समाचार

प्रशासनिक कार्यो में दक्षता के साथ योगदान दे रही नारीशक्तियां

नारीशक्ति विशेष
जिला अधिकारियों के रूप में विभिन्न क्षेत्रों में कर रहीं कार्य
महिलाओं को आत्म निर्भर बनाने कर रहीं कार्य

बालाघाटOct 04, 2024 / 12:30 pm

mukesh yadav

नारीशक्ति विशेष
जिला अधिकारियों के रूप में विभिन्न क्षेत्रों में कर रहीं कार्य
महिलाओं को आत्म निर्भर बनाने कर रहीं कार्य

बालाघाट. जिले में ऐसी कई महिला अधिकारी है, जो अपना योगदान प्रशासन में भी बेहतरी के साथ दे रही है। महिला सशक्तिकरण की दिशा में महिलाओं की भूमिका को भी उजागर कर रही है। महिला अधिकारी अपनी दक्षताओं के बल पर पुरुष अधिकारियों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर चुनोतियों का सामना कर रही है। आज अवसर है मॉ दुर्गा की नारीशक्ति स्वरूपों को जानने का। वर्तमान दौर में महिला अधिकारी जो अपनी शक्तियों से समाज कल्याण की दिशा में आगे बढ़ रही है।
डिप्टी कलेक्टर बन कर रही सेवा
जिला प्रशासन में डिप्टी कलेक्टर जैसे महत्वपूर्ण ओहदे पर माता-पिता के संघर्ष को जाया नहीं होने देने के लक्ष्य के साथ इंजीनियरिंग की। इसके बाद राजनंदनी शर्मा आज डिप्टी कलेक्टर बन कर प्रशासन में जनसुनवाई व सीएम हेल्पलाइन और अनेक शाखाओं का दायित्व संभाल रहीं है। उनका महिलाओं के लिए संदेश है कि आत्म निर्भर बने और स्वयं से भी प्रेम करना न भूलें। महिलाओं के आत्म निर्भर की पक्षधर होकर प्रशासन में अपनी उपयोगिता सिद्ध कर रही है।
मजदूर परिवार में जन्म, अब बनी अधिकारी
भारत सरकार व मप्र शासन की राशन वितरण प्रणाली का बालाघाट में संचालन करने वाली एक महिला अधिकारी ही है। डीएसओ ज्योति बघेल एक मजदूर परिवार में जन्मी और बड़ी होकर माता-पिता के सपनों को साकार कर रही है। आज वो समाज के निचले तबके लोगों के लिए काम करने की इच्छा से कार्यरत है। उनका कहना है कि प्रत्येक महिला को आत्मनिर्भर होना चाहिए। हर परिस्थितियों से लडऩे की हिम्मत रखनी चाहिए। किसी भी इंसान के लिए कुछ भी असंभव नहीं है। डटे रहने से सफलता मिलती है।
जहां चाह वहां राह-
हर व्यक्ति के जीवन में संघर्ष होता है। ऐसा ही संघर्ष बालाघाट में पदस्थ जीएसटी अधिकारी सरिता सिरसाम का भी है। इससे पहले पुलिस विभाग में भी अपनी भूमिका निभाई है। पांच भाई बहनों में चौथे नंबर की होकर गांव और परिवार का नाम रौशन कर रही है। 2 वर्ष की आयु में ही उनके शिक्षक पिता चल बसे। मॉ ने सिलाई सेंटर चलाकर बच्चों को पाला। माता का संघर्ष देख कर ही जीवन में प्रेरणा मिली। आज वो महिलाओं को आगे बढ़ाने की दिशा में कार्य कर रही है। उनका महिलाओं के लिए कहना है कि जहां चाह होती है वहां राह अवश्य है।
महिला कमांडर के हाथों में बटालिय
महिलाए आज हर क्षेत्र में अपना रुतबा और परचम लहरा रही है। उन्हीं में से एक 13 वीं बटालियन बालाघाट की कमांडर तेजिंदर कौर। चंडीगढ़ में एक सामान्य परिवार में जन्मी। माता-पिता के नहीं होने से बिल्कुल सामान्य परिवरिश में पली बड़ी। सपनें बहुत बड़े नहीं देखें लेकिन आत्म निर्भर बनने की दिशा में बढ़ती गई। शिक्षिका बनने के बाद प्रतियोगी परीक्षाओं में शामिल हुई। 24 वर्षो से सशस्त्र बल में महिला अधिकारी होकर कार्य कर रही है। नक्सल गतिविधियों में महिला वज्र के समान साहस रखते हुए टुकड़ी को तैयार कर रही है। वो मानती है कि संविधान ने महिलाओं को हर जगह पहुुंचने का मार्ग बनाया है। बस हौसला और सोच विकसित करनी चाहिए।
सैनिक से कमांडेन्ट तक का सफर
सागर जिले में जन्मी रजनी खटीक का सफर भी कठिनाइयों से भरा रहा। बालाघाट जिले में होमगार्ड एवं आपदा प्रबंधन में डिस्ट्रिक्ट कमांडेन्ट के पद पर पदस्थ होकर महिलाओं के लिए पुरूषों की तरह हर क्षेत्र में समान समानता के लिए निरंतर तत्पर है। मध्यम परिवार से संबंध रखने वाली रजनी खटीक की पढ़ाई में उनकी बहन ने उनका साथ दिया। उन्होंने अपना ग्रेजुएशन कंप्लीट किया। उनके पति ने आगे बढऩे में उनका हौसला बढ़ाया। उन्होंने 1989 में एक महिला सैनिक से ही शुरुआत की और आज खटीक बालाघाट जिले में होमगार्ड एवं आपदा प्रबंधन विभाग में डिस्ट्रिक्ट कमांडेन्ट के पद पर पदस्थ है। आपदा के समय परिवार में महिलाओं की काफी बड़ी भूमिका रहती है। इसके लिए घबराने नहीं बल्कि हिम्मत से काम लेने की महिलाओं को सलाह देती है।
उम्मीदों पर खरा उतरना लक्ष्य रखा
जिला मत्स्य अधिकारी के पद पर पूजा रोडगे ने भी जीवन में संघर्ष कर शासकीय सेवा का सफर पाया। माता पिता की उम्मीदों को पूरा करने का लक्ष्य आगे बढ़ाता रहा। इन्हें माता पिता ने सदैव पढऩे के लिए प्रोत्साहित किया। जूलाजी में एमएससी करने के बाद प्रतियोगी परीक्षा में सफलता ने उन्हें आगे का लक्ष्य दिया। आज वे मत्स्य अधिकारी बनकर महिला किसानों को इस फील्ड में बढ़ावा देने में विशेष रुचि रखती है। महिलाओं के लिए उनका सन्देश यही है कि वे समर्पण के साथ जिस भी क्षेत्र में है वहां शत प्रतिशत योगदान दें।
ये महिला अधिकारी भी दे रहीं योगदान
महिला अधिकारी होने के बावजूद निडरता के साथ वारासिवनी में मिस ब्रांडिंग की खाद और अन्य उत्पादों की धरपकड़ में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभानी वाली प्रतिभा टेंमरे भी महिलाओं के प्रति हमेशा कार्य करने में अग्रणी है। प्रतिभा वरिष्ठ कृषि विस्तार अधिकारी के पद पर कार्य कर रही है। इनके अलावा अंजना जैतवार, श्रम अधिकारी दामिनी सिंह भी महिला अधिकारी होकर अपना योगदान दें रही हैं।

संबंधित विषय:

Hindi News / News Bulletin / प्रशासनिक कार्यो में दक्षता के साथ योगदान दे रही नारीशक्तियां

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.