नोएडा। यमुना एक्सप्रेस-वे पर गुरुवार को उत्तर प्रदेश सरकार की पूर्व मंत्री कुसुम राय की सुरक्षा में चल रही एस्कॉर्ट की एक प्राइवेट गाड़ी का अचानक टायर फट गया। जिससे गाड़ी कला-बाजियां खाते हुए दूर जा गिरी और गाड़ी में तैनात एक दरोगा और ड्राईवर गम्भीर रूप से घायल हो गए। बताया जा रहा है कि हादसे के बाद भी दारोगा और ड्राइवर छोड़कर दिल्ली चली गई। घायलों को ग्रेटर नोएडा के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार किया जा रहा है।
उत्तर प्रदेश की पूर्व लोक निर्माण मंत्री और पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह की नजदीकी नेता कुसुम राय गुरुवार को लखनऊ से दिल्ली जा रहीं थीं। उनकी सिक्योरिटी में लगे एक दरोगा दूसरी गाड़ी से उनके पीछे चल रहे थे। जैसे ही उनकी तेज रफ़्तार TUV-300 कार यमुना एक्सप्रेस-वे से होते हुए ईकोटेक-1 थाना एरिया में पहुंची, तभी अचानक से गाड़ी का टायर फट गया और उनकी तेज रफ़्तार TUV-300 कार कई पलटे खाते हुए दूर जाकर गिरी।
इस दौरान कार में सवार एक दरोगा दिवाकर सिंह और ड्राईवर गजेन्द्र सिंह गम्भीर रूप से घायल हो गए। दोनों घायलों को किसी तरह गाड़ी से बाहर निकालकर अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है। आपको बता दें कि कुसुम राय 2003 से 2007 के मुलायम सिंह यादव के मुख्यमंत्रित्व काल में कुछ समय तक महत्वपूर्ण मंत्रालय लोकनिर्माण विभाग की मंत्री रहीं थीं। उसके बाद कल्याण सिंह के रसूख के चलते ही उन्हें बाद में भाजपा की ओर से राज्यसभा में भी भेजा गया था। साथ ही एक बार फिर उत्तर प्रदेश में भाजपा की सरकार बनने के बाद उन्हें सुरक्षा के लिए सरकारी गनर और एस्कॉर्ट उपलब्ध कराया गया है। खबर के मुताबिक ड्राईवर और अपनी निजी सुरक्षा में कार्यरत दरोगा की गंभीर हालत के बावजूद भी भाजपा नेता उन्हें तड़पता हुआ छोड़कर दिल्ली चली गईं।
Hindi News / Noida / एक्सीडेंट के बाद दरोगा औऱ ड्राईवर को तड़पता छोड़कर दिल्ली चली गई BJP की ये नेता