राष्ट्रीय

Delhi CM चुने जाने के बाद आतिशी ने क्या कहा?

Delhi New CM Atishi ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि दिल्ली की जनता की सेवा करते हुए उनका एक ही मकसद है कि दिल्ली के मुख्यमंत्री पद पर एक बार फिर से अरविंद केजरीवाल को पदासीन किया जाए। हम सब उस दिशा में काम करेंगे।

नई दिल्लीSep 18, 2024 / 02:12 pm

Anand Mani Tripathi

Delhi New CM Atishi : आम आदमी पार्टी की वरिष्ठ नेता एवं दिल्ली सरकार की सबसे अधिक विभाग वाली मंत्री आतिशी अब मुख्यमंत्री बनने जा रही हैं। दिल्ली सरकार के मंत्री गोपाल राय ने इस बारे में घोषणा करते हुए कहा कि दिल्ली की जनता जब तक अरविंद केजरीवाल को अपना आर्शीवाद नहीं देती है वह मुख्यमंत्री पद पर नहीं बैठेंगे। मुख्यमंत्री पद के लिए विधायक दल का नेता चुने जाने पर आतिशी ने पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि वह दिल्ली के लोकप्रिय मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के नेता और मेरे गुरु अरविंद केजरीवाल का धन्यवाद करना चाहती हैं।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने उन्हें इतनी बड़ी ज़िम्मेदारी दी है और भरोसा किया। पहले उन्होंने विधायक बनाया, मंत्री बनाया और आज मुख्यमंत्री बना रहें हैं। उन्होंने कहा कि उन्हें इस बात का दुख भी है कि आज अरविंद केजरीवाल इस्तीफ़ा दे रहे हैं। वह दिल्ली की दो करोड़ जनता की तरफ़ से यही कहना चाहेंगी कि दिल्ली का एक ही मुख्यमंत्री है और उसका नाम अरविंद केजरीवाल है।

…नहीं तो बंद हो जाएगी फ्री बिजली

भावी मुख्यमंत्री आतिशी ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि अरविंद केजरवाल के इस्तीफे वाले फैसले से जनता दुखी है। वह उन्हें फिर से मुख्यमंत्री बनना देखना चाहती है। जनता जानती है कि केजरीवाल की वजह से उन्हें फ्री बिजली, अच्छे सरकारी स्कूल और सरकारी अस्पतालों में फ्री दवाओं की सुविधा मिल रही है। वह अगर सरकार में नहीं आते हैं तो आम आदमी को मिल रही यह सुविधाएं मिलना बंद हो जाएंगी। बसों में महिलाओं की फ्री में यात्रा बंद हो जाएगी। मोहल्ला क्लीनिक भी बंद हो जाएंगे।
22 राज्यों में सरकार फिर भी जनसुविधा बंटाधार

दिल्ली की मुख्यमंत्री बनने जा रही आतिशी ने भारतीय जनता पार्टी पर हमला करते हुए कहा कि इस पार्टी की भारत में 22 राज्यों में सरकार है लेकिन इनके किसी भी राज्य में जनता के लिए सुविधाएं नहीं हैं। कहीं भी जनता को कोई भी सुविधा नहीं दे पा रही हैं। फिर चाहे वह शिक्षा की बात हो या चिकित्सा की। सभी क्षेत्रों में इनकी हालत खराब है।

अरविंद केजरीवाल को सीएम बनाना ही मकसद

आतिशी ने कहा कि जब तक वह मुख्यमंत्री पद का पदभार संभालेंगी। इस दौरान उन्हें एक ही लक्ष्य दिखाई दे रहा है। उनका एक ही मकसद है सिर्फ और सिर्फ अरविंद केजरीवाल को पुन: मुख्यमंत्री बनाना। वह जब तक इस पद पर हैं उनका यही संघर्ष है। दिल्ली के लोगों की रक्षा के लिए लगातार कोशिश जारी रखेंगी। अरविंद केजरीवाल के संरक्षण में वह लगातार विकास का कार्य करती रहेंगी।

Hindi News / National News / Delhi CM चुने जाने के बाद आतिशी ने क्या कहा?

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.