भीलवाड़ा। नीली वर्दी, चेहरे पर हेलमेट और कड़े तेवर। यह पहचान है कालिका पेट्रोलिंग यूनिट की सदस्यों (महिला कांस्टेबल) की। यूनिट के शहर में गश्त पर उतर आने से मनचलों व समाजकंटकों की अब खैर नहीं रही। यूनिट के हत्थे चढ़े कई मनचले शांतिभंग में हवालात पहुंचे है।
जिले में सार्वजनिक स्थलों एवं अन्य संवेदनशील स्थलों पर महिलाओं एवं बालिकाओं के विरूद्ध होने वाले अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने एवं उनकी सुरक्षा के लिए कालिका पेट्रोलिंग यूनिट मुस्तैद है। पुलिस प्रशासन ने भीलवाड़ा में गत 9 दिसम्बर से यूनिट का गठन किया था। यूनिट में नियोजित महिला पुलिसकर्मी अपने-अपने मुख्यालय के थाना क्षेत्र में सार्वजनिक स्थानों पर ड्यूटी दे रही है। गर्ल्स स्कूल व कॉलेज में अध्ययनरत छात्राओं से सम्पर्क एवं समन्वय स्थापित कर उनकी समस्याओं का निराकरण किया कर रही है।
छह मामलों में कार्रवाई
कालिका पेट्रोलिंग यूनिट महिला-बालिकाओं के साथ होने वाली छीटाकशी एवं मनचलों के खिलाफ छह प्रकरण में निरोधात्मक कार्रवाई कर चुकी है। दो प्रकरण मनचलों के विरूद्ध पंजीबद्ध कराए गए। करीब 11 हजार महिलाओं एवं बालिकाओं के मोबाइल में राजकॉप सिटीजन ऐप डाउनलोड करवा कर 21 हजार महिलाओं एवं बालिकाओं को जागरूक किया।
यूं दिखाई तत्परता
केस- 01
4 मार्च को अभय कमांड सेंटर पर गांधीनगर निवासी दीपिका ने छह वर्षीय मूकबधिर बालिका के कुछ बदमाशों के उठाकर ले जाने की सूचना दी। ड्यूटी दे रही कालिका पेट्रोलिंग यूनिट-2 ने गश्त के दौरान सर्किट हाऊस के पास बालिका को सुरक्षित दस्तयाब कर परिजनों को सौपा।
केस- 02
22 फरवरी 2025 को लग्जरी जीप का चालक एक युवती का गांव से पीछा कर रहा था। सूचना पर कालिका पेट्रोलिंग यूनिट-4 में नियुक्त महिला कांस्टेबल प्रांजल ने त्वरित कार्रवाई की। अजमेर चौराहे पर जीप को डिटेन कर चालक को हिरासत में लिया।
केस-03
20 फरवरी 2025 को कालिका पेट्रोलिंग यूनिट-2 में तैनात सिपाही सुशीला एवं सुमन को कंट्रोल रूम से सूचना मिली कि आजादनगर में महिला के साथ उसका पति व देवर मारपीट कर रहे है। यूनिट ने मारपीट करने वाले पति एवं देवर को डिटेन कर प्रतापनगर थाने पहुंचाया।
महिलाएं एवं छात्राओं की सुरक्षा अहम
जिले में कुल 12 कालिका पेट्रोलिंग यूनिट गठित है। जिले के 12 पुलिस थानों में निर्धारित किया जाकर प्रत्येक यूनिट में चार महिला कांस्टेबल नियुक्त है। इनकी ड्यूटी दो शिफ्ट में निर्धारित कर रखी है। एएसपी अदिति चौधरी की निगरानी में यूनिट काम कर रही है। यूनिट की ड्यूटी निगरानी अभय कमांड सेंटर एवं पुलिस कंट्रोल रूम कर रहा है। नारी शक्ति के साथ अपराध या छेड़छाड़ का प्रयास हो तो पुलिस सहायता नंबर 100, 112, 1090 एवं पुलिस नियंत्रण कक्ष, हेल्प लाइन नंबर 01482-232011 डायल कर मदद प्राप्त की जा सकती है। राजकॉप सिटीजन ऐप भी फीचर का उपयोग कर यूनिट की मदद ली जा सकती है।
– धर्मेन्द्र सिंह यादव, पुलिस अधीक्षक