इस तरह निकाली गईं रिक्तियां 13 जुलाई 2023 को निदेशालय नागरिक सुरक्षा ने भर्तियों एवं प्रशिक्षण के लिए 10300 रिक्तियां निकाली। इनमें अलवर जिले में 300 नव नागरिक सुरक्षा स्वयंसेवक भर्ती करने के लिए सभी उपखंड अधिकारियों को 11 दिसंबर 2023 को पत्र लिखा गया। ये पत्र एडीएम द्वितीय एवं उप नियंत्रक नागरिक सुरक्षा की ओर से जारी हुआ। इसमें लिखा कि प्रत्येक उपखंड से 16-16 सदस्य एवं अलवर उपखंड से 44 सदस्यों की नियुक्ति की जानी है। 2 जनवरी 2024 तक आवेदन मांगे गए थे। शारीरिक दक्षता व दौड़ प्रशिक्षण के बाद चयन समिति ने नागरिकों का चयन किया और 204 नागरिकों की पहली सूची जारी कर दी। बताते हैं कि अधिकांश नागरिकों से कार्य लिया जा रहा है। इनकी मासिक पगार भी 22 हजार रुपए तक पहुंची है। हालांकि ये जांच का विषय है।
कठूमर में ऐसे हुआ खेल 204 नागरिकों की जारी सूची में उपखंड कठूमर में 16 की बजाय 36 नागरिकों का चयन किया गया है। अभी दूसरी सूची आना और बाकी है। माना जा रहा है कि कठूमर से ही करीब 50 नागरिकों का चयन हो जाएगा। पहली सूची में ग्राम पोस्ट जाडला के ही 12 नागरिकों का चयन कर लिया गया। इसी उपखंड में टिटपुरी के भी कई नागरिक शामिल किए गए हैं।
लक्ष्मणगढ़ में भी ज्यादा नागरिकों का चयन इसी तरह लक्ष्मणगढ़ में 19 नागरिकों का चयन किया गया है, जिसमें नारनौल खुर्द ग्राम पंचायत के ही 5 नागरिक लिए गए हैं। अलवर उपखंड से जहां 44 नागरिकों को लेना था, वहां कम लिए गए। मुंडावर, रैणी से भी कम लोगों का चयन हुआ। इस पूरी भर्ती प्रक्रिया पर आवेदनकर्ताओं ने सवाल उठाए हैं। कहा है कि आपदा प्रबंधन का कोर्स जिन छात्रों ने किया था, उनका चयन नहीं हुआ। ऐसे में पूरी भर्ती निरस्त की जानी चाहिए। दोषियों पर कार्रवाई भी होगी। ये भी कहा है कि मिनी सचिवालय में ही काम करने वाले कुछ लोगों का चयन कर लिया गया। उनकी सिफारिशें बड़ी थीं।