scriptIMD Alert: सुपर टाइफून ‘यागी’ बना मानसून की विदाई में रोड़ा, अभी इतने दिन और तबाही मचाएगी बारिश | Super Typhoon Yagi becomes reason of heavy rain IMD Alert monsoon will stay till 25 October | Patrika News
नोएडा

IMD Alert: सुपर टाइफून ‘यागी’ बना मानसून की विदाई में रोड़ा, अभी इतने दिन और तबाही मचाएगी बारिश

IMD Alert: उत्तर भारत में अभी भी मानसून का कहर जारी है। मौसम वैज्ञानिकों ने बताया कि मानसून की विदाई क्यों नहीं हो रही है और मानसून प्रदेश से कब तक जा सकता है।

नोएडाSep 14, 2024 / 10:25 am

Sanjana Singh

Super Typhoon Yagi

Super Typhoon Yagi

IMD Alert: उत्तर प्रदेश समेत पूरे उत्तर भारत में बारिश का सिलसिला जारी है। इससे कई जिलों में बाढ़ जैसे हालात हो गए हैं। इसके साथ ही, बारिश से प्रदेश में नौ लोगों की मौत हो गई है। मेरठ में मकान की छत गिरने से तीन बच्चों की, लिसाड़ी में छज्जा गिरने से एक बच्चे की मौत हो गई। वहीं, बदायूं में लिंटर गिरने से एक, खीरी में कच्ची दीवार गिरने से एक व्यक्ति और मोहम्मदी में मकान पर पेड़ गिरने से बुजुर्ग की जान चली गई। एटा और फिरोजाबाद में दीवार और मकान गिरने से एक बच्चे और वृद्ध की मौत हो गई। 

नहीं दिख रहे मानसून के विदाई के लक्षण

यूपी के कई जिलों में मानसून का कहर जारी है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि इस बार मानसून की विदाई के लक्षण अभी तक नहीं दिख रहे हैं। हर साल एक सितंबर तक मानसून की विदाई शुरू हो जाती है और 25 सितंबर तक यह देश से चला जाता है। इस बार अनुमान है कि मानसून 25 अक्टूबर के बाद तक विदा होगा। 
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, 2021 में मानसून छह अक्टूबर को विदा हुआ था। 2022 में 20 सितंबर और 2023 में 25 सितंबर को मानसून लौट गया था। इस बार बारिश का ढर्रा बुरी तरह बदला हुआ रहा। ज्यादातर इलाकों में पॉकेट रेन (छोटे-छोटे टुकड़ों में बारिश) हुई। बादलों के छोटे-छोटे टुकड़े (सामान्य आकार 100 किमी की तुलना में आधे) बने, जिनमें घर्षण कम हुआ। इससे बादलों का गर्जन भी कम सुना गया। यह बदलाव जलवायु परिवर्तन के कारण माना जा रहा है।

‘यागी’ तूफान की वजह से नहीं हो रही मानसून की विदाई

मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि इस बार मानसून के देर तक टिकने की एक वजह ‘यागी’ तूफान है। दरअसल 2017 के बाद से मानसून वापसी में देरी शुरू हुई थी, जो इस बार उच्चतम स्तर पर देखी जा रही है। पिछले साल 25 सितंबर को मानसून की वापसी धीमी गति से शुरू हुई थी। तब पूरे देश से मानसून की वापसी 19 अक्टूबर को पूरी हुई थी।
यह भी पढ़ें

सीएम योगी का सरकारी नौकरी को लेकर बड़ा ऐलान, लेखपाल, तहसीलदार समेत कई खाली पदों पर जल्द निकलेगी भर्ती

क्या है मानसून की विदाई के लक्षण?

मौसम विशेषज्ञ बताते हैं कि मानसून वापसी के कुछ मानक हैं। जैसे लगातार पांच दिनों तक बारिश की गतिविधियां बंद होनी चाहिए। निचले वायुमंडल में 5000 फीट तक वायुमंडलीय उच्च दबाव क्षेत्र बनना चाहिए। नमी की कमी दिखाई देनी चाहिए।

यूपी में कैसा रहेगा आज का मौसम

उत्तर प्रदेश के बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर बरेली, पीलीभीत एवं आसपास इलाको में भारी से बहुत भारी वर्षा होने की संभावना है। बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, हरदोई, सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, आगरा, फिरोजाबाद, शाहजहांपुर, संभल, बदायूं एवं आसपास इलाकों में भारी वर्षा होने की संभावना है। वहीं, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, हरदोई, फर्रुखाबाद कन्नौज, सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ, गाजियाबाद, हापुड़, गौतम बुद्ध नगर, बुलंदशहर, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, कासगंज, एटा, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत शाहजहांपुर, संभल, बदायूं एवं आसपास इलाकों में मेघ गर्जन एवं वज्रपात होने की संभावना है।

Hindi News/ Noida / IMD Alert: सुपर टाइफून ‘यागी’ बना मानसून की विदाई में रोड़ा, अभी इतने दिन और तबाही मचाएगी बारिश

ट्रेंडिंग वीडियो