नई दिल्ली

कंपनी ने कर्मचारियों को दिवाली गिफ्ट में बांटीं 28 कारें, 29 बाइक; शादी के लिए एक लाख

बड़े दिलवाले : कड़ी मेहनत और समर्पण को देखते हुए दिए महंगे तोहफे

नई दिल्लीOct 14, 2024 / 01:53 am

ANUJ SHARMA

चेन्नई. दिवाली पर कर्मचारियों को महंगे गिफ्ट के लिए गुजरात के हीरा व्यापारी सावजी ढोलकिया को जाना जाता है। अब चेन्नई की एक कंपनी के मालिक ने भी ऐसा कुछ किया है। उन्होंने अपने कर्मचारियों को 28 कारें और 29 बाइक गिफ्ट की हैं। कारों में हुंडई, टाटा, मारुति सुजुकी और मर्सिडीज बेंज शामिल हैं। कर्मचारियों को शादी के लिए एक लाख रुपए भी दिए जा रहे हैं। पहले यह रकम 50 हजार रुपए थी। इस साल इसे बढ़ा दिया गया।
टीम डिटेलिंग सॉल्यूशंस नाम की कंपनी स्ट्रक्चरल स्टील डिजाइन और डिटेलिंग सर्विस से जुड़ा कारोबार करती है। एक अधिकारी के मुताबिक कर्मचारियों की कड़ी मेहनत और समर्पण को देखते हुए महंगे गिफ्ट दिए गए। कंपनी में करीब 180 कर्मचारी हैं। कंपनी के मैनेजिंग डायरेक्टर श्रीधर कन्नन ने कहा, हम कंपनी की कामयाबी में उनके (कर्मचारियों) अथक प्रयासों की प्रशंसा करना चाहते थे। कर्मचारी हमारी सबसे बड़ी संपत्ति हैं।
उपलब्धियों पर गर्व

कर्मचारियों के योगदान को उनके प्रदर्शन और कंपनी में कितने साल काम किया है, इसके आधार पर मापा गया। कंपनी ने कहा, हमारे कर्मचारियों ने असाधारण प्रतिबद्धता और समर्पण का प्रदर्शन किया। हमें उनकी उपलब्धियों पर गर्व है।
ऐसे होता है चुनाव

कंपनी ऐसे कर्मचारियों का चयन करती है, जो गिफ्ट से काफी प्रेरित होते हैं। इन कर्मचारियों के लिए कार या बाइक खरीदना सपने जैसा होता है। कर्मचारियों को पहले भी बाइक उपहार में दी जाती रही हैं। दो सीनियर कर्मचारियों को 2022 में कारें गिफ्ट में दी गई थीं।

Hindi News / New Delhi / कंपनी ने कर्मचारियों को दिवाली गिफ्ट में बांटीं 28 कारें, 29 बाइक; शादी के लिए एक लाख

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.