15 जनवरी 2026,

गुरुवार

Patrika LogoSwitch to English
home_icon

होम

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

MP sthapna diwas: एक आयोजन के बांटे दो कार्ड, एक में मंत्री जी तो दूसरे में जिपं अध्यक्ष मुख्य अतिथि

आयोजन के चंद घंटे पहले बांटे गए कार्ड में मंत्री लाल सिंह आर्य मुख्य अतिथि हैं कार्ड में

2 min read
Google source verification
mp sthapna diwas in panna

mp sthapna diwas in panna

पन्ना। प्रदेश के स्थापना दिवस को लेकर जिले में तीन दिनी कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। आयोजन का मुख्य समारोह पुलिस परेड ग्राउंड में आयोजित होना है। जिसमें मुख्य अतिथि को ध्वजारोहण कर मुख्यमंत्री के संदेश का वाचन करना था। आयोजन को लेकर प्रशासन की ओर से आमंत्रण पत्र के रूप में दो कार्ड बांटे गए हैं।

पूर्व में बांटे गए कार्डों में जिपं अध्यक्ष रविराज यादव को मुख्य अतिथि बनाया गया था, जबकि कार्यक्रम आयोजन के महज एक दिन पूर्व इसी आयोजन से संबंधित कार्ड दोबारा बांटे गए। जिनमें मुख्य अतिथि मंत्री लाल सिंह आर्य को बनाया गया है। हालांकि बाद में मंत्री आर्य ने ही कार्यक्रम में शिरकत किए।

बीते कई दिनों से तैयारियां
गौरतलब है कि प्रदेश का स्थापना दिवस एक नवंबर को मनाया गया। इसको लेकर प्रशासन बीते कई दिनों से तैयारियां कर रहा था। आयोजन को लेकर कई बैठकें भी आयोजित हो चुकी हैं। यहां तक कि दो दिन पूर्व आयोजन से संबंधित आमंत्रण पत्र भी बांट दिए गए थे। जिसमें तीन दिनों तक कार्यक्रमों के आयोजन किए जाने की जानकारी दी गई है।

जिपं अध्यक्ष का नाम हटाकर मंत्री को बना दिया गया

पूर्व में बांटे गए आमंत्रण पत्र में मुख्य अतिथि जिपं अध्यक्ष रविराज यादव को बनाया जाना बाताया गया है, लेकिन आयोजन के महज एक दिन पूर्व प्रशासन की ओर से इसी आयोजन से संबंधित एक और कार्ड बांटा गया, जिसमें मुख्य अतिथि जिपं अध्यक्ष का नाम हटाकर मंत्री लाल सिंह आर्य को बना दिया गया है।

राजनीतिक हलकों में चर्चा
ऐसा बहुत ही कम होता है कि किसी आयोजन के आमंत्रण पत्र बंट जाने के बाद मुख्य अतिथि को ही बदल दिया जाए। उक्त मामला प्रकाश में आने के बाद यह राजनीति से जुड़े लोगों के बीच चर्चा का विषय रहा है। मामला सत्ता पक्ष से जुड़े नेता का होने के नाते लोग इसे बेहद गंभीरता से ले रहे हैं। वहीं सत्ता पक्ष से जुड़े लोग इसे सामान्य घटनाक्रम मान रहे हैं। पन्ना के पिछड़ेपन के कारण जिले में नेताओं की पहुंच को लेकर अक्सर प्रश्न खड़े किए जाते रहे हैं। इससे उक्त घटनाक्रम के बाद सवाल उठना तो लाजमी है।

तीन दिन तक चलेगा कार्यक्रम
जिला प्रशासन द्वारा आयोजन के संबंध में दी गई सूचना के अनुसार स्थापना दिवस का कार्यक्रम तीन दिन तक चलेगा। पहले दिन के सभी कार्यक्रम पुलिस परेड ग्राउंड में आयोजित किए जाने हैं। जिनमें ध्वजारोहण, राष्ट्रगान, मुख्यमंत्री के संदेश का वाचन, मप्र गान, सांस्कृतिक कार्यक्रम और वंदे मातरम का गायन शामिल हैं।

दूसरे दिन गायन, भजन प्रतियोगिता

दूसरे दिन सुबह 10 बजे से कलेक्ट्रेट परिसर में कार्यक्रम का आयोजन किया जाना है। जिसमें महिलाओं द्वारा लोक गायन, भजन, व्यंजन प्रतियोगिता, स्वस्थ शिशु प्रतियोगिता होगी। इसके अलावा स्वास्थ्य, विविध और सशक्तिकरण से संबंधित कार्यशाला का आयोजन किया जाएगा।

अंतिम दिन खेल प्रतियोगिता

कार्यक्रम के तीसरे और अंतिम दिन नजरबाग स्टेडियम में सुबह 10 बजे से खेल प्रतियोगिताओं का आयेाजन किया जाना है। जिसमें खो-खो, कबड्डी, दंगल, मलखंभ और रस्साकसी की प्रतियोगिताएं होंगी। विजेताओं को पुरस्कार वितरण के साथ तीन दिनी समारेाह का समापन हो जाएगा।

पहले मंत्रीजी को भिंड जाना था। कार्यक्रम में कुछ परिवर्तन हुआ है। अब वे भिंड के बजाए पन्ना कार्यक्रम में आए हैं। यह तो सरकार का नियम है। मंत्री जी मुझसे वरिष्ठ हैं। मैं चित्रकूट विस उप चुनाव के प्रचार कार्यक्रम में हूं। इसलिए कार्यक्रम में हिस्सा नहीं ले पाया।
रविराज यादव, जिपं अध्यक्ष पन्ना