नई दिल्ली

नए भारत में अपार ऊर्जा और अवसर: बिरला

-भारतीय प्रवासियों की उपलब्धियों पर सभी भारतीयों को गर्व

-बिरला की कार्यप्रणाली जानने की विश्व के संसदों के अध्यक्षों में उत्सुकता

नई दिल्लीOct 16, 2024 / 11:08 am

Shadab Ahmed

जिनेवा/नई दिल्ली। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा कि विश्व के सबसे युवा और तेजी से प्रगति कर रहे देशों में से भारत एक है। नए भारत में अपार ऊर्जा और अवसर मौजूद है। उन्होंने कहा कि पिछले दशक में हुई प्रगति से 250 मिलियन लोगों की गरीबी दूर हुई है। वहीं उन्होंने भारतीय प्रवासियों की उपलब्धियों को सभी भारतीयों के गर्व से जोड़ा। भारतीय प्रवासी देश के ब्रांड एंबेसडर हैं और वे जिस देश में भी रहते हैं, वहां पारिवारिक संबंधों और सद्भाव को बढ़ावा देते हैं।
लोकसभा अध्यक्ष बिरला ने यह बातें जिनेवा में भारतीय प्रवासियों के सम्मेलन में कही। बिरला जिनेवा में 149 वीं अंतर संसदीय संघ (आईपीयू) एसेम्बली में भारतीय संसदीय शिष्टमंडल (आईपीडी) का नेतृत्व कर रहे हैं। बिरला ने कहा कि आईपीयू एसेम्बली में भारत की सक्रिय भागीदारी भारत की संसदीय कूटनीति की मजबूती को दर्शाती है। बल्कि साझा वैश्विक चुनौतियों के समाधान के उद्देश्य से वैश्विक संवाद में भारत की महत्वपूर्ण भूमिका को भी उजागर करती है। बिरला ने यह भी कहा कि विविधता और समावेशिता ही भारतीय समुदाय की विशेषता है। उन्होंने वैश्विक चुनौतियों के समाधान में भारत की ओर से निभाई जा रही अग्रणी भूमिका का उल्लेख करते हुए इस आत्मविश्वास का श्रेय सशक्त नेतृत्व और भारतवासियों व प्रवासियों की शक्ति और सामर्थ्य को दिया। बिरला ने कहा कि जिनेवा में रह रहे भारतीय समुदाय ने अपने देश के लिए प्रेम के साथ ही स्थानीय अर्थव्यवस्था और सांस्कृतिक विरासत में योगदान का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया है। उन्होंने प्रवासियों को दशहरा और दिवाली की शुभकामनाएं दी।

भारत-स्विट्जरलैंड के बीच सौहार्दपूर्ण संबंध

बिरला ने भारत और स्विट्जरलैंड के बीच गुटनिरपेक्षता और तटस्थता जैसे साझा मूल्यों पर आधारित दीर्घकालिक सौहार्दपूर्ण संबंधों का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि दोनों देशों में व्यापार, निवेश, प्रौद्योगिकी, शिक्षा और पर्यावरण के क्षेत्रों में भारत-स्विस सहयोग बढ़ रहा है।

बिरला से मिलने की होड़

जिनेवा में विश्व की कई संसदों के अध्यक्षों में बिरला से मुलाकात की होड़ लगी रही। इंटर-पार्लियामेंटरी यूनियन के सम्मलेन के दौरान विभिन्न राष्ट्रों के संसद प्रमुखों ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला से मुलाकात की तो वे बातचीत के दौरान बिरला से उनकी कार्यप्रणाली का राज जानने को उत्सुक नजर आए। उनसे अन्य अध्यक्षों ने संयमित और मुस्कुराते हुए संसद की कार्यवाही संचालित करने, सांसदों से आत्मीय संबंध बनाने और संसदीय प्रणाली में सुधार की प्रक्रियाओं को प्रभावी बनाने के गुर जाने। उनसे मिलने वालों में सेशेल्स की नेशनल असेंबली के स्पीकर रोजर मैनसिएन, ओमान स्टेट काउंसिल की कंसलटेटिव एसेम्बली के स्पीकर खालिद अल मावली, नामीबिया की नेशनल असेंबली के स्पीकर पीटर कजाविवि प्रमुख रहे।

आईपीयू की प्रेसिडेंट से मुलाकात

लोक सभा अध्यक्ष बिरला ने अंतर संसदीय संघ (आईपीयू) की प्रेसिडेंट तुलिया एक्सन से मुलाकात की। इस अवसर पर बिरला ने कहा कि भारत न केवल सबसे बड़ा लोकतंत्र है, बल्कि यहां सबसे अधिक भौगोलिक, धार्मिक, भाषाई, सांस्कृतिक और जातीय विविधता भी है। उन्होंने कहा कि सहिष्णुता और बहुलवाद के सिद्धांत भारतीय समाज के लिए महत्वपूर्ण हैं और हमारी संसदीय प्रणाली के मार्गदर्शक हैं।

Hindi News / New Delhi / नए भारत में अपार ऊर्जा और अवसर: बिरला

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.