bell-icon-header
नई दिल्ली

Delhi: विवादित नारेबाजी मामले में दर्ज हुई FIR, अश्विनी ने कमिश्नर को लिखी ‘चिट्ठी’

जंतर-मंतर पर विवादित नारेबाजी मामले में दिल्ली पुलिस ने एफआईआर दर्ज की है। पुलिस वायरल वीडियो के माध्यम से आरोपियों की पहचान कर रही है।

नई दिल्लीAug 09, 2021 / 12:23 pm

Nitin Singh

जंतर-मंतर पर प्रदर्शन

नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली के जंतर-मंतर पर भारत छोड़ो आंदोलन की वर्षगांठ पर प्रदर्शन के दौरान भड़काऊ भाषण और विवादित नारेबाजी करने के मामले में दिल्ली पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है। यह एफआईआर दिल्ली के कनॉट प्लेस पुलिस स्टेशन में दर्ज की गई है। पुलिस ने बताया कि वायरल वीडियो के आधार पर अब आरोपियों की पहचान की जा रही है। जल्द ही आरोपी सलाखों के पीछे होंगे।
क्या है पूरा मामला

8 अगस्त को राजधानी दिल्ली के जंतर-मंतर के पास कुछ संगठनों ने भारत छोड़ो आंदोलन की वर्षगांठ पर प्रदर्शन किया था। इस दौरान अंग्रेजों के जमाने के कुछ कानूनों का वापस लेने की मांग की गई। जानकारी के मुताबिक इसी दौरान प्रदर्शन में शामिल कुछ लोगों ने विवादित नारेबाजी की, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
दिल्ली पुलिस के अधिकारी ने बताया कि इस संबंध में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। पुलिस को सोशल मीडिया से कुछ वीडियो मिले हैं। इन वीडियो के आधार पर नारेबाजी करने वाले लोगों की पहचान की जा रही है। पुलिस सक्रियता से अपना काम कर रही है। जल्द ही सभी आरोपी सलाखों के पीछे होंगे।
अश्विनी उपाध्याय ने कमिश्नर को लिखी चिट्ठी

इस मसले पर सफाई देते हुए अश्विनी उपाध्याय ने कहा कि वह नहीं जानते प्रदर्शन के दौरान नारेबाजी करने वाले कौंन लोग थे। उन्होंने इस मामले में कमिश्नर को चिट्ठी भी लिखी है। चिट्ठी में उन्होंने लिखा कि नारे लगाने वालों से उनका कोई लेना-देना नहीं है। कुछ लोग मुझे बदनाम करने के लिए मेरा नाम लेकर यह वीडियो ट्विटर, फेसबुक और वाट्सएप पर शेयर कर रहे हैं जबकि वीडियो में दिख रहे लोगों को न तो मैं जानता हूं, न तो इनमें से किसी से मिला हूं और न तो इन्हें बुलाया गया था।
यह भी पढ़ें

स्वतंत्रता दिवस से पहले दिल्ली हाई अलर्ट, राजधानी में लगे 6 मोस्टवांटेड आतंकियों के पोस्टर

पुलिस के मुताबिक जिस कार्यक्रम के दौरान ये विवादित नारेबाजी की गई है, उसका आयोजन अश्विनी उपाध्याय ने किया था। यही नहीं उन्होंने इस कार्यक्रम के संबंध में ट्वीट भी किया था। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा ‘मुझे विश्वास है कि आजादी की 75वीं वर्षगांठ (15 अगस्त 2022) से पहले सभी अंग्रेजी कानूनों को समाप्त कर नया कानून बन जाएंगे।

Hindi News / New Delhi / Delhi: विवादित नारेबाजी मामले में दर्ज हुई FIR, अश्विनी ने कमिश्नर को लिखी ‘चिट्ठी’

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.