अलावा उज्जवल दीपक और सांसद बृजमोहन के करीबी मनोज शुक्ला भी दावेदार के रूप में शामिल है।

सुनील सोनी हैं बृजमोहन की पसंद

बृजमोहन अग्रवाल और सुनील सोनी की जुगलबंदी नई नहीं है। सोनी लम्बे समय से अग्रवाल खेमे से जुड़े हुए हैं और इसका उन्हें समय समय पर अच्छा प्रतिसाद भी मिला। पूर्व में सोनी को रायपुर मेयर की टिकट दिलाने में अग्रवाल ने अहम भूमिका निभाई। सोनी ने रायपुर मेयर का चुनाव जीतने वाले आखरी भाजपा नेता हैं। पिछले तीन चुनावों से रायपुर मेयर की कुर्सी कांग्रेस के पाले में जा रही है।

Hindi News / Raipur / CG By Election: रायपुर दक्षिण सीट से भाजपा ने दिया सुनील सोनी को टिकट, कांग्रेस में ये नाम सबसे आगे!

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.