नई दिल्ली

सुबह-दोपहर-शाम मोदी-केजरीवाल देते हैं एक दूसरे को गालियां:पायलट

-वजीरपुर, कस्तूरबानगर में कांग्रेस महासिचव ने की सभाएं

नई दिल्लीJan 31, 2025 / 09:51 am

Shadab Ahmed

नई दिल्ली। कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव सचिन पायलट ने कहा कि दिल्ली में हालात बदतर हो रहे हैं। इसके लिए भाजपा और आम आदमी पार्टी बराबर की जिम्मेदार है। उन्होंने कहा कि सुबह, दोपहर और शाम प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल एक-दूसरे को गालियां देकर नीचा दिखाने की कोशिश करते हैं। दिल्ली की जनता की ओर उनका ध्यान नहीं है।
पायलट ने गुरुवार को वजीरपुर में कांग्रेस उम्मीदवार रागिनी नायक और कस्तूरबानगर के कोटला में कांग्रेस उम्मीदवार अभिषेक दत्त के समर्थन में सभाएं की। इस दौरान उन्होंने कहा कि यह चुनाव दिल्ली के भविष्य का है। दिल्ली की जनता ने भाजपा और आप को 10-11 साल से भरपूर मौका दिया है। केन्द्र में भाजपा और दिल्ली प्रदेश में आप सत्ता में है। इसके बावजूद दिल्ली की जनता गंदा पानी पीने को मजबूर है। खस्ताहाल सडक़ों पर लोग चलते हैं। उन्होंने कहा कि मोदी और केजरीवाल एक दूसरे पर कीचड़ उछालने का कोई मौका नहीं छोड़ते हैं। जबकि दिल्ली की जनता को टकराव व नफरत पसंद नहीं है। उन्होंने कहा कि केन्द्र की तत्कालीन मनमोहन सरकार और दिल्ली की शीला दीक्षित सरकार ने मिलकर काम कर दिल्ली के विकास को नई पहचान दी थी। आज एक पार्टी शीशमहल कहती है तो दूसरी पार्टी राजमहल की बात करती है। चुनाव को नाक का सवाल बना रखा है। इसमें जनता पिस रही है। उन्होंने कहा कि आप का काम अखबारबाजी, पोस्टर निकालना और वहाट्स अप करना भर है। हकीकत इससे बेहद अलग है और जनता परेशान है। उन्होंने कांग्रेस की गारंटियों का जिक्र कर चुनाव में जनता से वोट मांगा।

राजस्थान प्रवासियों पर नजर

वैसे तो पायलट कांग्रेस के लिए लगभग सभी राज्यों में प्रचार करते दिखते हैं। दिल्ली में भी वह लगातार सक्रिय है। दिल्ली में राजस्थानी प्रवासियों की अच्छी खासी बताई जाती है। राजस्थानियों को साधने के लिए कांग्रेस ने पायलट समेत कई नेताओं को चुनाव में उतार रखा है।

लगे आइ लव यू सचिन के नारे

कस्तूरबा नगर के कोटला मुबारकपुर में सभा के दौरान आइ लव यू सचिन पायलट के नारे भी लगाए गए। सभा में मौजूद लोगों ने पायलट के समर्थन में जमकर नारेबाजी की। इस पर पायलट ने लोगों के स्नेह का आभार भी जताया।

Hindi News / New Delhi / सुबह-दोपहर-शाम मोदी-केजरीवाल देते हैं एक दूसरे को गालियां:पायलट

Copyright © 2025 Patrika Group. All Rights Reserved.