नई दिल्ली

MCD Elections: एमसीडी चुनाव के लिए भाजपा ने जारी की 232 उम्मीदवारों की सूची, दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष आदेश गुप्ता बोले सेवा भाव के तहत चुने उम्मीदवार

दिल्ली भाजपा की तरफ से शनिवार को एमसीडी चुनाव 2022 के मद्देनजर 232 उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी गई है। इनमें से 126 महिला उम्मीदवार हैं। भाजपा ने विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखते हुए उम्मीदवारों की सूची जारी की है। भाजपा के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष आदेश गुप्ता ने एमसीडी चुनाव की यह सूची जारी की है। आदेश गुप्ता ने कहा है कि राष्ट्रीय नेतृत्व की संस्तुति के साथ जारी इस सूची में समाज के सभी वर्गों को प्रतिनिधित्व दिया गया है।

नई दिल्लीNov 12, 2022 / 11:22 pm

Rahul Manav

भाजपा के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष आदेश गुप्ता ने शनिवार को एमसीडी चुनाव के मद्देनजर 232 उम्मीदवारों की सूची जारी की।

एमसीडी चुनावों के लिए उम्मीदवारों की लिस्ट जारी करते हुए भाजपा के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष आदेश गुप्ता ने कहा कि हम कह सकते हैं कि दिल्ली भाजपा ने समाज के सभी वर्गों से उत्कृष्ट प्रत्याशी छांट कर दिल्ली नगर निगम में जनता की सेवा के लिए समर्पित किए हैं। वहीं, पूर्वी दिल्ली के पूर्व मेयर और दिल्ली भाजपा के महामंत्री हर्ष मल्होत्रा ने कहा कि जिस प्रकार दिल्ली की जनता का पिछले 15 सालों से आशीर्वाद मिल रहा है। उससे हमें पूर्ण विश्वास है कि दिल्ली भाजपा चौथी बार भी निगम का चुनाव बड़े बहुमत से जीतते हुए लोगों की सेवा करेगी। सूची में पार्टी ने 9 पूर्व महापौरों, 52 पूर्व पार्षदों, 3 विधानसभा चुनाव लड़ चुके उम्मीदवारों के आलावा दो प्रदेश पदाधिकारियों, 4 जिला अध्यक्षों के साथ ही तीन डाक्टरों को भी चुनाव मैदान में उतारा है।
लोकप्रियता, विभिन्न रायशुमारी व सेवा भाव के तहत चुने उम्मीदवार

आदेश गुप्ता ने कहा कि हमने उम्मीदवार चुनते हुए उनके सेवा भाव के साथ ही विभिन्न रायशुमारी एवं सर्वे में उनकी लोकप्रियता पर भी ध्यान दिया है। हर्ष मल्होत्रा ने बताया कि उम्मीदवारों में 23 पंजाबी, 21 वैश्य, 42 ब्राह्मण, 34 जाट, 26 पूर्वांचली, 22 राजपूत, 17 गुर्जर, 13 जाटव, 9 वाल्मीकि, 9 यादव, 1 सिंधी, 2 उत्तराखंडवासी के साथ ही 7 सिख, 3 मुस्लिम और 1 जैन समाज के कार्यकर्ता को सेवा का मौका दिया है। इसके आलावा पार्टी ने 1 बलाई, 2 भूमिहार, 2 धानक, 3 धोबी, 1 कश्यप, 1 कायस्थ, 2 कोली, 1 कुशवाह, 1 लोहार, 1 सैनी, 1 सुनार, 2 स्वर्णकार समाज से जुड़े उत्कृष्ट कार्यकर्ताओं को भी आज की सूची में स्थान दिया है।
11 नवंबर को हुई दिल्ली चुनाव समिति की बैठक

एमसीडी चुनाव के लिए भाजपा के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष आदेश गुप्ता की अध्यक्षता में भाजपा दिल्ली चुनाव समिति की बैठक राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और प्रदेश प्रभारी बैजयंत जय पांडा और राष्ट्रीय मंत्री व प्रदेश सह प्रभारी डॉ अलका गुर्जर के नेतृत्व में 11 नवंबर को संपन्न हुई। बैठक में प्रदेश चुनाव समिति के अन्य सदस्य भी मौजूद रहे। साथ ही समिति ने मंडलों, जिलों के साथ-साथ राज्य के वरिष्ठ नेताओं व कार्यकर्ताओं से जानकारी लेने के बाद विचार-विमर्श किया गया।

Hindi News / New Delhi / MCD Elections: एमसीडी चुनाव के लिए भाजपा ने जारी की 232 उम्मीदवारों की सूची, दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष आदेश गुप्ता बोले सेवा भाव के तहत चुने उम्मीदवार

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.