रेल मंत्री ने बताया कि पिछले 10 वर्षों में रेलवे ने 5 लाख नौकरियां दी हैं, जबकि यूपीए सरकार के 10 वर्षों के दौरान 4 लाख नौकरियां दी गई थीं। सरकार रेलवे में रोजगार के नए अवसर पैदा करने के लिए लगातार प्रयासरत है।
Indian Railways: भारतीय रेलवे तेजी से अपने बुनियादी ढांचे और क्षमताओं का विस्तार कर रहा है। रेलवे ट्रैक से लेकर बोगी और इंजन तक को अपग्रेड किया जा रहा है, जिससे यात्रा तेज और अधिक सुरक्षित हो सके। हाल के वर्षों में भारतीय रेलवे न केवल देश के भीतर बल्कि वैश्विक स्तर पर भी अपनी उपस्थिति दर्ज करा रहा है। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने संसद में बताया कि भारत अब कई देशों को रेलवे इंजन, कोच और अन्य संबंधित उपकरण निर्यात कर रहा है।
रेल मंत्री ने जानकारी दी कि भारतीय रेलवे ब्रिटेन, फ्रांस, ऑस्ट्रेलिया, जर्मनी, इटली, स्पेन और रोमानिया सहित कई देशों को विभिन्न रेल उत्पाद निर्यात कर रहा है। पिछले एक दशक में रेलवे ने निर्माण क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है, जिसका सकारात्मक असर अब दिखने लगा है। रेलवे द्वारा किए गए कुछ प्रमुख निर्यात निम्नलिखित हैं:
—मेट्रो कोच: ऑस्ट्रेलिया
— बोगी: ब्रिटेन, सऊदी अरब, फ्रांस, ऑस्ट्रेलिया
—प्रोपल्शन सिस्टम: फ्रांस, मेक्सिको, रोमानिया, स्पेन, जर्मनी, इटली
—यात्री कोच: मोजाम्बिक, बांग्लादेश, श्रीलंका
— लोकोमोटिव: मोजाम्बिक, सेनेगल, श्रीलंका, म्यांमार, बांग्लादेश
रेल मंत्री ने यह भी घोषणा की कि जल्द ही बिहार के सारण जिले के मार्होरा से लोकोमोटिव का निर्यात शुरू होगा। यहां से 100 से अधिक लोकोमोटिव निर्यात किए जाने की योजना है। इससे बिहार वैश्विक रेलवे बाजार में एक प्रमुख विनिर्माण केंद्र के रूप में उभरेगा। इसके अलावा, तमिलनाडु में फोर्ज़ व्हील्स का उत्पादन किया जाएगा और इसे भी अंतरराष्ट्रीय बाजार में भेजा जाएगा।
रेल मंत्री ने बताया कि पिछले 10 वर्षों में रेलवे ने 5 लाख नौकरियां दी हैं, जबकि यूपीए सरकार के 10 वर्षों के दौरान 4 लाख नौकरियां दी गई थीं। सरकार रेलवे में रोजगार के नए अवसर पैदा करने के लिए लगातार प्रयासरत है।
रेलवे मंत्री ने बताया कि देश के कुछ राज्यों में रेलवे परियोजनाओं को लेकर अड़चनें आ रही हैं।
—केरल: रेलवे फ्लाईओवर परियोजना को राज्य सरकार से सहयोग नहीं मिल पा रहा है।
—पश्चिम बंगाल: जमीन अधिग्रहण में समस्या आ रही है, जिससे कई प्रोजेक्ट रुके हुए हैं।
—हरियाणा, राजस्थान, मध्य प्रदेश: इन राज्यों में रेलवे परियोजनाएं तेजी से आगे बढ़ रही हैं।
रेलवे अब सेमी हाई-स्पीड ट्रेन के बाद बुलेट ट्रेन परियोजना पर भी जोर दे रहा है। इस दिशा में तेजी से काम हो रहा है और जल्द ही भारत में बुलेट ट्रेन सेवा शुरू होने की उम्मीद है। भारतीय रेलवे के इन प्रयासों से न केवल देश की परिवहन व्यवस्था बेहतर होगी, बल्कि वैश्विक बाजार में भारत की साख भी मजबूत होगी।