scriptआपकी बात…क्या स्वास्थ्य सेवाएं अब व्यवसाय का रूप ले रही हैं ? | Your view…Is health services now turning into a business? | Patrika News
ओपिनियन

आपकी बात…क्या स्वास्थ्य सेवाएं अब व्यवसाय का रूप ले रही हैं ?

पाठकों की मिलीजुली प्रतिक्रियाएं मिलीं, पेश है चुनींदा प्रतिक्रियाएं…

जयपुरApr 25, 2024 / 03:39 pm

विकास माथुर

स्वास्थ्य सेवाओं में हो पारदर्शिता
भौतिक वृत्ति और धन की लालसा में स्वास्थ्य सेवाएं व्यावसायिक बन गई हैं। जो जितना मशहूर डॉक्टर होगा,वह उतनी ही अधिक जांचें लिखेगा। जांच रिपोर्ट आने के बाद शुरू होता है मरीज को डराने का खेल। इशारों में उसको समझाया जाएगा कि उक्त बीमारी से भविष्य में आपको जान का खतरा हो सकता है। मजबूरन मरीज महंगे ट्रीटमेंट के लिए राजी हो जाता है। इसके अलावा मेडिकल पॉलिसियों का दुरुपयोग कर अस्पताल अधिकारी और मरीज दोनों ही फायदा उठा रहे हैं। स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ से बचना चाहिए। स्वास्थ्य सेवाओं में पूर्ण पारदर्शिता बरती जानी चाहिए।
—आजाद पूरण सिंह राजावत, जयपुर
…………………………………………………….
सरकारी अस्पतालों की दुर्दशा से मरीज महंगे इलाज को विवश
सरकारी अस्पतालों में मुफ्त इलाज होता है। इलाज करवाने के लिए वहां घंटों इंतजार करना होता है। सरकारी अस्पतालों का स्टाफ भी मरीज व उसके परिजनों को परेशान करता है। निजी अस्पतालों में चैकअप व जांचों के नाम पर मोटी फीस ली जाती है। कई नामी अस्पतालों ने इसे बिजनेस बना लिया है। यहां आए दिन नई बीमारियों के नाम सुनने को मिलते है। इनका इलाज केवल निजी अस्पतालों में ही संभव होता है। लोग अपनी जमा पूंजी लुटाने को विवश होते है।
अशोक कुमार शर्मा, जयपुर।
………………………………………………….
सरकार बढाए सरकारी स्वास्थ्य सुविधाएं
स्वास्थ्य सेवाएं मानव के लिए आवश्यक सेवाएं हैं। आश्चर्य की बात है कि सरकार, इतनी आवश्यक सेवाओं के लिए गंभीर नहीं है। बडे बडे निजी अस्पताल खुल रहे हैं। सरकार को आबादी के हिसाब से सरकारी अस्पतालों की संख्या बढ़ानी चाहिए। वहां अच्छी सुविधाएं देनी चाहिए। चिकित्सा अधिकारी, नर्स, तकनीशियन आदि की कमी को दूर करना चाहिए। सरकारी अस्पतालों के डॉक्टरों पर मरीजों का दबाव रहता है। इसकी वजह से मरीजों के प्रति सहानुभूति न के बराबर रहती है। डॉक्टर्स की सोच व्यावसायिक होती जा रही है। उनका निजी प्रेक्टिस पर जोर अधिक रहता है।
—डॉ.अजिता शर्मा, उदयपुर
……………………………………………………
निजी अस्पतालों में इलाज कराना मजबूरी
कोरोना काल में स्वास्थ्य सेवाओं का व्यवसायीकरण स्पष्ट रूप से दिखाई दिया। अस्पतालों में डाॅक्टरों ने अपनी फ़ीस दुगुनी कर दी थी, वहीं दवाओं की भी कालाबाज़ारी हो रही थी। इससे न जाने कितने मरीजों की जान चली गई थी। निजी अस्पतालों में इलाज कराना लोगों की मजबूरी है। वहां मंहगे टेस्ट व दवाइयां लिखी जाती हैं। भारतीयों की कमाई का बड़ा हिस्सा अनचाही बीमारियों में चला जाता है। सरकारी अस्पतालों में दी जाने वाली मुफ़्त दवाओं को भी केमिस्ट गरीब मरीजों को न देकर दूसरे मरीजों से पैसे लेकर बेच देते हैं।
— विभा गुप्ता, मैंगलोर
…………………………………………..
बीमारी को ठीक करने की बजाय अधिक धन कमाना ही लक्ष्य
स्वास्थ्य सुविधाएं पूरी तरह से व्यापार बन चुकी हैं। निजी अस्पताल बीमारियों के पैकेज देते हैं। हॅास्पीटल की बिल्डिंग होटल की तरह बन गई है। इलाज व खाने पीने के लिए कई सुविधाएं मौजूद हैं। व्यक्ति की बीमारी को ठीक करने के बजाय अस्पताल प्रबंधन का लक्ष्य मरीज से अधिक से अधिक धन वसूलना होता है। इसके लिए डीलक्स रूम, वीआईपी सुविधा, अलग अलग तरह के टेस्ट आदि कई माध्यम हैं। दवाइयों व जांचों में डॉक्टरों का कमीशन अलग से है। इस तरह से स्वास्थ्य सुविधाएं पूरी तरह से व्यावसायिक बन गई हैं।
— आशुतोष मोदी, सादुलपुर (चूरु)
……………………………………………
निजी अस्पतालों में महंगा इलाज
स्वास्थ्य सेवाएं पूरी तरह से व्यवसाय बन चुकी हैं। निजी अस्पतालों में जरूरत न होने पर भी मरीज को भर्ती कर लिया जाता है। आवश्यक न होने पर भी जांचें लिख दी जाता हैं, जिससे मरीज को न चाहते हुए भी जांचों में अपना धन व समय खर्च करना पडता है।
— राशि विश्वकर्मा, भोपाल मध्य प्रदेश
……………………………………………
सरकार करेे सख्ती
वर्तमान में चिकित्सा सेवा की बढ़ती लागत, कमीशनखोरी, चिकित्सकों द्वारा प्रलोभन में आकर बड़ी कम्पनियों की महंगी दवाएं लिखना, अपने लाभ के लिए अनावश्यक रूप से जांच कराना आदि से आम आदमी का चिकित्सा पेशे से विश्वास समाप्त होने लगा है। इसके लिए सरकारी चिकित्सकों द्वारा अपनी निजी प्रेक्टिस पर रोक लगानी चाहिए। साथ ही सरकार को भी सख्ती दिखानी होगी।
प्रकाश भगत, कुचामन सिटी, नागौर

Home / Prime / Opinion / आपकी बात…क्या स्वास्थ्य सेवाएं अब व्यवसाय का रूप ले रही हैं ?

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो